टोयोटा शो-रूम के पास ट्रेलर रोककर लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
✍️ भागीरथी यादव बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में ट्रेलर वाहन को रोककर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर ट्रेलर चालक से मोबाइल, नकदी और बिल्टी पेपर लूट लिए थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने 6 मार्च 2026 को थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसी दिन तड़के करीब 3:10 बजे टोयोटा शो-रूम के पास एक टाटा पंच कार में सवार दो युवकों ने ट्रेलर वाहन को रुकवाया। दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए वाहन के कागजात (बिल्टी) दिखाने को कहा। जब चालक कागजात नहीं दिखा पाया तो आरोपियों ने उससे नकदी, मोबाइल फोन और ट्रेलर का बिल्टी पेपर छीन लिया और मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए चकरभाठा पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम यशराज यादव (22 वर्ष) निवासी जांजगीर हाल निवासी अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर और सुमित दुबे (27 वर्ष) निवासी सरसीवा जिला सारंगढ़ हाल निवासी अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विवो कंपनी का मोबाइल, नकदी, ट्रेलर का बिल्टी पेपर और घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की टाटा पंच कार जब्त कर ली है। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 26 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया है।
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
पामगढ़ जांजगीर। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय तक युवती का दैहिक शोषण करता रहा और बाद में शादी से मुकर गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की। मिली जानकारी के अनुसार पामगढ़ थाना क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता ने 18 फरवरी को पामगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि उसकी पहचान कोमल प्रसाद निवासी मानपुर, थाना फास्टरपुर जिला मुंगेली से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत के बाद दोस्ती हो गई। इसी दौरान आरोपी ने युवती को शादी का प्रस्ताव दिया और जल्द ही शादी करने का भरोसा दिलाया। पीड़िता का आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया। इसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विजयपुरम गेट के पास तलवार लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, सरकंडा पुलिस की कार्रवाई
✍️ भागीरथी यादव बिलासपुर। थाना सरकंडा क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को तलवार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विजयपुरम गेट के पास एक व्यक्ति तलवार लेकर घूम रहा है, जिससे क्षेत्र में अशांति फैलने की आशंका है। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कीर्ति कुमार पोर्ते बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक तलवार बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जप्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत में सीमा विधानी प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त
तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत द्वारा संगठन विस्तार के तहत महत्वपूर्ण नियुक्ति की घोषणा की गई है। अध्यक्ष अमर गिदवानी की अनुशंसा पर महासचिव जितेन्द्र बड़वानी तथा महिला विंग की अध्यक्ष भावना कुकरेजा की सहमति से सीमा विधानी को प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है। इस संबंध में महापंचायत के प्रवक्ता दिनेश आठवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। सीमा विधानी को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर समाज के लोगों में हर्ष का माहौल है और उन्हें लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं। तिल्दा-नेवरा में पुंज्या सिंधी पंचायत के अध्यक्ष शमनलाल खूबचंदानी ने सीमा विधानी को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुभव और सक्रियता से समाज को नई दिशा मिलेगी। वहीं छत्तीसगढ़ सिंधी महापंचायत के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास सुखवानी ने भी सीमा विधानी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे समाज के विकास और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। समाज के अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी सीमा विधानी को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाæएं दी
CSPDCL के प्रबंध निदेशक एवं क्रेडा के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने किया जिले का दौरा
खैरागढ़–छुईखदान–गंडई// छत्तीसगढ़ राज्य पावर वितरण कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं छत्तीसगढ़ क्रेडा के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जिले का दौरा ग्रामीण विद्युतीकरण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं जन-केंद्रित पहल सिद्ध हुआ। प्रदेश के सभी जिलों में पहुँचकर प्रबंध निदेशक स्वयं प्रत्येक गाँव एवं अंतिम छोर के उन क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं, जहाँ विद्युत लाइन विस्तार एवं विद्युतीकरण में समस्याएँ रही हैं। वे स्थल पर पहुँचकर वास्तविक स्थिति का जायज़ा लेते हुए प्रत्येक गाँव तक बिजली कनेक्शन एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक निर्देश प्रदान कर रहे हैं। इसी क्रम में खैरागढ़ जिले के ग्राम ग्वालाघुंडी जो पूर्व में सौर ऊर्जा से विद्युतीकृत था, को दिनांक 22 फ़रवरी को परंपरागत स्त्रोत से विद्युतीकृत किया गया। 3 मार्च को विभागीय अमला ग्राम ग्वालाघुंडी पहुँचा तथा विद्युत व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया। प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। तत्पश्चात ग्राम में विद्युत आपूर्ति प्रारंभ की गई, जिससे ग्रामवासियों में हर्ष एवं संतोष का वातावरण निर्मित हुआ। इसके पश्चात ग्राम पंचायत कल्लेपानी का निरीक्षण किया गया, जहाँ ग्रामीण लंबे समय से विद्युत समस्याओं का सामना कर रहे हैं। श्री कंवर ने अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण कर वर्तमान व्यवस्था की समीक्षा की तथा नई विद्युत लाइन के सर्वेक्षण एवं शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सर्वे कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ की जाए। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामवासियों से भेंट कर उनकी समस्याओं से सीधे अवगत हुए। दौरे के दौरान कंपनी की योजनाओं के अंतर्गत खैरागढ़ जिले के पात्र हितग्राहियों को प्रबंध निदेशक व उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मंजुला सिंह कंवर जो कि पावर कंपनी के आदर्शिनी महिला मंडल के अध्यक्षों में से एक है के द्वारा प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ संवाद में ग्रामीण विद्युतीकरण को और अधिक सशक्त एवं स्थायी बनाने हेतु सहयोगात्मक प्रयासों पर सकारात्मक चर्चा हुई। दौरे की विशेषता इसका खुला एवं संवादात्मक वातावरण रहा, जहाँ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं जिले के हितधारक एक मंच पर एकत्र होकर सामूहिक समाधान की दिशा में सक्रिय दिखाई दिए। यह सहभागिता उस विकास मॉडल को प्रतिबिंबित करती है, जिसमें शासन एवं जनता मिलकर क्षेत्र की सतत प्रगति एवं सशक्त विद्युतीकरण सुनिश्चित करते हैं।
रेत बनी जिंदगी की आफत: अवैध उत्खनन विवाद में युवक की मौत, दो पुलिस जवान समेत तीन पर हत्या का केस दर्ज
✍️ भागीरथी यादव एमसीबी। छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश सीमा पर स्थित बरने नदी में रेत उत्खनन के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। ग्राम पसौरी निवासी सोनू चक्रधारी की कथित मारपीट और बेलचा से सिर पर प्रहार किए जाने के बाद मौत हो गई। इस मामले में मध्यप्रदेश के दो पुलिस जवानों सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। क्या है पूरा मामला एमसीबी जिले के केल्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पसौरी निवासी संतोष पिता धर्मजीत की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट के अनुसार 3 मार्च की सुबह करीब 6 बजे सोनू चक्रधारी अपने ट्रैक्टर से सूरज, गोलू, भारत, महेश, निखिल और रामनाथ सहित अन्य मजदूरों के साथ डूमरघाट (बरने नदी) रेत लेने गया था। परिजनों का कहना है कि सोनू प्रधानमंत्री आवास निर्माण के लिए रेत लेने गया था। सुबह लगभग 8 बजे मध्यप्रदेश के दरसिला चौकी से दो पुलिस जवान और एक सिविल व्यक्ति बोलेरो वाहन से मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने रेत परिवहन को लेकर विवाद किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक पुलिस जवान ट्रैक्टर पर चढ़ गया और वाहन स्टार्ट करने की कोशिश की। विरोध करने पर सोनू की डंडे से पिटाई की गई। बेलचा से वार, मौके पर गिरा युवक बताया जा रहा है कि इसी दौरान सरपंच पति विजय मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर को गांव की ओर ले जाने की बात कही। कुछ दूरी पर जाने के बाद आरोप है कि पीछे से आए पुलिसकर्मियों ने सोनू पर बेलचा से सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। बाद में उसकी मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने एक पुलिस वाहन में तोड़फोड़ भी की। वरिष्ठ अधिकारियों का मौके पर पहुंचना घटना की सूचना मिलते ही एमसीबी की पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी भेजा गया है। केल्हारी पुलिस ने चौकी दरसिला, थाना जैतपुर (जिला शहडोल, मध्यप्रदेश) के पुलिस जवान नितीन शुक्ला, राजू प्रजापति एवं मधु जायसवाल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 296, 308(3) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। सीमा क्षेत्र में पहले भी रहा है विवाद बरने नदी, जो छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की सीमा से होकर गुजरती है, लंबे समय से रेत उत्खनन को लेकर विवादों में रही है। अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर समय-समय पर तनाव की स्थिति बनती रही है। इस घटना ने एक बार फिर सीमा क्षेत्र में प्रशासनिक समन्वय और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
होली पर्व पर बिलासपुर पुलिस अलर्ट मोड में, शहरभर में सघन सुरक्षा व्यवस्था
✍️ भागीरथी यादव बिलासपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बिलासपुर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं, जहां पर्याप्त पुलिस बल और अधिकारी तैनात हैं। जानकारी के अनुसार, शहर में 78 पेट्रोलिंग वाहन सक्रिय रूप से गश्त कर रहे हैं। प्रत्येक वाहन में एक अधिकारी के साथ छह-छह जवान तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 37 बाइक पेट्रोलिंग टीमें भी मैदान में हैं, जिनमें दो-दो जवान शामिल हैं। सभी जवान मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात हैं और लगातार संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, प्रशिक्षु आईपीएस सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं रात 2 बजे तक शहर के विभिन्न प्वाइंटों का निरीक्षण किया। होलिका दहन के दौरान भी पुलिस की सतर्क निगरानी बनी रही और सभी स्थानों से शांति एवं खैरियत की सूचना प्राप्त हुई। व्यापक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई होली के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा बड़े पैमाने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है— 128 आदतन निगरानी/गुंडा बदमाशों को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। 36 आदतन अपराधियों पर धारा 129 BNSS के तहत सदा आचरण हेतु प्रतिबंधात्मक कार्रवाई। 337 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126, 135 BNSS के तहत बाउंड ओवर की कार्रवाई। 19 संदिग्ध व्यक्तियों पर धारा 128 BNSS के तहत कार्रवाई। 22 आरोपियों को धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। 64 प्रकरणों में आबकारी अधिनियम के तहत अवैध शराब पर प्रभावी कार्रवाई की गई। पुलिस की अपील बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली का त्योहार भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, हुड़दंग या कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और शांति भंग करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
छत्तीसगढ़ से भाजपा ने लक्ष्मी वर्मा को बनाया राज्यसभा उम्मीदवार देखें लिस्ट
✍️ भागीरथी यादव रायपुर, 3 मार्च Rajya Sabha Election भारतीय जनता पार्टी ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। इस सूची में छत्तीसगढ़ से पार्टी ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया है। जैसे ही यह घोषणा हुई, प्रदेश की राजनीति में नई हलचल देखने को मिली। भाजपा नेतृत्व द्वारा लक्ष्मी वर्मा के नाम पर मुहर लगाना कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी ने एक बार फिर महिला सशक्तिकरण और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता देते हुए महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने का संदेश दिया है। माना जा रहा है कि संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और अनुभव को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों ने निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि लक्ष्मी वर्मा का राज्यसभा में जाना छत्तीसगढ़ की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती देगा। पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल है और इसे संगठन की रणनीतिक एवं संतुलित पहल के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राज्यसभा चुनाव के मद्देनज़र भाजपा ने सामाजिक समीकरणों और महिला प्रतिनिधित्व दोनों को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया है। अब सभी की निगाहें आगामी चुनाव प्रक्रिया और उसके परिणामों पर टिकी हैं।
होली पर्व के मद्देनज़र सिविल लाइन पुलिस की सख्त कार्रवाई, आर्म्स एक्ट में दो गिरफ्तार, 11 पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही
✍️ भागीरथी यादव बिलासपुर। आगामी होली त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई 01 मार्च 2026 को उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई। आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में दो आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृत्युंजय सिंह (42 वर्ष), निवासी डबरीपारा थाना सिविल लाइन तथा अभिषेक सिंह (22 वर्ष), निवासी कुदुदंड थाना सिविल लाइन शामिल हैं। 11 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने 11 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है। इनमें राजा ओझा (सरजू बगीचा), धर्मेंद्र खांडे (तालापारा), रवि सिंगरौल, रितिक ध्रुव एवं आदित्य सिंगरौल (धुरीपारा मंगला), साबिद खान (मंगला धुरीपारा), सोनू भोरे (मगरपारा मरार गली), हनी जायसवाल (शैलेन्द्र नगर अमेरी, थाना सकरी), प्रशांत राठौर (राजकिशोर नगर, थाना सरकंडा), बब्लू उर्फ रोहित सांडे (जबड़ापारा, थाना सरकंडा) तथा चंद्र प्रकाश बंजारे (पन्ना नगर, थाना सिविल लाइन) शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कदम उठाए जाएंगे। सिविल लाइन पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार को भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
शांति भंग करने वाले 3 गुंडा बदमाशों को भेजा गया जेल
✍️ भागीरथी यादव बिलासपुर। जिले के कोनी थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और संभावित आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। रविवार, 1 मार्च 2026 को थाना कोनी पुलिस ने क्षेत्र के तीन सूचीबद्ध गुंडा बदमाशों के विरुद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु हुई कार्रवाई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और मारपीट या किसी भी प्रकार के विवाद की संभावना को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों का विवरण: पकड़े गए आरोपियों में ग्राम जलसों और घुटकु के निगरानी बदमाश शामिल हैं: संदीप खरे (27 वर्ष): पिता संतोष, निवासी ग्राम जलसों। रघु लोनिया (21 वर्ष): पिता बुधराम, निवासी ग्राम घुटकु। शिव नाथ (34 वर्ष): पिता बुधराम, निवासी ग्राम घुटकु। कोनी पुलिस ने बताया कि आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में गुंडागर्दी और अशांति फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी ताकि आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें।
















