अंबा कॉलोनी में पुलिस-जन संवाद, सुरक्षा और स्थानीय समस्याओं पर हुई सीधी चर्चा

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। जिले में बीट पुलिसिंग को और अधिक मजबूत और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सरकंडा क्षेत्र के अंबा कॉलोनी में उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आम नागरिकों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग शामिल हुए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की कानून व्यवस्था, असामाजिक गतिविधियों, यातायात समस्याओं सहित विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।

नागरिकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव खुलकर रखे, जिनके समाधान के लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बीट प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से अपने क्षेत्रों में भ्रमण करें, आम जनता से लगातार संपर्क बनाए रखें और सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए छोटी-बड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें।

पुलिस का यह प्रयास जनता के साथ विश्वास और समन्वय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।