रायगढ़ में अवैध रेत माफिया पर बड़ी चोट, 9 ट्रैक्टर जब्त
✍️ भागीरथी यादव रायगढ़। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर लगाम कसने के लिए खनिज विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। नियमों को ताक पर रखकर रेत का परिवहन कर रहे 9 ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया है, जबकि संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ कानूनी प्रकरण दर्ज किया गया है। जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि खनिज निरीक्षक श्री सोमेश्वर सिन्हा एवं जांच दल द्वारा लगातार की जा रही निगरानी के दौरान यह कार्रवाई की गई। जांच में स्पष्ट हुआ कि सभी वाहन बिना किसी वैध अनुमति के रेत का परिवहन कर रहे थे। मौके पर विधिवत जांच के बाद वाहनों को जब्त कर छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में जोरापाली के भानुकुमार चौहान (CG 13 BE 9014), बाल्मिकी प्रजापति (न्यू हालैंड सोल्ड), कुरमापाली के नूतन साहू (स्वराज सोल्ड), गोपालपुर के प्रेम उरांव (महिन्द्रा सोल्ड), पतरापाली के समीर पटेल (CG 13 AW 2563), बाबाधाम रायगढ़ के तिरथलाल यादव (CG 13 AH 3634), रायगढ़ के प्यारेलाल साहू (CG 13 UH 2738), धनागर के उत्तम सारथी (CG 13 AS 4893) तथा हंडी चौक रायगढ़ के गणेश अग्रवाल (महिन्द्रा सोल्ड) शामिल हैं। जिला खनिज अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई न केवल प्रशासन की सख्ती का संदेश है, बल्कि अवैध रेत कारोबारियों के लिए भी कड़ा चेतावनी संकेत है।
रायगढ़ जिला न्यायालय का सख्त फैसला: नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल का कठोर कारावास
✍️ भागीरथी यादव रायगढ़। नाबालिग से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में रायगढ़ जिला न्यायालय ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। यह फैसला न केवल पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि समाज को यह स्पष्ट संदेश भी देता है कि नाबालिगों के खिलाफ अपराध किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है। जनवरी 2025 में ग्राम लिटाईपाली निवासी विजय जांगड़े उर्फ बिज्जू (24 वर्ष) ने शादी का झांसा देकर 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा को घर से भगा लिया। आरोपी ने करीब एक महीने तक उसे अपने पास रखा और इस दौरान कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। स्कूल जाने निकली, फिर नहीं लौटी पीड़िता के पिता ने 27 जनवरी 2025 को कोतरा रोड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 16 वर्षीय बेटी सुबह साढ़े 9 बजे स्कूल के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा रिश्तेदारों व आसपास खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद आशंका जताई गई कि किसी अज्ञात युवक ने बहला-फुसलाकर उसे भगा लिया है। पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पता चला कि नाबालिग ग्राम लिटाईपाली में मौजूद है। 5 फरवरी को पुलिस ने छात्रा को बरामद किया और आरोपी विजय जांगड़े को गिरफ्तार किया। पीड़िता के बयान से हुआ खुलासा पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि आरोपी ने उससे शादी का वादा किया था और इसी बहाने उसे घर से भगा ले गया। इस दौरान उसने कई बार उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पूछताछ में आरोपी ने भी अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। 20 साल कठोर कारावास और जुर्माना मामले की सुनवाई अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, एफटीएससी पॉक्सो कोर्ट रायगढ़, न्यायाधीश देवेन्द्र साहू के समक्ष हुई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार दिया। अदालत ने विजय जांगड़े उर्फ बिज्जू को 20 वर्ष के कठोर कारावास और 6 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड अदा न करने की स्थिति में 4 माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। इस प्रकरण में अपर लोक अभियोजक मोहन सिंह ठाकुर ने प्रभावी पैरवी की। न्याय का सशक्त संदेश यह फैसला नाबालिगों के खिलाफ अपराध करने वालों के लिए कड़ा चेतावनी संदेश है कि कानून ऐसे मामलों में बेहद सख्त है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बड़ी राहत — अब शहर के ही नामी विशेषज्ञ देंगे इलाज, स्वास्थ्य सेवाओं में नई उड़ान
✍️ भागीरथी यादव रायगढ़। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुशासन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। स्व. लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध संत बाबा गुरु घासीदास जी स्मृति शासकीय चिकित्सालय, रायगढ़ में अब शहर के शीर्ष विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी नियमित सेवाएं देंगे। यह व्यवस्था दिवंगत अधिष्ठाता डॉ. विनीत जैन द्वारा किए गए प्रयासों का उल्लेखनीय परिणाम है। स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसे रायगढ़ अंचल के मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए कहा कि शासन की मंशा यही है कि रोगियों को उनके ही जिले में उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हों, जिससे बड़े शहरों पर निर्भरता कम हो और मरीजों को त्वरित उपचार मिल सके। — न्यूरो, यूरो और नेफ्रोलॉजी—एक ही छत के नीचे विशेषज्ञों की सेवाएं अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम. के. मिंज के अनुसार— 🔹 न्यूरोसर्जन डॉ. नितीश नायक (मस्तिष्क/रीढ़ की हड्डी रोग विशेषज्ञ) हर मंगलवार — सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक • मस्तिष्क की गांठ, ब्रेन ट्यूमर • रीढ़ की चोट, साईटिका, लकवा • स्ट्रोक, नसों का दर्द, स्पाइन संबंधी समस्याएं • लगातार सिरदर्द, मिर्गी, चक्कर आदि का इलाज 🔹 यूरोसर्जन डॉ. के.डी. खरे (मूत्ररोग एवं पुरुष प्रजनन रोग विशेषज्ञ) हर शुक्रवार — भूतल, सर्जरी विभाग, ओपीडी कक्ष क्रमांक–01 • किडनी स्टोन, UTI • प्रोस्टेट समस्याएं, मूत्राशय–किडनी कैंसर • बांझपन, स्तंभन दोष • मूत्र रुकावट व असंयम आदि रोगों का इलाज 🔹 नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. मीना पटेल (किडनी / गुर्दा रोग विशेषज्ञ) हर शुक्रवार — प्रथम तल, मेडिसिन विभाग, ओपीडी कक्ष क्रमांक–01 • क्रोनिक किडनी डिजीज (CKD) • गुर्दे की विफलता, डायलिसिस • किडनी इंफेक्शन, मधुमेह/हाई बीपी से होने वाली किडनी समस्याएं — आसपास के जिलों के मरीजों को भी बड़ा फायदा विशेषज्ञों की नियमित उपलब्धता से— • गंभीर बीमारियों का इलाज रायगढ़ में ही संभव होगा • मरीजों का समय व खर्च दोनों बचेंगे • बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी • त्वरित उपचार से गंभीर मामलों में जीवनरक्षा की संभावना बढ़ेगी — जनहित में मजबूत कदम रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ सेवाओं की शुरुआत स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम है। इससे न केवल रायगढ़ बल्कि आसपास के जिलों के हजारों मरीजों को उन्नत और विश्वसनीय चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी।
रायगढ़ से शर्मनाक वारदात: तीन दिनों तक बंधक बनाकर चाकू की नोक पर दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
✍️ भागीरथी यादव रायगढ़। जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने शादीशुदा महिला को चाकू की नोक पर तीन दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। महिला थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी भगवानपुर निवासी दीपक दास मानिकपुरी (29) ने 26 वर्षीय पीड़िता को 28 नवंबर की शाम तब रास्ते में रोक लिया, जब वह काम से घर लौट रही थी। आरोपी पहले से उसे फोन पर परेशान करता था। जब महिला ने बात करना बंद कर दिया, तो उसने दबाव बनाना शुरू कर दिया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी अचानक आया, चाकू दिखाकर धमकाया और मारपीट कर उसे ज़बरदस्ती साथ ले गया। पहले स्कूल के बाथरूम के पीछे झाड़ी में मुंह पर कपड़ा बांधकर दुष्कर्म किया, फिर अपने किराए के मकान में ले जाकर लगातार तीन दिनों तक उसकी अस्मिता से खेलता रहा। आरोपी बार-बार धमकी देता रहा कि अगर उसने किसी को बताया तो जान से मार देगा। डरी-सहमी पीड़िता ने किसी तरह मौका पाकर तब जान बचाई, जब आरोपी खाना लेने बाहर गया। वह वहां से भागकर घर पहुंची और पूरी घटना पति को बताई। इसके बाद दोनों महिला थाने पहुंचे और 1 दिसंबर को शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला थाना प्रभारी ने बताया कि सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और कठोर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्याय दिलाने की प्रक्रिया तेज की जा रही है। यह घटना समाज की सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिले, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
रायगढ़ रेलवे स्टेशन में तड़के मची दहशत: आरपीएफ हेड कांस्टेबल ने सहयोगी को गोली मारकर की हत्या, कारण अब भी रहस्य
✍️ भागीरथी यादव रायगढ़ जिले में बुधवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात ने सभी को हिला दिया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के हेड कांस्टेबल केएस लादेर ने अपने ही साथी हेड कांस्टेबल पीके मिश्रा को सर्विस पिस्तौल से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। यह चौंकाने वाली घटना रायगढ़ रेलवे स्टेशन स्थित आरपीएफ चौकी में सुबह करीब 4 बजे हुई। थानाधिकारी कुलदीप कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों हेड कांस्टेबलों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। यह विवाद इतना बढ़ गया कि केएस लादेर ने ताबड़तोड़ 4 गोलियां दाग दीं, जिससे पीके मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद चौकी में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद GRP ने आरोपी केएस लादेर को गिरफ्तार कर उसकी सर्विस पिस्तौल भी जब्त कर ली है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। दो वर्दीधारी जवानों के बीच विवाद का इतना बड़ा रूप लेना गंभीर चिंता का विषय है। मामले को हर पहलू से जांचा जा रहा है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह वारदात न सिर्फ आरपीएफ व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि सुरक्षा बलों में तनाव और आंतरिक विवादों के प्रबंधन की जरूरत की ओर भी इशारा करती है।
मामूली कहासुनी में युवक पर चाकू से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार—दोनों दोस्तों की पीठ पर गंभीर चोटें
रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दो दोस्तों पर हुए चाकूबाजी के हमले ने क्षेत्र में दहशत फैला दी। मामूली बात पर शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक ने दो साथियों पर मारपीट की और चाकू से वार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गुटखा लेने गया था युवक, अचानक शुरू हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, कयाघाट निवासी रफी आलम (22) अपने साथी राजू साहू के साथ ऑटो में सवारी छोड़कर छातामुड़ा चौक से लौट रहा था। इसी दौरान रात लगभग 10 बजे राजू एक किराना दुकान से गुटखा लेने रुका। तभी एक युवक वहाँ पहुंचा और बिना किसी वजह के गाली-गलौज करने लगा। रफी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन युवक और अधिक आक्रामक हो गया। तभी एक और युवक, जिसने अपना नाम निकुंज खड़िया बताया, मौके पर पहुंचा और आरोप लगाया कि वे उसके साथी आकाश राय से मारपीट कर रहे हैं। इसी बहाने दोनों ने रफी और राजू पर हमला कर दिया। चाकू से कई वार, घायल को जिला अस्पताल लाया गया घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, लेकिन तब तक रफी आलम की पीठ पर मारपीट से चोटें आ चुकी थीं, जबकि राजू साहू की पीठ पर चाकू से कई वार किए गए। घायल राजू को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है। दो आरोपियों की गिरफ्तारी, चाकू व बाइक जब्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए निकुंज खड़िया (19) और आकाश राय (22) को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चाकू और बाइक बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों पर धारा 109(1)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS और 351(3)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का बयान पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामूली कहासुनी को लेकर युवकों द्वारा चाकू से हमला करना गंभीर अपराध है। मामले की जांच तेज कर दी गई है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
ओडिशा से धान तस्करी पर रायगढ़ प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई — 2 दिनों में 4,447 क्विंटल धान जब्त
✍️ भागीरथी यादव छत्तीसगढ़ में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीदी जारी है, जिसे देखते हुए कोचिए और बिचौलिए ओडिशा से धान लाकर बेचने की कोशिश कर रहे थे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सख्त निर्देश के बाद रायगढ़ प्रशासन ने अवैध धान परिवहन और भंडारण पर शिकंजा कस दिया है। 30 नवंबर और 1 दिसंबर को चलाए गए विशेष अभियान में संयुक्त जांच दलों ने 12 प्रकरणों में 4,447.20 क्विंटल धान जब्त किया है, जिनमें 3 अंतर्राज्यीय मामले भी शामिल हैं। जब्त धान की कीमत 1.37 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। लैलूंगा, पुसौर, घरघोड़ा, धरमजयगढ़ और खरसिया क्षेत्रों में कई गोदामों पर छापेमारी कर बड़े पैमाने पर छिपाया गया धान बरामद किया गया। विभिन्न व्यापारियों और परिवहनकर्ताओं पर मंडी अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। जिले में अब तक 68 मामलों में 12,454 क्विंटल से अधिक धान (मूल्य 3.86 करोड़ रुपये) जप्त किया जा चुका है। 25 चेकपोस्टों पर 24×7 निगरानी और जंगल मार्गों की सीलिंग से तस्करों में हड़कंप मचा है। प्रशासन की यह सख्ती वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा और खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो रही है।
50 हजार रुपए रिश्वत लेते आबकारी उप निरीक्षक रंगेहाथों गिरफ्तार।
प्रदीप राव कि खबर Loksadan। रायगढ़। एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग के उप निरीक्षक संतोष कुमार नारंग को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ लिया। यह कार्रवाई रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित कार्यालय में की गई। जानकारी के मुताबिक, 20 अगस्त को धर्मजयगढ़ निवासी सुनीत टोप्पो ने एसीबी बिलासपुर इकाई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 19 अगस्त को आबकारी उप निरीक्षक संतोष नारंग ग्राम पंडरी महुआ गांव में उसकी मां के निवास पर पहुंचे और उन पर अवैध शराब बनाने का आरोप लगाते हुए घर की तलाशी ली। इसी दौरान उन्होंने कुछ कागजों में उसकी मां से हस्ताक्षर भी करा लिए। इसके बाद नारंग ने प्रार्थी और उसकी मां से कड़ी कार्रवाई से बचने के एवज में 50,000 रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को पकड़वाना चाहता था। इसी आधार पर एसीबी ने जाल बिछाकर आरोपी उप निरीक्षक को 50 हजार रुपए लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार ट्रैप अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ में तेज़ गर्मी का कहर: 11 जिलों में लू का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में इन दिनों बहुत तेज गर्मी पड़ रही है। राजधानी रायपुर समेत बिलासपुर, दुर्ग और कोरबा जैसे जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इतनी तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से लोग दिन में घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं। 11 जिलों में लू का खतरा मौसम विभाग ने राज्य के 11 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें दुर्ग, बिलासपुर, बलौदाबाजार, बेमेतरा, सक्ती, कबीरधाम, मुंगेली, रायगढ़, कोरबा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही शामिल हैं। गर्म हवाओं के चलते 25 अप्रैल से सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टियाँ कर दी गई हैं। तेज़ तापमान और परेशानी रायपुर में दिन का तापमान 43.2 डिग्री और बिलासपुर में 43.7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है। दुर्ग सबसे गर्म जिला बन गया है जहाँ तापमान 44 डिग्री से ज्यादा है। रात में भी गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ा तेज़ गर्मी से हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और सिरदर्द की शिकायतें बढ़ रही हैं। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर न निकलें और खूब पानी पिएं। खासतौर पर बच्चों और बुज़ुर्गों को ध्यान रखना चाहिए। अभी राहत की उम्मीद नहीं अगले तीन दिन भी गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री ऊपर रहेगा और लू चलती रहेगी। मानसून अभी दूर है। सावधानी ही सुरक्षा है सरकार और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बिना ज़रूरत धूप में न निकलें, और निकलें तो सिर ढककर जाएं। गर्मी से बचाव ही सुरक्षित रहने का तरीका है।















