✍️ भागीरथी यादव
24 घंटे के भीतर सीपत पुलिस ने सुलझाया मामला, चोरी के तार बेचकर खरीदी थी नई बाइक
सीपत/बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत में फ्लोटिंग सोलर परियोजना के लिए रखे कॉपर केबल वायर की चोरी के मामले में सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 2 क्विंटल 11 किलोग्राम कॉपर केबल वायर, घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा, एक नई हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल और 15,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए तारों को जलाकर उनमें से कॉपर निकालने के बाद कबाड़ी के पास बेचा गया था। मामले का खुलासा 24 घंटे के भीतर किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ब्रिज एंड रूफ कंपनी इंडिया लिमिटेड की ओर से एनटीपीसी सीपत टाउनशिप के उज्ज्वल नगर स्थित जलाशय-1बी में 26 मेगावाट की फ्लोटिंग सोलर परियोजना का काम कराया जा रहा है। परियोजना के साइड ऑफिस में 6 एमएम के कॉपर केबल वायर के 100 ड्रम रखे गए थे। 16 अक्टूबर को साइट की जांच के दौरान 12 ड्रम गायब मिले। इसके बाद कंपनी के कर्मचारी अरुण कुमार सिन्हा ने सीपत थाने पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सीपत पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राजकुमार देवार उर्फ अकड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चोरी की घटना में अन्य साथियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया।
खंडहर अस्पताल में जलाए तार, कबाड़ी के पास बेचा कॉपर
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अक्टूबर के पहले सप्ताह में रात के समय कंपनी कार्यालय की दीवार फांदकर केबल वायर के ड्रम चोरी किए थे। चोरी के बाद तारों को ई-रिक्शा में लादकर प्रगति नगर स्थित एक खंडहर अस्पताल परिसर में ले जाया गया, जहां उन्हें जलाकर कॉपर निकाला गया। इसके बाद करीब 2 क्विंटल 11 किलोग्राम कॉपर वायर नवाडीह के कबाड़ी नंद कुमार साहू को 2 लाख 106 रुपये में बेचने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, बिक्री से मिली रकम आरोपियों ने आपस में बांट ली थी। इसी रकम से एक आरोपी ने हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल खरीदी थी।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 2 क्विंटल 11 किलोग्राम कॉपर केबल वायर, घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा क्रमांक CG 10 CD 7142, एक हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल और 15,500 रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस ने सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
आठ आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार देवार उर्फ अकड़ी, देवी लाल देवार, उमाशंकर सूर्यवंशी, चंद्रप्रकाश सूर्यवंशी, चतुर राम खरे, अनिल कुमार सूर्यवंशी, चंद्रहास सूर्यवंशी और नंद कुमार साहू शामिल हैं। सभी आरोपी सीपत थाना क्षेत्र के प्रगति नगर, नरगोड़ा और झलमला क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
इस कार्रवाई में पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए कॉपर वायर की बरामदगी की है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।
