ब्रेकिंग न्यूज अज्ञात हमलावर के वार से 80 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल, गांव में दहशत

सुशील जायसवाल

 

 

कोरबा/कोरबी चोटिया: जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र कोरबी चौकी अंतर्गत ग्राम बर्रा से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात हमलावर ने घर में सो रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात लगभग 11 बजे हीरा सिंह (80 वर्ष), पिता सुंदर सिंह सरुता, अपने घर में खाट पर सो रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया, जिससे बुजुर्ग का बायां कान और गला गंभीर रूप से कट गया, वहीं बाईं आंख भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर फूट गई।

हमले के बाद बुजुर्ग लहूलुहान हालत में बेहोश हो गए। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुका था। घायल वृद्ध को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही कोरबी चौकी प्रभारी एएसआई सुरेश कुमार जोगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

हालांकि, सोशल मीडिया पर चोरों के गिरोह के सक्रिय होने की चर्चा चल रही है, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने सुरक्षा बढ़ाने और रात में गश्त तेज करने की मांग की है।