
✍️ भागीरथी यादव
हैदराबाद/रायपुर। नक्सल मोर्चे से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। तेलंगाना में माओवादी संगठन की केंद्रीय समिति की सदस्य और मोस्ट वांटेड महिला नक्सली सुजाथा ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। संगठन में वह सुजाथक्का, पोथुला कल्पना, पद्मा और झांसी बाई जैसे नामों से जानी जाती थी।
सुजाथा पर पुलिस ने 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। बताया जाता है कि वह मारे गए शीर्ष नक्सली किशन जी की पत्नी भी रही है। उसके सरेंडर को नक्सल संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
तेलंगाना पुलिस ने आत्मसमर्पण की पुष्टि की है। वहीं, छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि करार दिया। उन्होंने बताया कि अब तक मुठभेड़, गिरफ्तारी और आत्मसमर्पण के चलते करीब 4 हजार नक्सली संगठन छोड़ चुके हैं। आने वाले छह महीनों में इतनी ही संख्या और घटने की संभावना है।
गृहमंत्री ने साफ कहा कि बचे हुए नक्सलियों के सामने अब केवल दो रास्ते हैं—या तो आत्मसमर्पण करें या गिरफ्तारी का सामना करें।






