कोरबा : हाथियों के आतंक से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम….

सुशील जयसवाल

 

पसान में फसल और मकानों को नुकसान से नाराज ग्रामीणों का प्रदर्शन, समस्या के समाधान की मांग

 

कोरबा। जिले के पसान क्षेत्र में हाथियों के लगातार उत्पात से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश आखिरकार सड़क पर उतर आया। हाथियों से फसलों और मकानों को हो रहे नुकसान तथा जनहानि की आशंका को लेकर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई।

ग्रामीणों द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), पोड़ी उपरोड़ा को सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि पिछले करीब डेढ़ महीने से लगभग 60 हाथियों का झुंड क्षेत्र में विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी से किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं और मकानों को भी नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बनी इस समस्या के कारण गांवों में भय का माहौल है तथा लोग अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

 

समाधान की मांग को लेकर प्रदर्शन

 

ग्रामीणों ने हाथियों से प्रभावित परिवारों को राहत देने, फसलों और मकानों को हुए नुकसान का आकलन कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि समस्या का प्रभावी समाधान नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

 

चक्काजाम के जरिए ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग का ध्यान अपनी परेशानी की ओर आकर्षित किया। अब ग्रामीणों की मांगों पर प्रशासन और वन विभाग की कार्रवाई पर नजर रहेगी।