
सुशील जायसवाल
कोरबा, पोड़ी उपरोड़ा।
कोरबा जिले के पसान क्षेत्र में जंगली हाथियों के लगातार उत्पात से परेशान दर्जनों किसान सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और जनदर्शन में कलेक्टर के समक्ष अपनी पीड़ा रखी। किसानों ने आरोप लगाया कि फसल नुकसान और जनहानि के मामलों में वन विभाग द्वारा न तो समय पर सर्वे किया जा रहा है और न ही क्षतिपूर्ति राशि प्रदान की जा रही है।
किसानों के अनुसार, पसान क्षेत्र के बर्रा हरदेव गांव सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है। इससे खेतों में लगी धान एवं अन्य फसलें बर्बाद हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार सूचना देने के बावजूद वन विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित किसानों ने बताया कि फसलों को भारी नुकसान पहुंचने के बाद भी अब तक मुआवजा राशि स्वीकृत नहीं की गई है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ा है। किसानों ने कहा कि “चाहे सरकारी कर्मचारी हो या आम नागरिक, सभी का पेट किसान ही भरता है। ऐसे में किसानों की समस्याओं की अनदेखी करना उचित नहीं है।”
कलेक्टर ने किसानों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही आश्वासन दिया कि पात्र किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि दिलाई जाएगी।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। इलाके में हाथियों की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।






