
✍️ भागीरथी यादव
कवर्धा (कबीरधाम): छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष गंगोत्री योगी पर उनके सगे बड़े भाई ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी भाई ने सब्जी काटने वाले हंसिया (सिकल) से उन पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। फिलहाल, उन्हें इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विवाद सुलझाने के दौरान हुआ हमला
पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 जनवरी की शाम पिपरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव की है। गंगोत्री योगी एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अपने बड़े भाई नेम नाथ योगी के घर गई थीं। वहां नेम नाथ अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। जब गंगोत्री ने बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराने की कोशिश की, तो आरोपी भाई ने गुस्से में आकर उन पर हंसिया से हमला कर दिया।
सिर और चेहरे पर आईं गंभीर चोटें
इस हमले में गंगोत्री योगी के सिर, चेहरे, हाथ और पीठ पर गहरे जख्म आए हैं। अधिक खून बह जाने के कारण वह बेहोश हो गई थीं। परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
पिपरिया थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी नेम नाथ योगी के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी अमित कश्यप ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






