✍️ भागीरथी यादव
NH-30 पर पुलिस की घेराबंदी में फंसा आरोपी, 146 नग हीरे और मोबाइल समेत ₹10.15 लाख का सामान जब्त
धमतरी। आठ साल पहले गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से हीरे चोरी करने और अब उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाशने का मामला सामने आया है। धमतरी पुलिस ने इस मामले में 64 वर्षीय विनोद अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 146 नग चमकदार बहुमूल्य पत्थर बरामद किए हैं, जिनका शुद्ध वजन 13.49 ग्राम बताया गया है। हीरों सहित मोबाइल फोन और नकदी की कुल जब्ती ₹10,15,200 आंकी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर को बिरेझर चौकी और साइबर थाना धमतरी की संयुक्त टीम नियमित गश्त एवं अपराध पतासाजी पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति कथित रूप से हीरे लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में उसकी पहचान विनोद अग्रवाल, निवासी के.के. वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास रखी पॉलीथीन से नीले और फिरोजी रंग की झिल्ली में लिपटे 146 नग सफेद, चमकदार एवं पारदर्शी पत्थर मिले। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने कथन में इन पत्थरों को वर्ष 2018 में पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करने और अब बेचने के लिए ग्राहक खोजने की बात स्वीकार की है।
हीरे, मोबाइल और नकदी जब्त
पुलिस ने बरामद पत्थरों का कुल वजन 16.17 ग्राम और शुद्ध वजन 13.49 ग्राम दर्ज किया है। इनकी अनुमानित कीमत ₹10.05 लाख बताई गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से दो सक्रिय सिम वाला सैमसंग गैलेक्सी S21 FE 5G मोबाइल फोन, जिसकी कीमत ₹8 हजार आंकी गई है, तथा ₹2,200 नकद भी बरामद किए गए हैं। इस तरह कुल जब्ती ₹10 लाख 15 हजार 200 रुपये की हुई है।
धमतरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 21(4) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की है। उसे 19 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में बिरेझर चौकी और साइबर थाना धमतरी की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस ने नागरिकों से अवैध खनन, खनिज संपदा की चोरी तथा संदिग्ध खरीद-बिक्री की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
