दिल्ली के लाल किले के पास धमाके के बाद बिहार समेत कई राज्यों में हाई अलर्ट, चुनावी माहौल में सुरक्षा कड़ी

👌 भागीरथी यादव

 

दिल्ली में लाल किले के नजदीक सोमवार शाम मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में हुए भीषण विस्फोट के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। धमाके में आसपास खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कई लोग मारे गए और अनेक घायल हुए। इस घटना ने पूरे देश को हिला दिया है।

 

चुनावी बिहार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, राज्यव्यापी हाई अलर्ट जारी

 

बिहार में आज 11 नवंबर को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान है। ऐसे में घटना के तुरंत बाद बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया।

 

आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) समेत सभी सुरक्षा एजेंसियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। एटीएस के डीआईजी ने सभी जिलों के एसएसपी और रेल पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने का आदेश जारी किया है।

 

10 बिंदुओं वाली थ्रेट एडवाइजरी जारी

 

एटीएस बिहार द्वारा जारी विशेष एडवाइजरी में निम्न निर्देश शामिल हैं—

 

धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों और भीड़-भाड़ वाले बाजारों में सघन निगरानी

 

रेलवे व मेट्रो स्टेशनों, बस अड्डों और मॉल में कड़ी चेकिंग

 

पुलिस गश्त बढ़ाना और सीसीटीवी की 24 घंटे मॉनिटरिंग

 

सीमावर्ती जिलों में चेकपॉइंट मजबूत करना

 

संदिग्ध वाहन, व्यक्ति या किसी परित्यक्त वस्तु पर तत्काल कार्रवाई

 

सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय

 

शांति समितियों और स्थानीय व्हाट्सऐप ग्रुपों को सक्रिय करना

 

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई

 

 

राजधानी पटना में सुरक्षा सख्त, रेलवे स्टेशन–बस स्टैंड पर जांच तेज

 

पटना में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं।

 

पटना जंक्शन पर एटीएस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमों ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया है।

 

बम डिस्पोजल स्क्वाड और डॉग स्क्वाड तैनात किए गए हैं।

 

हर यात्री की बॉडी चेकिंग, सामान की स्कैनिंग और संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

 

मीठापुर बस स्टैंड, गांधी मैदान, बोरिंग रोड चौराहा तथा प्रमुख बाजारों में व्यापक चेकिंग चल रही है।

 

 

पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को धार्मिक स्थलों, मॉल, सिनेमाघरों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।