भोपाल में दर्दनाक सड़क हादसा: नौसेना के दो जवानों की मौत
✍️ भागीरथी यादव भोपाल के परवलिया थाना क्षेत्र में रविवार तड़के हुए सड़क हादसे में नौसेना के दो जवानों की मौत हो गई। दोनों जवान — 27 वर्षीय विष्णु आर्य और 18 वर्षीय आनंद कृष्णन — बोट क्लब में वाटर स्पोर्ट्स की प्रैक्टिस के लिए निकले थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के वक्त दोनों ने हेलमेट पहना था, लेकिन बेल्ट लॉक न करने के कारण टक्कर लगने पर हेलमेट सिर से निकल गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
लाल किला ब्लास्ट के बाद दिल्ली मेट्रो अलर्ट पर, बुधवार को भी लाल किला स्टेशन रहेगा बंद
✍️ भागीरथी यादव नई दिल्ली। सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार धमाके के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। डीएमआरसी ने बताया कि सुरक्षा कारणों से लाल किला मेट्रो स्टेशन बुधवार को भी बंद रहेगा, जबकि वॉयलेट लाइन के अन्य सभी स्टेशन सामान्य रूप से संचालित होंगे। दरअसल, वॉयलेट लाइन पर लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के बाहर सोमवार शाम कार में धमाका हुआ था। विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि मेट्रो स्टेशन के एंट्री गेट के शीशे टूट गए। घटना के तुरंत बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। इसके बाद स्टेशन के गेट नंबर-1 और 4 को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया। धमाके के बाद दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी है। सीसीटीवी कैमरों के जरिए लाल किला, चांदनी चौक और आस-पास के मेट्रो रूट्स की रियल टाइम निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम को भी उच्च सतर्कता पर रखा गया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। दिल्ली और नोएडा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। आने वाले दिनों में भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन जांच और गश्त बढ़ाई जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल, राजधानी में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और नोएडा- दिल्ली बॉर्डर पर भी जांच अभियान जारी है।
चेन्नई: अश्लील हरकत की कोशिश पर महिला सफाईकर्मी ने झाड़ू से आरोपी को खदेड़ा, वारदात डैशकैम में कैद
✍️ भागीरथी यादव चेन्नई में अडयार ब्रिज के पास सोमवार तड़के एक 50 वर्षीय महिला सफाईकर्मी ने अपनी हिम्मत से अश्लील हरकत करने की कोशिश कर रहे युवक को सबक सिखा दिया। बाइक सवार युवक ने अचानक पैंट की ज़िप खोलकर अभद्रता करने की कोशिश की, लेकिन महिला ने झाड़ू उठाकर उस पर हमला किया और आरोपी भाग निकला। घटना कार की डैशकैम में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब उसके साथ ऐसी हरकत हुई है और प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। पुलिस आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। यह घटना शहर में तड़के ड्यूटी करने वाली महिला सफाईकर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
अभिषेक बनर्जी ने गिरफ्तारी वारंट के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया, आदेश सुरक्षित
✍️ भागीरथी यादव तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने भोपाल की एमपी/एमएलए कोर्ट द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट को चुनौती देते हुए मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। यह मामला उनके साल 2020 में दिए गए एक विवादित बयान से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय को “गुंडा” कहा था। मानहानि केस से शुरू हुआ विवाद नवंबर 2020 में कोलकाता की एक सभा में दिए गए इस बयान के बाद आकाश विजयवर्गीय ने मई 2021 में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया था। यह मामला भोपाल की विशेष एमपी/एमएलए अदालत में चल रहा है। अदालत रिकॉर्ड के अनुसार, अभिषेक बनर्जी अब तक किसी भी तारीख पर व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हुए। गैरहाजिरी पर जारी हुआ था वारंट लगातार गैरहाजिरी को गंभीर मानते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट तथागत याग्निक ने उनके खिलाफ 11 और 26 अगस्त 2025 की तारीखों के लिए गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इसी आदेश को चुनौती देते हुए अभिषेक ने हाईकोर्ट में राहत की गुहार लगाई है। हाईकोर्ट ने सुनवाई पूरी कर रखा आदेश सुरक्षित जस्टिस प्रमोद कुमार अग्रवाल की एकलपीठ ने मामले में अंतरिम राहत को लेकर दोनों पक्षों की दलीलें सुन ली हैं। अदालत ने आदेश सुरक्षित रखते हुए जल्द निर्णय सुनाने का संकेत दिया है। इस पूरे प्रकरण ने बंगाल और मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल मचा दी है, खासकर ऐसे समय में जब दोनों दल एक-दूसरे पर तीखे राजनीतिक हमले कर रहे हैं।
मुरादाबाद: घरेलू विवाद में पत्नी ने पति के प्राइवेट पार्ट पर ब्लेड से किए वार, अस्पताल में भर्ती; तीन पर केस दर्ज
✍️ भागीरथी यादव मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश)। मझोला थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला द्वारा अपने पति के प्राइवेट पार्ट पर ब्लेड से कई वार करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में घायल व्यक्ति को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पत्नी, बेटे और बहू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 24 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे की बताई जाती है। काशीरामनगर चौकी क्षेत्र में रहने वाला 55 वर्षीय मजदूर अनुसार, विवाद के दौरान उसकी पत्नी, बेटा और बहू ने पहले उसे मारपीट कर घायल कर दिया और जेब से रुपये छीन लिए। इसके बाद पत्नी उसे जबरन कमरे में ले गई और ब्लेड से उसके प्राइवेट पार्ट पर कई वार कर दिए, जिससे वह लहुलूहान होकर गिर पड़ा। उसकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पहुंची पुलिस ने घायल को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। सीओ कोतवाली कुलदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों—पत्नी, बेटा और बहू—के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बिहार चुनाव में वोटिंग का जोर, कई जिलों में दोपहर तक 50% के करीब मतदान
✍️ भागीरथी यादव बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान बेहद उत्साहजनक रहा। दोपहर 1 बजे तक कई जिलों में मतदान प्रतिशत 50% के आसपास पहुँच गया। किशनगंज 51.86%, बांका 50.07%, गया 50.95% और जमुई 50.91% के साथ सबसे आगे रहे। पश्चिम चंपारण, कटिहार, पूर्णिया, अररिया, सुपौल और कई अन्य जिलों में भी मतदान 45–49% के स्तर पर पहुंचा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार महिला और युवा मतदाताओं की बढ़ी भागीदारी ने वोटिंग प्रतिशत को नई ऊँचाई दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे साफ है कि जनता बदलाव और सक्रिय भागीदारी के मूड में है। चुनाव आयोग के अनुसार इस चरण में 3 करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता 45,399 मतदान केंद्रों पर अपने प्रतिनिधियों का चयन कर रहे हैं, जिनमें 1.95 करोड़ से अधिक पुरुष और 1.74 करोड़ से अधिक महिला मतदाता शामिल हैं।
दिल्ली के लाल किले के पास धमाके के बाद बिहार समेत कई राज्यों में हाई अलर्ट, चुनावी माहौल में सुरक्षा कड़ी
👌 भागीरथी यादव दिल्ली में लाल किले के नजदीक सोमवार शाम मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में हुए भीषण विस्फोट के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। धमाके में आसपास खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कई लोग मारे गए और अनेक घायल हुए। इस घटना ने पूरे देश को हिला दिया है। चुनावी बिहार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, राज्यव्यापी हाई अलर्ट जारी बिहार में आज 11 नवंबर को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान है। ऐसे में घटना के तुरंत बाद बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया। आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) समेत सभी सुरक्षा एजेंसियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। एटीएस के डीआईजी ने सभी जिलों के एसएसपी और रेल पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने का आदेश जारी किया है। 10 बिंदुओं वाली थ्रेट एडवाइजरी जारी एटीएस बिहार द्वारा जारी विशेष एडवाइजरी में निम्न निर्देश शामिल हैं— धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों और भीड़-भाड़ वाले बाजारों में सघन निगरानी रेलवे व मेट्रो स्टेशनों, बस अड्डों और मॉल में कड़ी चेकिंग पुलिस गश्त बढ़ाना और सीसीटीवी की 24 घंटे मॉनिटरिंग सीमावर्ती जिलों में चेकपॉइंट मजबूत करना संदिग्ध वाहन, व्यक्ति या किसी परित्यक्त वस्तु पर तत्काल कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय शांति समितियों और स्थानीय व्हाट्सऐप ग्रुपों को सक्रिय करना सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई राजधानी पटना में सुरक्षा सख्त, रेलवे स्टेशन–बस स्टैंड पर जांच तेज पटना में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं। पटना जंक्शन पर एटीएस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमों ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया है। बम डिस्पोजल स्क्वाड और डॉग स्क्वाड तैनात किए गए हैं। हर यात्री की बॉडी चेकिंग, सामान की स्कैनिंग और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। मीठापुर बस स्टैंड, गांधी मैदान, बोरिंग रोड चौराहा तथा प्रमुख बाजारों में व्यापक चेकिंग चल रही है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को धार्मिक स्थलों, मॉल, सिनेमाघरों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान शुरू
👌 भागीरथी यादव बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के तहत आज मंगलवार सुबह सात बजे से 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू हो गया। इस चरण में लगभग 3.7 करोड़ मतदाता कुल 1,302 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव आयोग ने सुरक्षा को लेकर व्यापक प्रबंध किए हैं। सीमांचल सहित सभी जिलों में 4 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इस चरण में कुल 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 40,073 ग्रामीण तथा 5,326 शहरी बूथ शामिल हैं। सुबह के समय मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है। शाम तक सभी 122 सीटों पर मतदान संपन्न होगा।
दुमका में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: पिता समेत तीन गिरफ्तार, एक आरोपी फरार
✍️ भागीरथी यादव दुमका – जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी लाखो उर्फ काजल की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस जघन्य वारदात में शामिल तीन आरोपियों—किशोरी के पिता निर्मल हाजरा, दिघी गांव निवासी विभीषण पासवान और काजल पासवान—को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वारदात का मुख्य साजिशकर्ता और काजल से एकतरफा प्रेम करने वाला युवक अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। शादी से इंकार बनी मौत की वजह हंसडीहा प्रभाग के पुलिस इंस्पेक्टर विशुनदेव पासवान के अनुसार, काजल से ककनी गांव का एक युवक एकतरफा प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। जबकि काजल बरहेट गांव के दिलखुश नामक युवक से प्रेम करती थी। काजल के परिजन उसे ककनी वाले युवक से विवाह कराना चाहते थे, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया था। यही इनकार उसकी जान का कारण बन गया। जंगल में रची गई खौफनाक साजिश पुलिस अधिकारी ने बताया कि 28 अक्टूबर को काजल को उसके एक रिश्तेदार और एकतरफा प्रेमी बहाने से पास के जंगल में ले गए। वहाँ उसे शादी के लिए मजबूर किया गया। जब काजल राजी नहीं हुई, तो उसके पिता और दो अन्य आरोपियों को जंगल में बुलाया गया और मौके पर ही हत्या की साजिश रची गई। आरोपियों ने पहले किशोरी के हाथ-पैर बांधे और फिर धारदार हथियार से उसकी गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने और पुलिस को भ्रमित करने के उद्देश्य से काजल के कटे हुए सिर को बालों से बांधकर एक कपड़े की मदद से पेड़ पर लटका दिया गया, जबकि उसका धड़ जमीन पर ही छोड़ दिया गया। फरार आरोपी की तलाश जारी पुलिस ने बताया कि हत्या का मुख्य कारण जबरन शादी का दबाव और काजल का विरोध था। तीनों गिरफ्तार आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
उधमसिंह नगर: पति पर दहेज के लिए जबरन संबंध बनाने और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप
✍️ भागीरथी यादव उधमसिंह नगर जिले के काशीपुर क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक नवविवाहिता ने अपने पति पर होटल में ले जाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने और उसका अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि शादी के कुछ महीनों बाद ही पति ने उससे 50 लाख रुपये दहेज की मांग शुरू कर दी थी। महिला के अनुसार, 12 फरवरी 2023 को उसकी शादी बिलासपुर (रामपुर) निवासी युवक के साथ हुई थी, जो विदेश भेजने का काम करता है। शादी के बाद पति ने उसे नौकरी छोड़ने के लिए मजबूर किया और लगातार पैसों की मांग करने लगा। जब उसने दहेज में मांगे गए 50 लाख रुपये देने से इनकार किया तो पति ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। तंग आकर महिला ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। पुलिस ने पति सहित अन्य आरोपितों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, धमकी, यौन शोषण और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। — रुद्रपुर: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव फंदे से लटका मिला रुद्रपुर में एक 27 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान सुचित्रा दास, निवासी गगनापुर नदिया, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। वह कुछ महीनों से रुद्रपुर में रहकर सिडकुल की एक कंपनी में काम कर रही थी। जानकारी के अनुसार, महिला हाल ही में फुलसुंगा ट्रांजिट कैंप में किराए पर रहने लगी थी। रविवार सुबह जब पड़ोसियों ने उसे साड़ी के फंदे से लटका देखा, तो तुरंत नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले उसने अपने एक दोस्त को फोन कर अपनी जान देने की बात कही थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।















