
लोक सदन
भागीरथी यादव
कोरबा। जिले में मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान मंगलवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के भिलाई बाजार में हुए गोलीकांड से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, छुट्टी पर घर आए सीआईएसएफ के एक जवान का पारिवारिक विवाद को लेकर झगड़ा हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि जवान ने आवेश में आकर गोली चला दी। इस गोलीबारी की चपेट में आए तीन लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही हरदीबाजार पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचा और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री के जिले में प्रवास के दौरान घटी इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी जवान से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
