अभाविप इकाई पाली ने रानी लक्ष्मीबाई जयंती को मनाया स्त्री शक्ति दिवस, भव्य शोभायात्रा तथा विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

पाली/कोरबा, प्रतिनिधि—ज्ञान शंकर तिवारी   अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) इकाई पाली द्वारा वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई जयंती को स्त्री शक्ति दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया गया। नगर में नारी शक्ति, बहनों एवं कार्यकर्ताओं ने ओजस्वी जयघोष के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली, जिसने पूरे क्षेत्र में मातृशक्ति के सम्मान का संदेश दिया। आयोजन के अंतर्गत मंचीय कार्यक्रम का भी भव्य आयोजन किया गया, जिसमें संगोष्ठी, वेशभूषा प्रतियोगिता और भाषण प्रतियोगिता शामिल रहे। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता अभाविप विभाग छात्रा प्रमुख रायगढ़ हेमपुष्पा भगत रहीं। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई के साहस, त्याग और नेतृत्व क्षमता पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि लक्ष्मीबाई का जीवन चरित्र नारी शक्ति का सर्वोच्च प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर बालिका और नारी को उनके संघर्ष और पराक्रम से प्रेरणा लेनी चाहिए। मुख्य अतिथि पार्षद एवं पीआईसी सदस्य श्रीमती दीप्ति दीपक शर्मा ने कहा कि आज की नारी अब अबला नहीं, बल्कि पूर्णतः सशक्त है। शिक्षा, खेल, राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में महिलाएँ श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए बड़े दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। विशिष्ट अतिथि पार्षद एवं पीआईसी सदस्य श्रीमती ज्योति ऊईके ने स्त्री शक्ति के महत्व पर बोलते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण आत्मनिर्भरता, निर्णय क्षमता और समाज के विकास में सक्रिय योगदान का प्रतीक है। विद्यार्थी विस्तारक प्रदीप साहू ने छात्र हित और समाज सेवा में अभाविप द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व अभाविप कार्यकर्ता दीपक शर्मा, नगर मंत्री विकास मानिकपुरी, सहमंत्री आयुष जायसवाल, तथा जमुना, प्रतीक, दुर्गा, नेहा ग्रेवाल, हेमा डिक्सेना, काजल ग्रेवाल, सलोनी डिक्सेना, मनीषा, दीपांशु डिक्सेना, समीर, मोनिशा चौबे सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अभाविप द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम नारी शक्ति, राष्ट्रभक्ति और युवाओं में प्रेरणा का संदेश देने में सफल रहा।

भदरापारा–बालकों मार्ग की बदहाल सड़क पर युवा कांग्रेस का हल्ला बोल, एक दिवसीय धरना प्रदर्शन

✍️ भागीरथी यादव कोरबा। कोरबा विधानसभा क्षेत्र के भदरापारा से बालकों जाने वाली सड़क की दयनीय स्थिति को लेकर मंगलवार को जिला युवा कांग्रेस कोरबा (शहर) ने पीसीसी सचिव विकास सिंह के नेतृत्व में जोरदार धरना–प्रदर्शन किया। बड़े-बड़े गड्ढों से भरी यह सड़क स्थानीय निवासियों के लिए रोजाना जोखिम का कारण बनी हुई है, बावजूद इसके जिला एवं निगम प्रशासन अब तक सुधर कार्य शुरू नहीं कर पाया है। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता व स्थानीय निवासी जुटे और प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की “राजस्व देने में आगे, सड़क सुधार में पीछे कोरबा”— विकास सिंह मीडिया से बात करते हुए पीसीसी सचिव विकास सिंह ने कहा कि “कोरबा प्रदेश का सबसे अधिक राजस्व देने वाला जिला है, लेकिन यहां की सड़कों की हालत सबसे खराब है। हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है, फिर भी प्रशासन आंख बंद किए बैठा है। युवा कांग्रेस जनता की इस लड़ाई को जारी रखेगी।” पांचवें चरण का प्रदर्शन – नाथूलाल यादव डीसीसी अध्यक्ष नाथूलाल यादव ने बताया कि यह धरना प्रदर्शन सड़क सुधार की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन का पाँचवां चरण है। इससे पहले गौ माता चौक, बलगीख़ार, दादर और रिश्दी चौक में भी धरना दिया जा चुका है। उन्होंने कहा, “कोरबा के अधिकांश वार्डों की सड़कों की हालत जर्जर है, लेकिन निगम प्रशासन अब भी सोया हुआ है।” “आवश्यक हुआ तो आमरण अनशन और चक्काजाम”— कृपाराम साहू नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने चेतावनी दी कि यदि सड़क मरम्मत की मांग को गंभीरता से नहीं लिया गया तो युवा कांग्रेस आमरण अनशन, चक्काजाम और मंत्री–महापौर का घेराव करने बाध्य होगी। हर ब्लॉक में धरना, पर सुनवाई नहीं— राकेश पंकज युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से हर ब्लॉक में सांकेतिक धरना दिया जा रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। “यदि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो उग्र आंदोलन होगा,” उन्होंने कहा। धरना में बड़ी संख्या में लोग शामिल धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से डीसीसी अध्यक्ष नाथूलाल यादव, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, पार्षद बद्री किरण, दुष्यंत शर्मा, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, देवीदयाल सोनी, पवन विश्वकर्मा, पंचराम आदित्य, राजू बर्मन, अजीत बर्मन, मधुर दास महंत, विवेक श्रीवास, कमलेश गर्ग, बाबिल मिरि, अमित सिंह, नारायण यादव, चिराग अग्रवाल, निर्मल राज, प्रहलाद साहू, पुष्पा पात्रे, सोनू सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और महिला कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे।  

कोरबा में टूटी सड़कों पर उबाल — रिस्दी चौक में युवा कांग्रेस का जोरदार धरना, प्रशासन को घेरा

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा। कोरबा विधानसभा क्षेत्र के रिस्दी चौक में पीसीसी सचिव विकास सिंह के मार्गदर्शन और जिला युवा कांग्रेस कोरबा (शहर) के नेतृत्व में गुरुवार को सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर एक दिवसीय धरना–प्रदर्शन आयोजित किया गया। बालकों तक जाने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर है, जिसमें बड़े-बड़े गड्ढों के कारण प्रतिदिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय निवासी कई बार जिला प्रशासन और नगर निगम को अपनी समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक मरम्मत का कोई कार्य शुरू नहीं किया गया है। युवाओं के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में जिला प्रशासन और निगम प्रशासन को “नींद से जगाने” के लिए जोरदार नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क की बदहाली अब जनता की सहनशक्ति से बाहर हो चुकी है। मीडिया से चर्चा के दौरान पीसीसी सचिव विकास सिंह ने कहा— “कोरबा की अधिकतर सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। जनता की परेशानी ना प्रशासन को दिख रही है और ना ही निगम जाग रहा है। लेकिन युवा कांग्रेस सड़कों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। जनता की समस्या को अनदेखा नहीं होने देंगे।” वहीं डीसीसी अध्यक्ष नाथूलाल यादव ने बताया कि यह आंदोलन सड़क सुधार की मांग का चौथा चरण है। उन्होंने कहा— “हम पहले गौ माता चौक, बलगीख़ार, और दादर क्षेत्र सहित कई जगहों पर आवाज़ उठा चुके हैं, लेकिन प्रशासन और निगम ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। जब तक सड़कें ठीक नहीं होंगी, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।”   धरना प्रदर्शन में डीसीसी अध्यक्ष नाथूलाल यादव, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, राजेंद्र सिंह ठाकुर, प्रदीप जायसवाल, पवन विश्वकर्मा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, विवेक श्रीवास, अजीत बर्मन, सुनील निर्मलकर, अमित सिंह, अशोक सोनवानी, नीलांबर कंवर, आकाश प्रजापति, नितेश यादव, मिनकेतन गंभेल, पिंटू जांगड़े, साहिल कुरैशी, नारायण यादव, सोनू सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और महिला कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित रहे। स्थानीय जनता की मांग है कि जिला प्रशासन और नगर निगम तत्काल जर्जर सड़क की मरम्मत शुरू करे, अन्यथा आंदोलन और उग्र रूप ले सकता  

OTP धोखाधड़ी से बचने के लिए निर्वाचन आयोग की बड़ी अपील

✍️ भागीरथी यादव   मतदाता सूची पुनरीक्षण के बीच बढ़ा साइबर फ्रॉड का खतरा रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान नागरिकों को साइबर ठगी से सचेत करते हुए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा परामर्श जारी किया है। हाल के दिनों में ‘SIR फॉर्म’ के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रयास बढ़े हैं, जिनमें साइबर अपराधी मोबाइल पर आए OTP हासिल कर ठगी करने की कोशिश कर रहे हैं। SIR फॉर्म भरना पूरी तरह सुरक्षित, लेकिन सतर्क रहें निर्वाचन कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि SIR फॉर्म में मोबाइल नंबर दर्ज करना सुरक्षित है। बावजूद इसके, अपराधी इसी बहाने लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) द्वारा SIR फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया में किसी भी तरह के OTP की आवश्यकता नहीं होती। कोई भी अधिकारी, कर्मचारी या BLO कभी OTP नहीं मांगता। धोखाधड़ी ऐसे होती है—जानें और सतर्क रहें साइबर अपराधी कॉल कर यह कहते हैं कि “आपके SIR फॉर्म से जुड़े मोबाइल पर एक OTP आया होगा, कृपया हमें बता दें।” निर्वाचन विभाग ने ऐसी किसी भी कॉल को फौरन अस्वीकार करने की अपील की है। क्या करें? निर्वाचन विभाग का स्पष्ट निर्देश OTP किसी को न दें — बिल्कुल भी नहीं। OTP साझा करना आपकी डिजिटल सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा जोखिम है। संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत मना करें। कॉल करने वाले को सीधे कहें— “मैं BLO या कार्यालय से ही संपर्क करूँगा/करूँगी।” दबाव, धमकी या जोर-जबरदस्ती हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। यह साइबर अपराध की श्रेणी में आता है। अन्य राज्यों की पुलिस भी कर रही चेतावनी कई राज्यों की पुलिस ने भी इसी तरह की ठगी के मामलों में लोगों को सावधान करते हुए अपील की है कि मोबाइल पर आए किसी भी प्रकार के OTP को अज्ञात व्यक्तियों के साथ साझा न करें। साइबर अपराधी इस जानकारी का उपयोग खातों तक पहुंचने और वित्तीय नुकसान पहुँचाने के लिए कर सकते हैं। आपकी जागरूकता ही आपकी सुरक्षा निर्वाचन विभाग ने कहा है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित है। लेकिन धोखाधड़ी से बचने के लिए नागरिकों की सतर्कता बेहद आवश्यक है। याद रखें—OTP सिर्फ आपके लिए है, किसी भी बहाने दूसरों के साथ साझा करना खतरनाक हो सकता है। —

मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में स्वशासी समिति की बैठक सम्पन्न, मरीज सुविधाओं में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय

✍️ भागीरथी यादव   जगदलपुर। स्वर्गीय श्री बलीराम कश्यप स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय डिमरापाल में गुरुवार को कमिश्नर एवं पदेन अध्यक्ष श्री डोमन सिंह की अध्यक्षता में स्वशासी प्रबंधकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। मेडिकल कॉलेज के सभाकक्ष में हुई इस बैठक में कई महत्वपूर्ण एजेंडा पर चर्चा करते हुए विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन को गति देने के निर्देश दिए गए। बैठक में कमिश्नर ने किलकारी योजनांतर्गत मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में अतिशीघ्र झूला घर शुरू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नेशनल इमरजेंसी लाइव सपोर्ट प्रोजेक्ट के तहत बस्तर अंचल के सभी चिकित्सालयों के डॉक्टरों और स्टाफ को प्राइमरी लाइव सपोर्ट की ट्रेनिंग देने का निर्णय लिया गया, जिससे आपदा प्रबंधन के दौरान त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आयुष्मान वय वंदन योजना के अंतर्गत 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के नागरिकों को 24 घंटे के भीतर आयुष्मान वय वंदन कार्ड जारी किए जा रहे हैं। बैठक में इसे और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने अस्पताल में मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल देते हुए कहा कि बस्तर अंचल की जरूरतों को देखते हुए चिकित्सा सेवाओं में और संवेदनशीलता लाई जाए। मोतियाबिंद ऑपरेशन के उपयुक्त समय को ध्यान में रखते हुए सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर व कोंडागांव जिले के चिन्हित मरीजों का त्वरित ऑपरेशन कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विशेष रूप से दोनों आंखों में मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को प्राथमिकता देने को कहा। ठोस कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने हेतु नगर पालिक निगम की सहायता से बायोमेडिकल वेस्ट छोड़कर अन्य ठोस अपशिष्ट के निपटान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर श्री हरिस एस ने संस्थागत प्रसव से जन्मे शिशुओं का सम्पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही फिजियोथेरेपी कॉलेज के लिए उपलब्ध वैकल्पिक भवन की आवश्यक मरम्मत छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन के माध्यम से शीघ्र कराने को कहा। उन्होंने मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए निर्धारित रोस्टर के अनुसार मरीजों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। बैठक में लिए गए अन्य महत्वपूर्ण निर्णयों में शामिल हैं— नई ट्रांजिट हॉस्टल में शीघ्र बिजली व्यवस्था कॉलेज के कॉन्फ्रेंस हॉल एवं सेमिनार हॉल का नवीनीकरण तोकापाल और मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित छात्रावासों की मरम्मत ई-ऑफिस संचालन के लिए हाई स्पीड लीज लाइन कनेक्शन जेम पोर्टल से डायलिसिस मशीन एवं प्रोब क्रय गेस्ट हाउस के कैंटीन संचालन हेतु टेंडर जारी करने की स्वीकृति बैठक में आयुक्त नगर पालिक निगम श्री प्रवीण वर्मा, अधिष्ठाता एवं सदस्य सचिव डॉ. प्रदीप बेक तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

नेशनल लोक अदालत 13 दिसंबर को पूरे छत्तीसगढ़ में आयोजित होगी, व्यापक प्रचार-प्रसार जारी

✍️ भागीरथी यादव   राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली के निर्देशानुसार वर्ष 2025 के अंतर्गत आयोजित की जा रही नेशनल लोक अदालत का अंतिम सत्र आगामी 13 दिसंबर 2025 को पूरे छत्तीसगढ़ में आयोजित होगा। इसके लिए छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के मार्गदर्शन में तालुका न्यायालयों से लेकर उच्च न्यायालय स्तर तक सभी न्यायालयों में एक साथ लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत में ऐसे सभी राजीनामा योग्य प्रकरणों का निराकरण पक्षकारों की आपसी सहमति एवं सुलह-सम्मति के आधार पर किया जाएगा। अधिकतम मामलों के निपटारे के उद्देश्य से इस स्थापना अंतर्गत विभिन्न थानों में पदस्थ पैरा लीगल वॉलंटियर्स अपने-अपने क्षेत्रों में गांवों, कस्बों, नगरों तथा दूरस्थ अंचलों तक जाकर नेशनल लोक अदालत के लाभों की जानकारी दे रहे हैं। इसके साथ ही लीगल एड मोबाइल वाहन तथा विभिन्न विभागों के भ्रमणशील वाहनों के माध्यम से भी व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इन प्रकार के मामलों का होगा निराकरण नेशनल लोक अदालत में निम्न प्रकार के प्रकरणों को राजीनामा के आधार पर निराकरण हेतु नियत किया गया है— दाण्डिक राजीनामा योग्य प्रकरण चेक बाउन्स (धारा 138) के मामले बैंक रिकवरी एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरण मोटरयान अधिनियम से संबंधित मामले भरण-पोषण (धारा 125) के प्रकरण परिवार न्यायालय संबंधित विवाद श्रमिक प्रकरण भूमि विवाद विद्युत संबंधी प्रकरण जलकर, संपत्ति कर व टेलीफोन संबंधी विवाद राजस्व प्रकरण इन सभी मामलों में लोक अदालत के माध्यम से वैकल्पिक विवाद समाधान (ADR) अपनाते हुए पक्षकारों के बीच आपसी सहमति की संभावनाएं तलाश की जाएंगी। इसके लिए न्यायालयों द्वारा अधिक से अधिक प्रकरणों का चिन्हांकन कर उन्हें लोक अदालत में रखा जा रहा है। अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें नेशनल लोक अदालत से संबंधित विस्तृत जानकारी हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कबीरधाम के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। इच्छुक नागरिक 07741-299950 पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

डोंगरगढ़ के अरुण गौली पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई, तीन माह के लिए जिला बदर

✍️ भागीरथी यादव राजनांदगांव। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जितेन्द्र यादव ने पुलिस विभाग की विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर खाण्डुपारा वार्ड क्रमांक 12, डोंगरगढ़ निवासी अरुण गौली के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे आगामी 3 महीनों के लिए जिला बदर कर दिया है। रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया था कि अरुण गौली की लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों को सामान्य कानूनी उपायों से रोकना संभव नहीं हो पा रहा है, जिससे जिले की शांति व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ने की आशंका थी। जारी आदेश के अनुसार, अरुण गौली को राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, दुर्ग, बालोद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी सहित महाराष्ट्र के गोंदिया और बालाघाट जिलों की राजस्व सीमा से तत्काल प्रभाव से बाहर किया गया है। उसे निर्देश दिया गया है कि एक सप्ताह के भीतर सभी संबंधित जिलों की सीमाओं को छोड़ दे तथा 13 फरवरी 2026 से पहले इन सीमाओं में प्रवेश न करे। आदेश का उल्लंघन करने की स्थिति में उसे बलपूर्वक क्षेत्र से बाहर निकाला जाएगा, और इसके बाद भी अवज्ञा करने पर छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1980 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर द्वारा की गई यह सख्त कार्रवाई जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति का स्पष्ट संदेश देती है।  

इंदिरा गांधी जयंती पर कोरबा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

  पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न   कोरबा, इंदिरा स्टेडियम टीपी नगर कोरबा में आज जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा द्वारा देश की पूर्व प्रथम महिला प्रधानमंत्री भारतरत्न श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती बड़े ही श्रद्धाभाव एवं गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री मा. जयसिंह अग्रवाल उपस्थित रहे।   जयंती अवसर पर इंदिरा गांधी की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर देश सेवा में उनके अमूल्य योगदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान उनके द्वारा लागू किए गए ऐतिहासिक 20 सूत्रीय कार्यक्रम, महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए गए निर्णायक सुधारों और भारत को आत्मनिर्भर बनाने की उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति को विस्तार से स्मरण किया गया। कोरबा के अध्यक्ष नत्थूलाल यादव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी शहर कोरबा के अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने कह कि “इंदिरा जी की दूरदृष्टि, नेतृत्व क्षमता और देशहित के लिए समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा। जब तक सूरज-चांद रहेगा, इंदिरा तेरा नाम रहेगा।” उनके जयंती समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर पूर्व प्रधानमंत्री को शत-शत नमन किया। 💐🙏

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस ने जिलेवार अध्यक्षों की की नियुक्ति, 11 जिलों में नई जिम्मेदारी सौंपी

  ✍️ भागीरथी यादव   रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट यूथ कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने और कार्यों में तेजी लाने के लिए प्रदेश के 11 जिलों में नए अस्थायी जिला अध्यक्ष और कार्यकारी जिला अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। यह नियुक्तियां 18 नवंबर 2025 से तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। इसकी आधिकारिक सूची प्रदेश युवा कांग्रेस कार्यालय, राजीव भवन, रायपुर से जारी की गई।   जारी पत्र में कहा गया है कि संगठन विस्तार और युवा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के लिए यह दायित्व सौंपा गया है। सभी नए पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे संगठन के विकास के लिए पूरी निष्ठा और ऊर्जा से कार्य करेंगे।   जिन जिलों में नियुक्तियां की गईं: 1. कांकेर – राजेन्द्र राजू दुबे, महेन्द्र नायक (कार्यकारी) 2. बस्तर ग्रामीण – अभिषेक (मोनू) डेविड 3. जगदलपुर सिटी – निकेत राज झा 4. सुकमा – आर्यन चौहान 5. बेमेतरा – प्रांजल तिवारी 6. भिलाई नगर – इमाम खान (कार्यकारी) 7. बिलासपुर ग्रामीण – सुनील पटेल (कार्यकारी) 8. जांजगीर-चांपा – पंकज शुक्ला 9. सक्ती – प्रताप चन्द्र (कार्यकारी) 10. रायगढ़ ग्रामीण – उस्मान बैग (कार्यकारी) 11. सरगुजा-बिलासपुर – शुभम बाजपेयी नियुक्ति पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि सभी पदाधिकारी संगठन के निरंतर विकास के लिए कांग्रेस नेता श्री राहुल गांधी के विजन और नेतृत्व में कार्य करेंगे। तीन महीने बाद समीक्षा नोट के अनुसार, यह जिम्मेदारी फिलहाल अस्थायी है, जिसकी तीन महीने बाद IYC के दिशा-निर्देशों के अनुसार समीक्षा की जाएगी। इस पत्र पर प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा, इंचार्ज अमित सिंह पठानिया तथा को-इंचार्ज डॉ. मोनिका मंडरे के हस्ताक्षर हैं। यह कदम आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।    

सीएसईबी दर्री में बड़ा हादसा: स्टॉप-डैम फूटा, प्लांट में घुसा पानी—कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान, प्रोडक्शन ठप, अफसरों की लापरवाही उजागर

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा। सीएसईबी दर्री प्लांट में गुरुवार सुबह करीब 10.30 बजे बड़ा हादसा हो गया। अचानक स्टॉप-डैम फटने से भारी मात्रा में पानी प्लांट परिसर में घुस गया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। समय रहते सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए, जिसके कारण बड़ी जानहानि टल गई। सूत्रों के अनुसार स्टॉप-डैम में पहले से दरार मौजूद थी, जिसके बारे में कर्मचारियों ने कई बार अधिकारियों को अवगत कराया था। लेकिन शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया गया। अफसरों की इसी लापरवाही का नतीजा आज सामने आया, जब बढ़ते दबाव ने बांधन तोड़ दिया और पूरा इलाका पानी से भर गया। पानी घुसने से प्रोडक्शन पूरी तरह ठप हो गया है। मशीनरी को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। तकनीकी टीम नुकसान का आकलन कर रही है, जबकि प्लांट प्रबंधन ने घटना की आंतरिक जांच शुरू कर दी है।   फिलहाल प्लांट में पानी निकालने का काम जारी है। प्रोडक्शन कब बहाल होगा, इसको लेकर अब तक कोई स्पष्ट समय निर्धारित नहीं किया गया है।

अन्य खबरे

बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, चार दिन में 72 वाहनों पर चालान
वन सुरक्षा कार्य में लापरवाही? बिना पानी-मिश्रण के गाड़े जा रहे फेंसिंग के खंभे
संसद घेराव आंदोलन के लिए यूथ कांग्रेस कोरबा की टीम दिल्ली रवाना
भाजपा जिला कार्यालय का कांग्रेस ने किया घेराव, अफीम और नशे के मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन
कटघोरा–पेंड्रा रोड की जर्जर सड़क से लोग परेशान, दुर्घटना का खतरा बढ़ा
अंधे मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक का पैर बुरी तरह कुचला