कटरा: वैष्णो देवी यात्रा में सुरक्षा और आपदा प्रबंधन दुरुस्त करने अधिकारियों की अहम बैठक

✍️ भागीरथी यादव   कटरा स्थित आध्यात्मिक विकास केंद्र में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ सचिन कुमार वैश्य की अध्यक्षता में सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई।   बैठक में श्राइन बोर्ड, रियासी पुलिस, सीआरपीएफ, अग्निशमन व आपातकालीन सेवाओं सहित सभी संबंधित एजेंसियों ने भाग लिया। सीईओ ने कहा कि नियमित मॉक ड्रिल बेहद जरूरी हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तेज और प्रभावी प्रतिक्रिया दी जा सके। उन्होंने एनडीआरएफ को अंतर-एजेंसी समन्वय और अभ्यास बढ़ाने के निर्देश दिए।   अग्निशमन विभाग को ट्रैक और श्राइन क्षेत्र का व्यापक अग्नि सुरक्षा ऑडिट करने को कहा गया। साथ ही एसओपी के कड़ाई से पालन, आपदा प्रबंधन भंडारों की जांच, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और दुकानों व ट्रैक किनारे काम करने वालों के त्वरित सत्यापन पर जोर दिया गया।   आईसीसीसी की वास्तविक समय निगरानी और निर्णय प्रणाली को तीर्थ सुरक्षा की रीढ़ बताते हुए सीईओ ने सुरक्षा उपकरणों की कार्यक्षमता की नियमित जांच तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल खरीद के निर्देश दिए।   सीईओ ने तीर्थ मार्ग पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की भी सिफारिश की, ताकि पूरे मार्ग पर सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया जा सके। सभी एजेंसियों ने आपसी समन्वय और तैयारी को और मजबूत करने पर सहमति जताई।

जशपुर में अवैध धान परिवहन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

  ✍️ भागीरथी यादव   झारखंड सीमा पर चेकपोस्टों का देर रात औचक निरीक्षण   जशपुर। राज्य शासन द्वारा धान संग्रहण और अवैध परिवहन पर रोक लगाने दिए गए निर्देशों के पालन में जशपुर जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर जशपुर के निर्देशानुसार जिले की सीमाओं पर निगरानी को और मजबूत किया गया है।   इसी क्रम में राजस्व विभाग की टीम ने जशपुर विकासखण्ड के ग्राम साईंटागर बैरियर के पास कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन JH01FW-7832 से 60 बोरी अवैध धान जप्त किया। जब्त धान और वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए लोदाम थाना पुलिस को सुपुर्द किया गया।   अवैध आवागमन पर रोक के लिए अधिकारी देर रात झारखंड सीमा से लगे विभिन्न चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों की जांच प्रक्रिया और निगरानी तंत्र की विस्तृत समीक्षा की तथा तैनात कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।   निरीक्षण दल में तहसीलदार जयश्री राजनपथे, नायब तहसीलदार अरुण कुमार, फूड इंस्पेक्टर, राजस्व अमला और पटवारी शामिल थे। टीम ने बताया कि धान खरीदी सीजन में अवैध परिवहन को रोकने के लिए लगातार सतर्कता और निगरानी बढ़ाई जाएगी।

मणिपुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: 48 घंटे में तीन उग्रवादी संगठन ध्वस्त, भारी हथियार बरामद

✍️ भागीरथी यादव   मणिपुर में जारी जातीय तनाव के बीच सुरक्षाबलों ने बीते 48 घंटों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों—यूएनएलएफ, पीएलए और पीआरईपीएके (प्रोग्रेसिव)—के सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया। संयुक्त अभियानों में एम-16 राइफल, एलआर और .303 हथियार, 52 मैगजीन, मोटो बम, पिस्टलें, ग्रेनेड, वॉकी-टॉकी सहित भारी मात्रा में युद्ध सामग्री बरामद की गई।   इंफाल वेस्ट के मोइरांग पोक, क्वाकेथेल और लैरेनसाजिक क्षेत्रों में असम राइफल्स व स्थानीय पुलिस कमांडो ने ऑपरेशन चलाकर तीन कैडरों को दबोचा। इसके अलावा 15 नवंबर को न्गाइरांगबाम के एक संदिग्ध ठिकाने से हथियारों का बड़ा जखीरा मिला।   असम राइफल्स ने कहा कि उग्रवादी गुट हाल के महीनों में फिर से सक्रिय होने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन लगातार मिल रही सफलताएँ बताती हैं कि सुरक्षा बल राज्य में शांति बहाली के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

टोकन तुहर हाथ’ ऐप बना किसानों का सशक्त सहायक, जिले के 129 उपार्जन केंद्रों में सुचारू धान खरीदी

✍️ भागीरथी यादव   धान खरीदी प्रक्रिया को सरल, आधुनिक और पूरी तरह पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शुरू किया गया ‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप इस वर्ष किसानों के लिए बड़ा तकनीकी वरदान साबित हो रहा है। ऐप ने किसानों को उपार्जन केंद्रों पर लगने वाली लंबी कतारों और भीड़भाड़ की समस्या से लगभग मुक्ति दिला दी है। अब किसान अपनी सुविधा के अनुसार घर बैठे मोबाइल से ही ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर रहे हैं।   जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिले के सभी 129 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की प्रक्रिया निरंतर और व्यवस्थित रूप से जारी है।   किसानों ने बताई ऐप की बड़ी उपयोगिता धान बेचने पहुंचे किसान श्री कमलेश ने बताया कि ऐप के कारण खरीदी व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आया है। उन्होंने कहा, “पहले घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ता था, लेकिन अब मोबाइल से ही टोकन कट जाता है। न भीड़, न परेशानी—हम किसानों के लिए यह बहुत बड़ी राहत है।”   नया केंद्र खुलने से मिली बड़ी राहत ग्राम पदुमसरा के श्री लोधी ने बताया कि पदमी में नए उपार्जन केंद्र के शुरू होने से आसपास के किसानों को अत्यधिक सुविधा मिली है। अब उन्हें दूरस्थ केंद्रों तक धान ले जाने में समय और खर्च बर्बाद नहीं करना पड़ता। उन्होंने बताया कि केंद्र में बोरे की उपलब्धता, सुव्यवस्थित तौल, पीने के पानी व छाया की व्यवस्था तथा कर्मचारियों का सहयोग—सब कुछ व्यवस्थित और किसान हितैषी है।   3100 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य से बढ़ी खुशहाली शासन द्वारा घोषित ₹3100 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य को किसान ऐतिहासिक और अत्यंत लाभकारी कदम बता रहे हैं। किसान कमलेश लोधी का कहना है, “यह दर हमारे जीवन में नई खुशहाली लेकर आई है। यह अब तक का सबसे बड़ा किसान हितैषी निर्णय है।”   किसानों की बढ़ी सुविधाएँ, तकनीक का व्यापक उपयोग और उपार्जन केंद्रों की मजबूत व्यवस्थाएँ इस बात का स्पष्ट संकेत हैं कि इस वर्ष की धान खरीदी प्रक्रिया पारदर्शिता, दक्षता और सुगमता का नया मानदंड स्थापित कर रही है।

अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई: दो वाहन जप्त, 336.20 क्विंटल धान बरामद

✍️ भागीरथी यादव   राज्य में धान खरीदी सीजन की शुरुआत के साथ ही मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अंतर्राज्यीय सीमाओं पर धान के अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। इसी के परिपालन में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में प्रशासन सक्रिय हो गया है।   कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देशन में खाद्य विभाग की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 336.20 क्विंटल धान जप्त किया है।   पहली कार्रवाई — 15 नवम्बर महिंद्रा पिकअप वाहन से 27.20 क्विंटल धान महाराष्ट्र के ग्राम मुरूमगांव निवासी तरुण यादव द्वारा औंधी लाया जा रहा था। टीम ने वाहन को रोककर धान जप्त किया और पूरा मामला थाना औंधी को सौंप दिया। दूसरी बड़ी कार्रवाई — 16 नवम्बर चिल्हाटी क्षेत्र में खाद्य विभाग की टीम ने सचदेव फूड प्रोडक्ट, रायपुर द्वारा महाराष्ट्र से चिल्हाटी लाए जा रहे 309 क्विंटल धान को वाहन क्रमांक CG 16 CJ 8710 से जब्त किया। वाहन एवं धान को आगे की कार्रवाई हेतु थाना चिल्हाटी को सुपुर्द किया गया।   इस कार्रवाई में खाद्य विभाग के श्री आशीष रामटेके, श्री धरमू राम किंरगे, श्री विश्वनाथ एवं श्री हेमंत नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।   राज्य सरकार के निर्देशों के बाद प्रशासन की यह त्वरित कार्रवाई अवैध धान परिवहन पर लगाम लगाने की दिशा में प्रभावी कदम मानी जा रही है।

कोरबा में दीपका पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोटरसाइकिल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, 14 बाइक और 6 SECL रोलर बरामद

  कोरबा। थाना दीपका पुलिस ने मोटरसाइकिल और औद्योगिक उपकरण चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह पर बड़ी कार्यवाही करते हुए पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 14 चोरी की मोटरसाइकिलें और SECL के 6 चोरी किए गए रोलर बरामद किए हैं। साथ ही गिरोह के 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से मुख्य आरोपी जय सिंह पटेल, जो विभिन्न थानों में दर्ज 10 मामलों में वांटेड था, भी पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। लगातार कार्रवाई का नतीजा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर तथा नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल कुमार पाठक के मार्गदर्शन में जिले में आपराधिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दीपका पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली। ऐसे हुआ चोरी का खुलासा दीपका SECL खदान से रोलर चोरी होने की शिकायत प्रार्थी मोहम्मद असलम ने दर्ज कराई थी। प्रकरण में अपराध क्रमांक 405/2025 धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।   जांच के दौरान मुखबिर से मिले इनपुट पर संदेही जय सिंह पटेल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर दीपका व कुसमुंडा थाना क्षेत्र तथा सर्वमंगला चौकी क्षेत्र से मोटरसाइकिलें चोरी करने और SECL खदान से रोलर चोरी करने की बात स्वीकार की।   उसके मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस टीम ने 14 बाइक और 6 रोलर बरामद कर लिए। गिरफ्तार आरोपी 1. जय सिंह पटेल (27 वर्ष), निवासी कोहड़िया, थाना सिविल लाइन रामपुर 2. अनस खान (24 वर्ष), निवासी नया बस स्टैंड, पाली 3. शिवचरण (31 वर्ष), निवासी रेनपुर, थाना दीपका 4. रामप्रसाद रोहिदास (25 वर्ष), निवासी झाबर, थाना दीपका 5. लालजी यादव (30 वर्ष), निवासी चैनपुर, थाना दीपका 6. इमरान अंसारी (21 वर्ष), निवासी ज्योति नगर, दीपका 7. सुनील देवार (25 वर्ष), निवासी देवार पारा, बलोदा, जिला जांजगीर-चांपा सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बरामद सामग्री पुलिस ने हीरो, होंडा, टीवीएस और बजाज कंपनियों की विभिन्न मॉडल की 14 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। साथ ही SECL के 6 औद्योगिक रोलर भी चोरी के मामले में बरामद किए गए हैं। बरामद वाहनों की पहचान कर उन्हें वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दीपका पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

जांजगीर-चांपा: सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करने कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

✍️ भागीरथी यादव   जांजगीर-चांपा, 17 नवम्बर 2025   कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनदर्शन में प्राप्त हर आवेदन का त्वरित, पारदर्शी और समय-सीमा में निराकरण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। जनदर्शन में आज कुल 59 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें— ग्राम तुलसी (नवागढ़) निवासी श्रीमती लीला मधुकर ने राशन कार्ड संबंधी समस्या रखी। ग्राम पेण्ड्री (जांजगीर) की श्रीमती पुनीबाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। बजरंगी चौक मेहर पारा (चांपा) निवासी श्रीमती सत्यभामा देवांगन ने पेंशन स्वीकृति की मांग रखी। ग्राम मरकाडीह के अरविन्द कुमार ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना से जुड़ा आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर महोबे ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदनकर्ता को समय पर उचित समाधान मिलना चाहिए, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनदर्शन के माध्यम से जिला प्रशासन एक बार फिर जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराता नजर आया।

विद्यालय बना ‘मदिरालय’! नशे में चूर शिक्षक दादूराम बैगा पर गंभीर आरोप, बच्चों का भविष्य संकट में

एमसीबी/ भरतपुर। शिक्षा के मंदिर को कुछ लोग मंदिर नहीं, मदिरालय बना रहे हैं—और इसका सबसे ताज़ा उदाहरण है भरतपुर ब्लॉक के दूरस्थ वनांचल ग्राम ठोरगी की प्राथमिक शाला। महज 14–15 घरों और लगभग 100 की आबादी वाले इस छोटे से गांव की यह शाला आज गंभीर शिक्षा संकट का केंद्र बन चुकी है। स्कूल में पदस्थ प्रधानपाठक दादूराम बैगा पर ग्रामीणों ने ऐसे आरोप लगाए हैं, जिन्हें सुनकर हर अभिभावक का मन झकझोर उठे।   स्कूल में ही पीते, सोते और खाना बनाते… शिक्षा कहाँ? ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक दादूराम बैगा का अधिकतर समय शराब के नशे में स्कूल परिसर में ही बितता है। वे स्कूल को अपना निजी आवास बनाकर वहीं सोते, खाना बनाते और नशा करते हैं। नतीजतन बच्चों की पढ़ाई बिल्कुल ठप्प पड़ गई है। ग्रामवासी हुबलाल सिंह ने बताया— “हमने कहा था कि 5वीं तक बच्चों को मन लगाकर पढ़ा दो, आगे हम संभाल लेंगे। पर गुरुजी दारू पीते हैं और कहते हैं—‘अपने आप पढ़ लो।’ बच्चे बताते हैं कि गुरुजी रोज स्कूल में ही दारू पीकर बैठे रहते हैं। ऐसे में पढ़ाई कैसे होगी?” शराब की बदबू में पढ़ते मासूम बच्चे आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रामकली की पुष्टि और भी गंभीर तस्वीर पेश करती है— “शाम को भी पी लेते हैं, रात को भी। कहीं और कमरा नहीं लिया है, स्कूल ही ठिकाना बना लिया है।” ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे रोज शिक्षक के नशे की बदबू और व्यवहार को देख रहे हैं, जिससे उन पर गलत असर पड़ रहा है। मिड-डे मील में भी अनियमितता—बच्चों को परोसा जा रहा खराब चावल शिक्षक पर केवल शराबखोरी ही नहीं, मिड-डे मील में खराब चावल देने के भी आरोप लगे हैं। जब प्रधानपाठक बैगा से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा— “चावल खराब नहीं है, बस पानी गिर गया था। धोकर दे रहे हैं।” पर बच्चों ने उनके दावे की पोल खोल दी। छात्र बी.एल. सिंह ने बताया— “हम वही चावल खाते हैं जो गंदा है। बस साफ कर देते हैं।” छात्र अजीत कुमार सिंह ने कहा— “गुरुजी रोज शाम को दारू पीकर कुर्सी में पलथी मारकर बैठ जाते हैं। चावल खराब ही मिलता है।” विद्यालय की हालत दयनीय—बच्चे बुनियादी ज्ञान से भी वंचित ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक की लापरवाही ने बच्चों की पढ़ाई का पूरा ढांचा चौपट कर दिया है। कक्षा के अनुरूप बच्चों को बुनियादी जानकारी तक नहीं है। गुस्से में उपसरपंच—“गुरुजी पढ़ाने के लिए हैं, शराब पीने के लिए नहीं” उपसरपंच चंद्र प्रताप सिंह ने नाराजगी जताते हुए कहा— “बच्चों का भविष्य बर्बाद हो रहा है। ऐसे शिक्षक को तुरंत हटाया जाए और स्कूल की व्यवस्था सुधारी जाए।” प्रशासन की अनदेखी पर भी उठे सवाल ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से शिकायत कर रहे हैं, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। “यदि अधिकारी एक बार भी मौके पर आ जाएं, तो सारी सच्चाई सामने आ जाएगी। स्कूल में पढ़ाई नहीं, सिर्फ शराब की बदबू मिलती है,” ग्रामीणों ने कहा। BEO का बयान—शिकायत मिली, जांच के निर्देश विकासखंड शिक्षा अधिकारी सच्चिदानंद साहू ने कहा— “शिकायत मिली है। जांच के निर्देश दिए गए हैं। आरोप सही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।” अब ग्रामीणों को कार्रवाई की उम्मीद गांव के लोग अब प्रशासन की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। उनका कहना है कि यदि इस बार भी सिर्फ जांच का आश्वासन मिला और वास्तविक कार्रवाई नहीं हुई, तो बच्चों का भविष्य अंधकार में डूबता रहेगा। गांव की आवाज साफ है—“शिक्षक चाहिए, मदिराधारी नहीं। शिक्षा चाहिए, नशा नहीं। बच्चों का भविष्य बचाओ।”  

चिरमिरी में विदेशी शराब में मिलावट की आशंका! दुकानों के केबिनों पर उठे गंभीर सवाल, उपभोक्ताओं में बढ़ी चिंता

  एमसीबी/ चिरमिरी। शहर में विदेशी शराब की बिक्री को लेकर मिलावट की आशंका ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। चिरमिरी में संचालित 5 विदेशी शराब दुकानों में बने केबिन अब संदेह के केंद्र बन गए हैं। उपभोक्ताओं का दावा है कि इन केबिनों के भीतर कुछ लोगों को बोतलों की सील खोलते, छेड़छाड़ करते और संदिग्ध गतिविधियाँ करते देखा गया है, जिससे शराब की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।   स्थानीय लोगों का कहना है कि बोतलों की सील इतनी सफाई से खोली जाती है कि आम ग्राहक को ज़रा भी अंदाजा नहीं लगता। इससे उपभोक्ताओं में यह आशंका और गहरी हो गई है कि कहीं बाजार में मिलावटी या घटिया शराब तो नहीं पहुंच रही।   इसके उलट, मनेंद्रगढ़ से लगे एमपी क्षेत्र की दुकानों में किसी तरह का केबिन नहीं है, जिससे वहां ऐसी गतिविधियों की संभावना कम मानी जाती है। यह अंतर चिरमिरी की दुकानों की कार्यप्रणाली को और संदिग्ध बना रहा है।   निवासियों ने शराब दुकानों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि किसी उपभोक्ता को शिकायत दर्ज करवानी हो तो विभागीय अधिकारियों से संपर्क करना आसान नहीं होता। कई बार शिकायतें सही जगह तक पहुँच ही नहीं पातीं, जिससे उपभोक्ताओं की समस्याएँ अनसुनी रह जाती हैं।   लोगों ने आबकारी विभाग से व्यापक और पारदर्शी जांच की मांग की है ताकि दुकानों में बेची जा रही शराब की गुणवत्ता की पुष्टि हो सके और किसी भी संभावित अनियमितता पर अंकुश लगाया जा सके।   स्थानीय निवासियों का आरोप है कि वर्षों से एक ही जगह जमे हुए कुछ सुपरवाइजर और उनके सहयोगियों ने दुकान संचालन को अपने नियंत्रण में कर रखा है। “अंगद की तरह पैर जमाए बैठे ये लोग ऐसा खेल खेल रहे हैं कि सब कुछ पानी की तरह बह रहा है, लेकिन कोई रोकने वाला नहीं,” लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा।   इसके साथ ही कुछ अधिकारी भी सवालों के घेरे में हैं। लोगों का आरोप है कि अधिकारियों की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा और स्वास्थ्य नहीं, बल्कि अपना लाभ साधना रह गया है। परिणामस्वरूप आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ हो रहा है।   स्थानीय जनता ने स्पष्ट कहा है कि यदि विभाग समय-समय पर कड़ी निगरानी, नियमित चेकिंग और सीसीटीवी आधारित पारदर्शी मॉनिटरिंग लागू करे, तो ऐसी शंकाओं पर स्वतः रोक लग सकती है और उपभोक्ता सुरक्षित रहेंगे।   चिरमिरी के नागरिक अब आबकारी विभाग से कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे हैं, ताकि सच सामने आ सके और शराब बिक्री व्यवस्था में सुधार लाया जा सके।

थाना चिरमिरी में चला बड़ा यातायात जागरूकता अभियान, दो ओवरलोड ट्रकों पर ₹46,000 का चालान

  एमसीबी/ चिरमिरी। थाना चिरमिरी पुलिस द्वारा शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विशेष यातायात जागरूकता रथ को नगर के सभी 40 वार्डों में भेजा गया, जहां लोगों को यातायात नियमों के महत्व, उनकी जरूरत और पालन से होने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। अभियान के दौरान नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की गई। बरतूंगा से छोटीबाजार मार्ग में ओवरलोड आवाजाही की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में ट्रक क्रमांक CG10 AX 1417 में 4 टन और CG16 BL 1268 में 9 टन अतिरिक्त माल लोड पाया गया। इस पर क्रमशः ₹18,000 और ₹28,000 का चालान काटते हुए कुल ₹46,000 की कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी विजय सिंह ने स्पष्ट किया कि पुलिस का रवैया आम जनता के लिए हमेशा सहयोगपूर्ण है, लेकिन यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्ती जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि “सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, इसलिए हर नागरिक को यातायात नियमों का पालन करना आवश्यक है।”   इसी अभियान के तहत बीते दिन बिना हेलमेट दोपहिया चालकों पर भी विशेष जांच अभियान चलाया गया। कई चालक बिना हेलमेट पकड़े गए, जिन्हें मौके पर समझाइश दी गई। कुछ लोगों ने वहीं हेलमेट खरीदकर नियमों का पालन किया, जिससे अभियान का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। पुलिस ने नागरिकों से प्रमुख नियमों का पालन करने की अपील की— दोपहिया पर तीन सवारी न बैठाएं बिना हेलमेट वाहन न चलाएं सड़क पर अनावश्यक भीड़ या उत्सव कर रास्ता जाम न करें सभी कागजात, लाइसेंस साथ रखें सही नंबर प्लेट लगाएं चारपहिया में सीट बेल्ट अनिवार्य शराब पीकर वाहन न चलाएं प्रेशर हार्न का उपयोग न करें नाबालिगों को वाहन बिल्कुल न सौंपें थाना प्रभारी ने बताया कि यह जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और नागरिकों में सुरक्षित यातायात के प्रति संवेदनशीलता बढ़ सके।  

अन्य खबरे

दरी थाना पहुंची हसदेव स्कूल की टोली, TI आशीष सिंह ने बच्चों को समझाई पुलिस और कानून की जिम्मेदारी
महाराणा प्रताप चौक पर चाकू लहराकर लोगों को डराने वाले दो युवक गिरफ्तार, दो अन्य पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
झाड़-फूंक के बहाने घर से पार किए थे सोने-चांदी के जेवर और नकदी, दो साल बाद महिला गिरफ्तार
जनकपुर काष्ठागार में लकड़ी घोटाले का खुलासा: टीपी में 150 की जगह ट्रक से निकली 208 नग लकड़ी, 58 नग अतिरिक्त मिलने से मचा हड़कंप
तिल्दा-नेवरा में 16 मार्च को चेट्रीचंड्र महोत्सव, वर्ल्ड फेमस नंबर वन सिंधी सिंगर मोहित लालवानी देंगे प्रस्तुति
खेत में युवक की संदिग्ध हालत में मिली लाश, सिर पर चोट के निशान — जांच में जुटी पुलिस