बिहार चुनाव में वोटिंग का जोर, कई जिलों में दोपहर तक 50% के करीब मतदान
✍️ भागीरथी यादव बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान बेहद उत्साहजनक रहा। दोपहर 1 बजे तक कई जिलों में मतदान प्रतिशत 50% के आसपास पहुँच गया। किशनगंज 51.86%, बांका 50.07%, गया 50.95% और जमुई 50.91% के साथ सबसे आगे रहे। पश्चिम चंपारण, कटिहार, पूर्णिया, अररिया, सुपौल और कई अन्य जिलों में भी मतदान 45–49% के स्तर पर पहुंचा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार महिला और युवा मतदाताओं की बढ़ी भागीदारी ने वोटिंग प्रतिशत को नई ऊँचाई दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे साफ है कि जनता बदलाव और सक्रिय भागीदारी के मूड में है। चुनाव आयोग के अनुसार इस चरण में 3 करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता 45,399 मतदान केंद्रों पर अपने प्रतिनिधियों का चयन कर रहे हैं, जिनमें 1.95 करोड़ से अधिक पुरुष और 1.74 करोड़ से अधिक महिला मतदाता शामिल हैं।
इंद्रावती टाइगर रिज़र्व में पहली बार दिखा स्मूथ-कोटेड ऊदबिलाव: छत्तीसगढ़ को मिली बड़ी सफलता
छत्तीसगढ़ के इंद्रावती टाइगर रिज़र्व से वन्यजीव संरक्षण को लेकर उत्साहजनक खबर मिली है। राज्य में पहली बार स्मूथ-कोटेड ऊदबिलाव (Lutrogale perspicillata) की फोटोग्राफिक पुष्टि हुई है। यह जानकारी हाल ही में IUCN Otter Specialist Group Bulletin में प्रकाशित शोध पत्र में सामने आई। नोवा नेचर वेलफेयर सोसाइटी की शोधकर्ता टीम — म. सुरज, मोइज़ अहमद, आलोक कुमार साहू, कृष्णेंदु बसाक और मयंक बागची — ने डिप्टी डायरेक्टर श्री संदीप बल्गा के मार्गदर्शन में इंद्रावती नदी के 15 किलोमीटर क्षेत्र में तीन महीने सर्वे कर यह सफलता हासिल की। स्थानीय ग्रामीणों की जानकारी ने इसमें अहम भूमिका निभाई। स्मूथ-कोटेड ऊदबिलाव एशिया की एक संकटग्रस्त प्रजाति है, जिसे भारत के वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची–I में शामिल किया गया है। यह नदी-पर्यावरण के स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण संकेतक माना जाता है। इस खोज के साथ छत्तीसगढ़ अब उन चुनिंदा राज्यों में शामिल हो गया है जहां ऊदबिलाव की तीनों भारतीय प्रजातियाँ — स्मूथ-कोटेड, एशियाई स्मॉल-क्लॉड और यूरेशियन — पाई जाती हैं। वन विभाग ने कहा है कि इस दुर्लभ प्रजाति की उपस्थिति के बाद संरक्षण प्रयास और मजबूत किए जाएंगे। शोधकर्ताओं ने भी इंद्रावती–गोदावरी नदी तंत्र में बड़े स्तर पर सर्वे और जागरूकता अभियान की आवश्यकता पर बल दिया है।
पाली पटेल समाज की वर्षों पुरानी मांग पूरी, 21 लाख की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण का भूमिपूजन संपन्न
👌 भागीरथी यादव रिपोर्ट : ज्ञान शंकर तिवारी, पाली कोरबा/पाली :- पटेल समाज की लंबे समय से चली आ रही बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी हो गई है। पाली नगर पंचायत क्षेत्र में पटेल समाज के लिए सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण को शासन द्वारा 21 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। इसी के तहत मंगलवार को नपं अध्यक्ष अजय जायसवाल ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। पाली नगर में पटेल समाज की जनसंख्या अधिक होने के साथ-साथ समाज की राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में प्रभावशाली भूमिका रही है। समाज द्वारा वर्षों से सामुदायिक भवन की मांग की जा रही थी। हाल ही में इसी स्थल पर माता शाकंभरी के भव्य मंदिर का निर्माण और स्थापना भी की गई है। सामुदायिक भवन बनने से धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रमों के संचालन में सुगमता आएगी। समाज के लोगों में इस पहल को लेकर उत्साह और हर्ष का माहौल है। भूमिपूजन कार्यक्रम में नपं अध्यक्ष अजय जायसवाल सहित पूर्व अध्यक्ष एवं पार्षद उमेश चंद्र (बंटू), पार्षद बबलू पटेल, पार्षद दीप्ति दीपक शर्मा, पार्षद आशा समीन पटेल, पार्षद ज्योति ऊईके, मुरली मनोहर पटेल, दीपाली राय, भाजयुमो जिला मीडिया प्रभारी दीपक शर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुजरात के NAMTECH संस्थान का किया भ्रमण, छत्तीसगढ़ में आधुनिक तकनीकी शिक्षा के विकास पर दिया जोर
👌 भागीरथी यादव गांधीनगर/रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज गुजरात की राजधानी गांधीनगर स्थित NAMTECH (National Advanced Manufacturing Technology Institute) का भ्रमण किया। यह संस्थान मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी की पढ़ाई को नवीन और व्यावहारिक तरीके से सिखाने के लिए प्रसिद्ध है। मुख्यमंत्री ने संस्थान के विभिन्न विभागों, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और तकनीकी सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर यह जाना कि वे प्रोजेक्ट्स और मशीनों पर कार्य करते हुए किस प्रकार व्यावहारिक ज्ञान अर्जित कर रहे हैं। — छत्तीसगढ़ में स्थापित होंगे आधुनिक तकनीकी संस्थान मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुजरात महात्मा गांधी और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पवित्र भूमि है, जिसने देश को विकास, आत्मनिर्भरता और नवाचार का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ में भी ऐसे संस्थान स्थापित हों, जहाँ युवाओं को आधुनिक तकनीक, औद्योगिक प्रशिक्षण और स्वरोजगार के अवसर मिलें। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अब आईटीआई कॉलेजों को आधुनिक रूप देने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और डिजिटल ट्रेनिंग जैसी नई तकनीकों को शिक्षा व्यवस्था में शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, > “युवा छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताक़त हैं। हम ऐसे युवाओं को तैयार कर रहे हैं जो नई सोच और आधुनिक तकनीक के साथ विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करेंगे।” — छत्तीसगढ़ और NAMTECH के बीच सहयोग की नई पहल NAMTECH संस्थान के प्रबंधन ने मुख्यमंत्री को बताया कि गुजरात में उन्होंने एक नेटवर्क मॉडल विकसित किया है, जिसके तहत कॉलेजों को आपस में जोड़कर शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाया गया है। इस मॉडल से छात्र नई तकनीक सीखकर सीधे उद्योगों में काम करने में सक्षम हो रहे हैं। प्रबंधन ने मुख्यमंत्री को यह भी आश्वासन दिया कि वे छत्तीसगढ़ में भी सहयोग करने के इच्छुक हैं। प्रस्तावित योजना के अनुसार राज्य के कुछ आईटीआई कॉलेजों को जोड़कर एक नेटवर्क तैयार किया जाएगा, जिससे हर वर्ष लगभग 10,000 युवाओं को नई तकनीक और औद्योगिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा सकेगा। — भविष्य की दिशा मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में आधुनिक मशीनें, स्मार्ट क्लासरूम और डिजिटल ट्रेनिंग लैब्स शुरू की जाएंगी, ताकि विद्यार्थी शिक्षा के साथ वास्तविक कार्य कौशल विकसित कर सकें। — इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, सचिव श्री राहुल भगत, उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के सचिव श्री एस. भारतीदासन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
दिल्ली के लाल किले के पास धमाके के बाद बिहार समेत कई राज्यों में हाई अलर्ट, चुनावी माहौल में सुरक्षा कड़ी
👌 भागीरथी यादव दिल्ली में लाल किले के नजदीक सोमवार शाम मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में हुए भीषण विस्फोट के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। धमाके में आसपास खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कई लोग मारे गए और अनेक घायल हुए। इस घटना ने पूरे देश को हिला दिया है। चुनावी बिहार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, राज्यव्यापी हाई अलर्ट जारी बिहार में आज 11 नवंबर को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान है। ऐसे में घटना के तुरंत बाद बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया। आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) समेत सभी सुरक्षा एजेंसियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। एटीएस के डीआईजी ने सभी जिलों के एसएसपी और रेल पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने का आदेश जारी किया है। 10 बिंदुओं वाली थ्रेट एडवाइजरी जारी एटीएस बिहार द्वारा जारी विशेष एडवाइजरी में निम्न निर्देश शामिल हैं— धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों और भीड़-भाड़ वाले बाजारों में सघन निगरानी रेलवे व मेट्रो स्टेशनों, बस अड्डों और मॉल में कड़ी चेकिंग पुलिस गश्त बढ़ाना और सीसीटीवी की 24 घंटे मॉनिटरिंग सीमावर्ती जिलों में चेकपॉइंट मजबूत करना संदिग्ध वाहन, व्यक्ति या किसी परित्यक्त वस्तु पर तत्काल कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय शांति समितियों और स्थानीय व्हाट्सऐप ग्रुपों को सक्रिय करना सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई राजधानी पटना में सुरक्षा सख्त, रेलवे स्टेशन–बस स्टैंड पर जांच तेज पटना में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं। पटना जंक्शन पर एटीएस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमों ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया है। बम डिस्पोजल स्क्वाड और डॉग स्क्वाड तैनात किए गए हैं। हर यात्री की बॉडी चेकिंग, सामान की स्कैनिंग और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। मीठापुर बस स्टैंड, गांधी मैदान, बोरिंग रोड चौराहा तथा प्रमुख बाजारों में व्यापक चेकिंग चल रही है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को धार्मिक स्थलों, मॉल, सिनेमाघरों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान शुरू
👌 भागीरथी यादव बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के तहत आज मंगलवार सुबह सात बजे से 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू हो गया। इस चरण में लगभग 3.7 करोड़ मतदाता कुल 1,302 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव आयोग ने सुरक्षा को लेकर व्यापक प्रबंध किए हैं। सीमांचल सहित सभी जिलों में 4 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इस चरण में कुल 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 40,073 ग्रामीण तथा 5,326 शहरी बूथ शामिल हैं। सुबह के समय मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है। शाम तक सभी 122 सीटों पर मतदान संपन्न होगा।
दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत – दो गंभीर
रिपोर्ट : सुशील जायसवाल कोरबी, चोटिया कोरबी क्षेत्र के लमना गांव के पास सोमवार 10 नवंबर की शाम लगभग 4:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130 पर दो मोटरसाइकिलों की तेज रफ्तार में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि लोड़ीबहरा निवासी पवन सिंह तवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कटघोरा की ओर से मनेंद्रगढ़ दिशा की ओर जा रहे युवकों की बाइक और मातिन की ओर जा रहे पवन सिंह तवर की बाइक की तेज रफ्तार में सीधी भिड़ंत हुई। टक्कर के बाद दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही डायल 112 और बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मृतक का शव पोड़ी-उपरोड़ा अस्पताल के मरच्युरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
कोरबा में उमेश यादव का प्रभावी शक्ति प्रदर्शन, राहुल टिकरिया के स्वागत में दिखी राजनीतिक सक्रियता
✍️ भागीरथी यादव कोरबा। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के पूर्व जिला उपाध्यक्ष उमेश यादव ने सोमवार को ऐसा शक्ति प्रदर्शन किया, जिसने जिले की युवा राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी। BJYM के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया के कोरबा आगमन पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम न सिर्फ भव्य रहा, बल्कि राजनीतिक संकेतों से भी भरपूर दिखा। शहर के मुख्य चौराहों से लेकर प्रमुख मार्गों तक, हर ओर उमेश यादव के नेतृत्व में लगाए गए पोस्टर, बैनर और फ्लैक्स शहर की राजनीतिक हवा का रुख बयान करते नजर आए। स्वागत रैली में उमेश यादव के साथ बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता डटे रहे, जिससे उनके मजबूत संगठनात्मक नेटवर्क का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। उमेश यादव, जो उपाध्यक्ष पद पर रहते हुए ही जमीनी स्तर पर सक्रिय नेता के रूप में पहचाने जाते रहे हैं, एक बार फिर साबित कर गए कि युवा मोर्चे में उनकी पकड़ अभी भी उतनी ही मजबूत है। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। एक युवक ने हंसते हुए कहा— “उमेश यादव कदम रख दें, तो माहौल खुद-ब-खुद बन जाता है।” संगठन से जुड़े सूत्र बताते हैं कि उमेश यादव को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं संघ से लगातार मार्गदर्शन मिलता रहा है, जिसने उनकी भूमिका को और सशक्त किया है। यही कारण है कि संगठन के भीतर उन्हें जिला अध्यक्ष पद के संभावित और मजबूत चेहरे के रूप में देखा जाने लगा है। राहुल टिकरिया के स्वागत में दिखाई दिया विशाल जनसमूह और शक्ति प्रदर्शन इस बात का साफ संकेत है कि आने वाले समय में कोरबा की युवा राजनीति में उमेश यादव और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह शक्ति प्रदर्शन जिले में भविष्य की संगठनात्मक दिशा तय करने में अहम साबित होगा।
पाली में युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगीराज टिकरिहा का जोरदार स्वागत
रिपोर्ट – ज्ञान शंकर तिवारी, पाली छत्तीसगढ़ भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगीराज टिकरिहा के प्रथम आगमन पर शिव की नगरी पाली में भव्य स्वागत किया गया। नगर में कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे, आतिशबाज़ी और विशाल महामाला के साथ उत्साहपूर्ण माहौल बनाया। कार्यक्रम में नगर पंचायत क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में राहुल योगीराज टिकरिहा ने कहा कि युवा मोर्चा सदैव संगठन की अग्रिम पंक्ति में रहकर कार्य करता आया है। चाहे राज्य का 25वां स्थापना दिवस हो या कोई बड़ा राजनीतिक आयोजन — युवा मोर्चा ने हमेशा दायित्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में स्नातकोत्तर छात्र तथा पूर्व प्रवक्ता के रूप में उनका अनुभव संगठन को मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष के दायित्व को प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ मिलकर पूरी निष्ठा से निभाया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुँचाना ही युवा मोर्चा का लक्ष्य है, चाहे वह कॉलेज के विद्यार्थी हों, स्कूल के छात्र या युवा व्यवसायी। राहुल योगीराज ने मतदाता सूची पुनर्निरीक्षण अभियान को लोकतंत्र की महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताते हुए बूथ से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक संगठन को मज़बूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल ने कहा कि पार्टी को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की क्षमता युवाओं में है। वहीं पूर्व जिला उपाध्यक्ष संजय भावनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में चल रही योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में युवा मोर्चा सबसे बड़ी भूमिका निभा सकता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता, कॉलेज छात्र, ग्राम प्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी और भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत कर संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल, मुकेश कौशिक, विशाल मोटवानी, दिलीप पटेल, राजा डिक्सेना, तारकेश्वर पटवा, पार्षद दीप्तिदीपक शर्मा, अनिरुद्ध जायसवाल, दीपक राजपूत, सुनील साहू, सनी जायसवाल आदि उपस्थित रहे।
दुमका में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: पिता समेत तीन गिरफ्तार, एक आरोपी फरार
✍️ भागीरथी यादव दुमका – जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी लाखो उर्फ काजल की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस जघन्य वारदात में शामिल तीन आरोपियों—किशोरी के पिता निर्मल हाजरा, दिघी गांव निवासी विभीषण पासवान और काजल पासवान—को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वारदात का मुख्य साजिशकर्ता और काजल से एकतरफा प्रेम करने वाला युवक अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। शादी से इंकार बनी मौत की वजह हंसडीहा प्रभाग के पुलिस इंस्पेक्टर विशुनदेव पासवान के अनुसार, काजल से ककनी गांव का एक युवक एकतरफा प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। जबकि काजल बरहेट गांव के दिलखुश नामक युवक से प्रेम करती थी। काजल के परिजन उसे ककनी वाले युवक से विवाह कराना चाहते थे, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया था। यही इनकार उसकी जान का कारण बन गया। जंगल में रची गई खौफनाक साजिश पुलिस अधिकारी ने बताया कि 28 अक्टूबर को काजल को उसके एक रिश्तेदार और एकतरफा प्रेमी बहाने से पास के जंगल में ले गए। वहाँ उसे शादी के लिए मजबूर किया गया। जब काजल राजी नहीं हुई, तो उसके पिता और दो अन्य आरोपियों को जंगल में बुलाया गया और मौके पर ही हत्या की साजिश रची गई। आरोपियों ने पहले किशोरी के हाथ-पैर बांधे और फिर धारदार हथियार से उसकी गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने और पुलिस को भ्रमित करने के उद्देश्य से काजल के कटे हुए सिर को बालों से बांधकर एक कपड़े की मदद से पेड़ पर लटका दिया गया, जबकि उसका धड़ जमीन पर ही छोड़ दिया गया। फरार आरोपी की तलाश जारी पुलिस ने बताया कि हत्या का मुख्य कारण जबरन शादी का दबाव और काजल का विरोध था। तीनों गिरफ्तार आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।















