सऊदी अरब में भीषण सड़क हादसा: मदीना के पास बस–टैंकर टक्कर में कई भारतीय उमराह यात्रियों की मौत, जांच जारी

✍️ भागीरथी यादव

 

सऊदी अरब से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मक्का से मदीना जा रही उमराह यात्रियों से भरी एक बस सोमवार तड़के मदीना के पास डीज़ल टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते-ही-देखते बस में भयंकर आग लग गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दुर्घटनास्थल पर उठती लपटें और गाढ़ा काला धुआं साफ नजर आ रहा है।

हादसे में कितने लोगों की मौत हुई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स में आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या 40 से अधिक हो सकती है। बताया जा रहा है कि बस में भारतीय तीर्थयात्री भी मौजूद थे।

भारतीय दूतावास सक्रिय, जारी किया 24×7 हेल्पलाइन नंबर

जेद्दा स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने हादसे के तुरंत बाद नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। दूतावास ने बताया कि किसी भी सहायता के लिए 24×7 हेल्पलाइन नंबर 8002440003 पर संपर्क किया जा सकता है।

रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा वाणिज्य दूतावास दोनों ही हादसे में प्रभावित भारतीयों और उनके परिवारों को हर संभव मदद प्रदान कर रहे हैं।

विदेश मंत्री जयशंकर ने जताया दुख

भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि हादसे से उन्हें गहरा सदमा पहुंचा है तथा दूतावास लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

जयशंकर ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

तेलंगाना सरकार भी सक्रिय, सीएम रेवंत रेड्डी ने दिए निर्देश

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी हादसे पर दुख जताया है। सरकार ने बताया कि मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में अधिकारियों से संपर्क कर लिया है और दूतावास के साथ मिलकर प्रभावित लोगों की मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

आधिकारिक आंकड़ों का इंतजार, जांच जारी

फिलहाल सऊदी प्रशासन तथा भारतीय दूतावास दोनों हादसे से जुड़े तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं। मृतकों और घायलों की सटीक संख्या का आधिकारिक बयान जल्द जारी होने की उम्मीद है।

यह दर्दनाक घटना उमराह पर गए भारतीय श्रद्धालुओं के लिए गहरा सदमा लेकर आई है, जबकि पूरे देश में शोक की लहर है।