✍️ भागीरथी यादव
सुबह कर्मचारियों के पहुंचने पर सामने आया मामला, पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूरजपुर। जिले के चंद्रपुर स्थित आदित्य होटल में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब होटल की रसोई में काम करने वाले एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान सागरपुर निवासी गोलू के रूप में हुई है। घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह होटल के कर्मचारी जब काम पर पहुंचे, तो रसोई कमरे में गोलू का शव देखकर उनके होश उड़ गए। कर्मचारियों ने तत्काल होटल संचालक को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही शव को नीचे उतार लिया गया था। इस घटनाक्रम ने मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी होटल पहुंच गए। परिवार के लिए यह खबर किसी बड़े सदमे से कम नहीं थी। रोजाना होटल में काम करने वाले युवक की अचानक मौत से कई सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों से ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है।
