कोरबा: 200 के जाली नोटों के साथ दो गिरफ्तार जाने पूरा मामला…..

✍️ भागीरथी यादव

 

खिलौने और ठेले की आड़ में चला रहे थे 200 रुपये के जाली नोट, 15 नोट जब्त

 

कोरबा, 21 अक्टूबर। कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नकली नोट चलाने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी दशहरा मेले की भीड़ का फायदा उठाकर दुकानों और ठेलों पर खरीदारी के बहाने 200 रुपये के जाली नोट खपा रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 15 नकली नोट बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरपी नगर फेज-1 में दशहरा मेले के दौरान आरोपी खिलौने बेचने और ठेला लगाने की आड़ में नकली नोट चला रहे थे। इसी बीच एक दुकानदार को नोट की बनावट पर संदेह हुआ। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने दोनों को पकड़ लिया।

 

साधारण कागज पर छाप रहे थे नोट

 

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी साधारण कागज पर 200 रुपये के नोट की नकल तैयार कर रहे थे। जब्त 15 नोटों का अंकित मूल्य 3 हजार रुपये है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह में शंभू नाम का युवक नकली नोट छापता था, जबकि दूसरा आरोपी उन्हें बाजार में चलाने का काम करता था।

 

एएसपी लखन पटले ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि अब तक कितने नकली नोट बाजार में चलाए गए हैं और इस मामले में अन्य लोग शामिल हैं या नहीं। नोट छापने के स्थान की भी जांच की जा रही है।