कोरबा, 4 अगस्त। सीएसईबी के इरेक्टर हॉस्टल परिसर में दिनांक 4 /8/2025 शाम। 4:30 बजे कांग्रेस पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिला अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने की। उनके साथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुधीर जैन, पार्षद मुकेश राठौर, अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, और जनता से सीधे संवाद स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “कांग्रेस पार्टी की ताकत उसके ज़मीनी कार्यकर्ता हैं। हमें गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले तक पार्टी की नीतियों और विचारों को पहुँचाना है।”
जिला अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने कहा कि “पार्टी हमेशा जनभावनाओं का सम्मान करती रही है। हर कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है, और उनका दायित्व है कि वे जनसमस्याओं को प्राथमिकता से उठाएं।”
ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की और संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया।
पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुधीर जैन और पार्षद मुकेश राठौर ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने की अपील की।






