सूने मकान में लाखों के जेवरात चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी। धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसमर्रा में सूने मकान में चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना भखारा पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, 10 ग्राम सोने का बिस्किट तथा वारदात में प्रयुक्त कुदाली बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार ग्राम कोसमर्रा निवासी कृष्ण कुमार कोसरे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 मई 2026 को वह अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में अभनपुर गए थे। 17 मई को घर लौटने पर मुख्य दरवाजे और आलमारी का ताला टूटा मिला तथा घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नगदी गायब थी। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 50 हजार 700 रुपये बताई गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर थाना भखारा पुलिस और साइबर टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर संदेही घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और आलमारी से जेवरात व नगदी चोरी कर ली। चोरी के बाद दोनों ने आपस में जेवरों का बंटवारा कर लिया, जबकि नगदी खर्च कर दी। पुलिस ने घनश्याम यादव के कब्जे से चोरी के जेवरात और घटना में प्रयुक्त कुदाली बरामद की। इसके बाद रायपुर में रह रहे हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भी चोरी के आभूषण बरामद किए गए।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि चोरी किए गए सोने के गुलबंद हार को बेचने के लिए हेमंत ने रायपुर निवासी सराफा कारोबारी ओमप्रकाश सोनी को दिया था। ओमप्रकाश ने हार को गलाकर 10 ग्राम का सोने का बिस्किट तैयार कर लिया था। पुलिस ने उक्त सोने का बिस्किट भी बरामद कर लिया है।

पुलिस ने इस मामले में घनश्याम यादव (23 वर्ष), हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी (25 वर्ष) तथा ओमप्रकाश सोनी (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से सोने की बाली, नथ, लॉकेट, टॉप्स, मंगलसूत्र, गुलबंद हार, चांदी की पायल, बिछिया, अंगूठी, माला सहित अन्य आभूषण और घटना में प्रयुक्त कुदाली जप्त की गई है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।