कोरबा : दुर्गा पंडाल के सामने पहुंचा दंतैल हाथी, मची अफरातफरी देखें वीडियो…..

सुशील जयसवाल

 

कोरबी बाजार पारा में आरती के दौरान अचानक आ धमका हाथी, दहशत में गुजरी ग्रामीणों की रात

 

कोरबी-चोटिया। कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत केंदई रेंज के कोरबी बाजार पारा में सोमवार, 12 अक्टूबर की शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक दंतैल हाथी दुर्गा पूजा पंडाल के सामने पहुंच गया। मां दुर्गा की आरती के दौरान हाथी को देखकर श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

 

जानकारी के अनुसार, शारदीय नवरात्रि के अवसर पर बाजार पारा स्थित दुर्गा पंडाल में आरती चल रही थी। बड़ी संख्या में ग्रामीण पूजा-अर्चना में शामिल थे। इसी दौरान जंगल की ओर से आया दंतैल हाथी मुख्य रानी अटारी मार्ग पर पहुंच गया। आबादी वाले क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी से कुछ देर के लिए वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

समिति के युवाओं ने दिखाई सूझबूझ

 

अचानक हाथी के पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। इस दौरान दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय युवाओं ने सावधानी बरतते हुए हाथी को गांव से बाहर जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया। हाथी के वहां से चले जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन पूरे गांव में देर रात तक डर का माहौल बना रहा।

 

हाथियों की आवाजाही से ग्रामीण चिंतित

 

ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। इसके बावजूद समय पर सूचना और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों ने चिंता जताई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने तथा हाथियों की मौजूदगी की सूचना समय पर देने की व्यवस्था करने की मांग की है।

 

वन्यजीवों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में ग्रामीणों से सतर्क रहने, रात में अकेले बाहर नहीं निकलने और हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने या उसे उकसाने से बचने की अपील की जाती है। हाथी की सूचना तत्काल वन विभाग को देना जरूरी है।