
✍️ भागीरथी यादव
रायपुर। पुरानीबस्ती पुलिस ने मैट्रिमोनी साइट शादी डॉट कॉम के जरिए एक महिला आरक्षक से संपर्क कर शादी का झांसा देकर दोस्ती बढ़ाने, अंतरंग तस्वीरें लेकर ब्लैकमेल करने और दुष्कर्म करने के आरोप में दिल्ली निवासी आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मोबाइल बातचीत के बाद आरोपी रायपुर आया और पीड़िता से नजदीकियां बढ़ाईं। तीन–चार महीनों में आरोपी ने महिला आरक्षक से करीब 4 लाख रुपये वसूल लिए। लगातार पैसों की मांग से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। सीएसपी पुरानीबस्ती ने बताया कि पीड़िता विधवा है और आरोपी ने शादी का भरोसा देकर संबंध बनाए।
अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी का दूसरा मामला
इधर टिकरापारा पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी और गालीगलौज कर पैसे मांगने के आरोप में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 308, 79 बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामला मूल रूप से धमतरी जिले के मगरलोड थाने में दर्ज हुआ था, जिसे शून्य में रायपुर स्थानांतरित कर जांच जारी है।
पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।






