राज्योत्सव में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का स्टाल बना आकर्षण का केंद्र
✍️ भागीरथी यादव रायपुर। राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष पर नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का स्टाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस स्टाल में विभाग की प्रमुख योजनाओं और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी उपलब्धियों को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2024 में शुरू की गई ‘एक पेड़ माँ के नाम’ योजना को स्टाल में विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। इस योजना के तहत अब तक 6.41 करोड़ पौधे छत्तीसगढ़ में लगाए जा चुके हैं। वहीं, राज्य में विकसित किए जा रहे मियावाकी फॉरेस्ट और ग्रीन गुफा जैसी पहलें हरित पर्यावरण और जलवायु संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही हैं। स्टाल में हांदावाड़ा जलप्रपात (नारायणपुर), कुटुमसर गुफा (कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान) और बारनवापारा अभयारण्य जैसे प्रमुख प्राकृतिक स्थलों की झलक भी दी गई है। वन्यजीव संरक्षण के सफल प्रयासों के चलते राज्य में काला हिरण की संख्या 77 से बढ़कर 190 और बाघों की संख्या वर्ष 2021 के 17 से बढ़कर अप्रैल 2025 में 35 तक पहुंच गई है। विभाग की ‘गज संकेत’ ऐप और ‘गजरथ यात्रा’ जैसी पहलें मानव-हाथी संघर्ष को कम करने में कारगर साबित हुई हैं। इसके अलावा, औषधीय पौधों के संरक्षण और ‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ ब्रांड के माध्यम से वन संपदा के मूल्यवर्धन पर भी बल दिया जा रहा है। स्टाल में कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान की ग्रीन गुफा परियोजना और घोटुल संस्था से जुड़ी जानकारी भी प्रदर्शित की गई है, जो बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति को उजागर करती है। राज्योत्सव में पहुंचे आगंतुकों ने विभाग के इस स्टाल को न केवल आकर्षक बल्कि ज्ञानवर्धक भी बताया। पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और सतत विकास के संदेश से सुसज्जित यह स्टाल छत्तीसगढ़ की हरित उपलब्धियों की जीवंत तस्वीर पेश कर रहा है।
आधार कार्ड नियमों में बड़ा बदलाव, अब ऑनलाइन ही कर सकेंगे अपडेट
✍️ भागीरथी यादव नई दिल्ली। नए महीने की शुरुआत के साथ ही भारतीय नागरिकों की पहचान से जुड़े अहम दस्तावेज आधार कार्ड को लेकर नियमों में बड़े बदलाव किए गए हैं। अब आधार कार्ड में किसी भी तरह का बदलाव कराने के लिए आधार केंद्र जाने की जरूरत नहीं होगी। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने प्रक्रिया को और आसान बनाते हुए कहा है कि अब कार्डधारक अपनी डेमोग्राफिक जानकारी — जैसे नाम, पता, जन्म तिथि और मोबाइल नंबर — को ऑनलाइन ही अपडेट कर सकेंगे। यूआईडीएआई के मुताबिक, फिंगरप्रिंट और फोटो जैसे बायोमैट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये फीस देनी होगी। हालांकि, 5 से 7 वर्ष के बच्चों के लिए पहली बार यह प्रक्रिया मुफ्त रहेगी, जबकि 15 से 17 वर्ष के कार्डधारकों को दो बार तक निशुल्क अपडेट की सुविधा दी जाएगी। यदि कार्डधारक एनरोलमेंट नंबर, जेंडर, जन्म तिथि, पता, मोबाइल या ईमेल एड्रेस जैसी जानकारी में बदलाव करना चाहता है, तो बायोमैट्रिक अपडेट के साथ यह मुफ्त होगा। अलग से करवाने पर 75 रुपये शुल्क देना होगा। यूआईडीएआई ने बताया कि पहचान और पते से जुड़े डॉक्यूमेंट ऑनलाइन 14 जून 2026 तक बिना शुल्क के सबमिट किए जा सकेंगे। इसके बाद इस सेवा पर शुल्क लागू हो जाएगा। आधार रिप्रिंट कराने के लिए अब 40 रुपये का भुगतान करना होगा। वहीं, होम एनरोलमेंट सर्विस के तहत घर पर जाकर आधार बनवाने की सुविधा के लिए पहले व्यक्ति से 700 रुपये, जबकि उसी पते पर अन्य व्यक्तियों से 350 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क लिया जाएगा। इसके साथ ही यूआईडीएआई ने दोहराया है कि 31 दिसंबर 2025 से पहले पैन कार्ड को आधार से लिंक कराना अनिवार्य है, अन्यथा पैन निष्क्रिय माना जाएगा।
मोकामा के दुलारचंद यादव हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, पूर्व विधायक अनंत सिंह गिरफ्तार
✍️ भागीरथी यादव पटना। बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच मोकामा से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में पुलिस ने पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, पटना एसएसपी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम बाढ़ स्थित कारगिल मार्केट पहुंची और वहां से अनंत सिंह को कस्टडी में लिया। इससे पहले उनके आत्मसमर्पण की संभावना जताई जा रही थी। इस पूरे मामले की जांच अब सीआईडी ने अपने हाथ में ले ली है। सीआईडी के डीआईजी जयंत कांत जांच की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने घटनास्थल का दौरा कर साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। एफएसएल टीम के साथ मिलकर पूरे क्षेत्र की वैज्ञानिक जांच की गई। जांच के दौरान मोकामा ताल से रेलवे पटरियों पर इस्तेमाल होने वाले पत्थर बरामद किए गए हैं, जो वहां स्वाभाविक रूप से नहीं पाए जाते। अधिकारियों ने इसे साजिश की ओर इशारा बताया है और नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, दुलारचंद यादव की मौत गोली लगने से नहीं बल्कि वाहन की चपेट में आने से हुई। उनकी छाती पर गंभीर चोट, कई हड्डियाँ टूटीं और फेफड़ों में गंभीर क्षति पाई गई। बाढ़ में तीन डॉक्टरों के पैनल ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम किया। मामले की आगे की जांच सीआईडी की निगरानी में जारी है।
बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव क्षेत्र बन सकता है, तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावना नहीं
✍️ भागीरथी यादव चेन्नई। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने बताया कि रविवार को बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। यह प्रणाली वर्तमान में दक्षिणी म्यांमार और अंडमान सागर के ऊपर विकसित हो रही है और अगले 24 घंटों में और मजबूत हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इसकी दिशा और तीव्रता तय करेगी कि यह अवदाब रहेगा या चक्रवात में बदलेगा। यदि परिस्थितियाँ अनुकूल रहीं तो सप्ताह के अंत में आंध्र प्रदेश और उत्तर तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में छिटपुट बारिश हो सकती है। आईएमडी ने बताया कि अरब सागर में बना पूर्ववर्ती निम्न दबाव क्षेत्र अब कमजोर हो गया है और दक्षिण गुजरात तट की ओर बढ़ते हुए समाप्त हो सकता है। चेन्नई और आसपास के जिलों में अगले कुछ दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान लगभग 35°C और न्यूनतम 26°C रहेगा। बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर क्षेत्र में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि हवा की गति 55 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
गांव-गांव तक पहुंची तहसील की सुविधा, तेज हुआ राजस्व प्रकरणों का निराकरण
✍️ भागीरथी यादव 25 वर्षों में कोरबा जिले में चार से बढ़कर हुईं 12 तहसीलें, प्रशासनिक दक्षता में आई उल्लेखनीय वृद्धि कोरबा, 1 नवम्बर 2025। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन वर्ष 2000 में कोरबा जिले में केवल चार तहसीलें — कोरबा, करतला, कटघोरा और पाली — कार्यरत थीं। सीमित प्रशासनिक ढांचे के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने राजस्व प्रकरणों के समाधान के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। संसाधनों की कमी और प्रकरणों की अधिकता के चलते न्याय में विलंब आम बात थी। पिछले 25 वर्षों की विकास यात्रा में कोरबा जिले ने प्रशासनिक विस्तार और जनसुविधा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। बढ़ती जनसंख्या और ग्रामीण अंचलों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन ने लगातार नई तहसीलों का गठन किया। आज कोरबा जिला प्रशासनिक रूप से सशक्त हो चुका है, जहां अब कुल 12 तहसीलें कार्यरत हैं — कोरबा, करतला, कटघोरा, पाली, पोड़ी-उपरोड़ा, अजगरबहार, भैसमा, बरपाली, दर्री, दीपका, हरदीबाजार और पसान। नई तहसीलों के गठन वर्ष इस प्रकार हैं — पोड़ी-उपरोड़ा (2008), हरदीबाजार (2020), दर्री (2020), अजगरबहार (2022), भैसमा (2022), बरपाली (2022), दीपका (2022) और पसान (2022)। इन तहसीलों के गठन से न केवल ग्रामीणों की प्रशासनिक पहुंच आसान हुई है, बल्कि राजस्व मामलों के निपटारे में पारदर्शिता और गति भी आई है। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण को प्राथमिकता में रखा है। वे हर 15 दिनों में राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हैं, ताकि समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो सके। 📊 राजस्व प्रकरणों के निराकरण में उल्लेखनीय सुधार राजस्व वर्ष 2023-24 में कुल 12,578 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें से 5,828 प्रकरणों का निराकरण किया गया। वहीं 2024-25 में यह संख्या बढ़कर 16,565 प्रकरणों तक पहुंची, जिनमें से 12,642 प्रकरणों का सफल निराकरण किया गया — जो कि 76.31 प्रतिशत की उत्कृष्ट सफलता दर है। यह उपलब्धि बताती है कि कोरबा जिले में प्रशासनिक दक्षता और सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार हुआ है। 🏠 स्वामित्व योजना से ग्रामीणों को मिला आत्मनिर्भरता का अधिकार स्वामित्व योजना के अंतर्गत अब तक 9,114 अधिकार अभिलेखों का वितरण किया जा चुका है, जबकि 1 नवम्बर 2025 को 5,500 नए अधिकार अभिलेखों का वितरण किया जाएगा। यह पहल ग्रामीणों को उनके भूमि स्वामित्व का प्रमाणपत्र देकर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। 🌾 जनता तक पहुंचा शासन, शासन तक पहुंची जनता की आवाज यह 25 वर्षों की कहानी है बदलते कोरबा की — जहां शासन की पहुँच अब गांव-गांव तक है और जनता की आवाज सीधे शासन तक पहुंच रही है। राजस्व प्रशासन के इस सुदृढ़ीकरण ने कोरबा को विकास और सुशासन की नई पहचान दी है। आज आम नागरिकों को न केवल त्वरित सेवाएं मिल रही हैं, बल्कि प्रशासन पर विश्वास और पारदर्शिता की भावना भी मजबूत हुई है।
अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई: जंगल से 215 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त
✍️ भागीरथी यादव कलेक्टर बी.एस. उइके के निर्देश पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई गरियाबंद। कलेक्टर श्री बी.एस. उइके के निर्देश पर तथा जिला आबकारी अधिकारी श्री गजेन्द्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 अक्टूबर को आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम पंटोरा से लगे जंगलों में छापामार कार्रवाई करते हुए 145 बल्क लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की। वहीं, दूसरी कार्रवाई में राजिम सर्कल के अंतर्गत ग्राम जोगीडीपा से लगे जंगलों में दबिश देकर लगभग 70 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। कार्यवाही के दौरान आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। जिला आबकारी अधिकारी श्री सिंह ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध नियमित रूप से कार्रवाई जारी है, ताकि इस अवैध गतिविधि पर पूर्णतः अंकुश लगाया जा सके। इस अभियान में आबकारी उपनिरीक्षक नागेशराज, रजतचंद ठाकुर, मुख्य आरक्षक चंद्रलोल गायकवाड़, आरक्षक पीताम्बर चौधरी, नगर सैनिक मनीष कश्यप, संजय नेताम, महिला नगर सैनिक कामिनी सोनी, तथा वाहन चालक गोवर्धन सिंह और कुलेश्वर निषाद का विशेष योगदान रहा।
पेंशन हितग्राहियों का वार्षिक सत्यापन शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश निगम आयुक्त के निर्देश पर अपर आयुक्त विनय मिश्रा ने जोन उप प्रभारियों को दिए निर्देश
✍️ भागीरथी यादव कोरबा। नगर पालिक निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर अपर आयुक्त श्री विनय मिश्रा ने निगम के सभी जोन उप प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जोन क्षेत्र के अंतर्गत ऐसे सभी शेष पेंशन हितग्राहियों, जिनका वार्षिक सत्यापन कार्य अभी तक पूर्ण नहीं हुआ है, का सत्यापन शीघ्रता से पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि सत्यापन कार्य में विलंब होने से हितग्राहियों को नियमित पेंशन प्राप्ति में बाधा उत्पन्न हो सकती है, इसलिए यह आवश्यक है कि प्रत्येक हितग्राही का सत्यापन तत्काल पूरा कराया जाए। राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित केन्द्रीय पेंशन योजनाएं — इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के हितग्राहियों का वार्षिक सत्यापन कार्य मोबाइल एप के माध्यम से किए जाने हेतु पूर्व में निर्देश जारी किए गए थे। इस संबंध में निगम के विभिन्न जोनों में सत्यापन शिविर भी आयोजित किए गए थे, किन्तु कुछ हितग्राहियों का सत्यापन अब भी शेष है। अपर आयुक्त श्री मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी जोन उप प्रभारी अपने क्षेत्र में पुनः मुनादी कराएं तथा हितग्राहियों को अपने आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर के साथ शिविरों में उपस्थित कराते हुए सत्यापन कार्य पूर्ण कराएं, ताकि पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो और उन्हें नियमित रूप से पेंशन प्राप्त हो सके। साथ ही, हितग्राहियों से भी अपील की गई है कि वे इस वार्षिक सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें और अनिवार्य रूप से अपना सत्यापन कराएं, ताकि भविष्य में पेंशन प्राप्ति में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर पालिक निगम कोरबा में आंतरिक शिकायत समिति की बैठक सम्पन्न — यौन उत्पीड़न संबंधी कोई शिकायत नहीं दर्ज
✍️ भागीरथी यादव कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा में कामकाजी महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम हेतु गठित आंतरिक शिकायत परिवाद समिति की बैठक आज निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान यह पाया गया कि समिति के समक्ष अब तक किसी भी प्रकार की शिकायत या परिवाद न तो प्रस्तुत किया गया है और न ही कोई मामला लंबित है। इस पर समिति के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की। लैंगिक उत्पीड़न निवारण, प्रतिरोध और प्रतितोष अधिनियम 2013 के अंतर्गत निगम में यह समिति गठित की गई है, जिसकी समय-समय पर बैठक आयोजित की जाती है। आज की बैठक में सदस्यों ने कार्यस्थल पर महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि भविष्य में यदि किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है, तो उस पर त्वरित और निष्पक्ष कार्यवाही की जाएगी। बैठक में समिति की अध्यक्ष गुलिस्ता साहू, सदस्य सचिव सुभाषिनी आशावान, सदस्य तारा भगत, कीर्ति अनंत, तिरिथबाई, विनीता सिंह, तुलसीबाई, शिवकुमारी यादव, मालती सोनी, पुष्पा बंजारे, शांतिबाई, रामबाई, तिलका बाई ध्रुव, शीतला गोंड़ एवं ललिता टंडन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। समिति ने कहा कि निगम परिसर में लैंगिक संवेदनशीलता एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण बनाए रखने हेतु सभी कर्मचारियों को सजग रहने की आवश्यकता है।
1 नवंबर 2025 का राशिफल
✍️ भागीरथी यादव ♈ मेष (Aries) आज वित्तीय स्थिति में सुधार की संभावना है। वरिष्ठों का सहयोग मिलेगा। महत्वपूर्ण काम पूरे हो सकते हैं। करियर में सफलता के संकेत हैं, पर ध्यान केंद्रित रहना ज़रूरी है। लकी रंग: गेहुँआ लकी नंबर: 1, 3, 8, 9 — ♉ वृषभ (Taurus) कामकाज में भरोसा और आत्मविश्वास बढ़ेगा। लेकिन वित्तीय मामलों में सतर्क रहें — उधार-लेनदेन सोच-समझकर करें। पारिवारिक माहौल सुखद रहेगा। लकी रंग: चाँदी लकी नंबर: 3, 6, 8 — ♊ मिथुन (Gemini) रुके हुए कार्यों में प्रगति होगी। भाई-बहनों का सहयोग मिलेगा। व्यावसायिक रूप से अनुकूल दिन है, यात्रा भी संभव। जल्दबाजी में वित्तीय निर्णय न लें। लकी रंग: आकाशी लकी नंबर: 1, 3, 5, 8 — ♋ कर्क (Cancer) काम और व्यवसाय में स्थिरता रहेगी। परिवार का समर्थन मिलेगा। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें और भावनाओं को नियंत्रण में रखें। लकी रंग: नीला लकी नंबर: 1, 2, 3, 8 — ♌ सिंह (Leo) प्रयासों को सफलता मिलेगी। भूमि या संपत्ति से जुड़े मामलों में प्रगति होगी। संवाद में संयम रखें और स्वास्थ्य पर ध्यान दें। लकी रंग: बैंगनी लकी नंबर: 1, 3, 9 — ♍ कन्या (Virgo) मेहनत का पूरा फल मिलेगा। कार्यस्थल पर विरोधियों से सावधान रहें। निजी जीवन में स्थिरता और आत्मविश्वास बना रहेगा। लकी रंग: सागर-नीला लकी नंबर: 1, 3, 5, 8 — ♎ तुला (Libra) अपने दिल की आवाज़ पर भरोसा करें। करियर विस्तार के अवसर हैं, लेकिन खर्चों पर नियंत्रण रखें। प्रतियोगिता में सफलता के संकेत हैं। लकी रंग: फ़िरोज़ी लकी नंबर: 3, 6, 8 — ♏ वृश्चिक (Scorpio) वित्तीय लाभ के अवसर मिलेंगे। भविष्य-उन्मुख कामों में प्रगति होगी। प्रेम संबंध मजबूत होंगे। विवादों से दूर रहें। लकी रंग: मिट्टी-भूरा लकी नंबर: 1, 3, 8, 9 — ♐ धनु (Sagittarius) घर-परिवार में खुशियाँ रहेंगी। आत्मविश्वास ऊँचा रहेगा। सामाजिक रूप से सम्मान बढ़ेगा। सुनने-समझने की क्षमता लाभ देगी। लकी रंग: पीला लकी नंबर: 1, 3, 8 — ♑ मकर (Capricorn) व्यवसाय और सामाजिक कार्यों में पहल करेंगे। पारिवारिक माहौल अनुकूल रहेगा। संपत्ति से जुड़ी प्रगति संभव है। लकी रंग: नीला लकी नंबर: 1, 3, 8 — ♒ कुम्भ (Aquarius) धैर्य के परिणाम मिलने लगेंगे। आपके प्रयासों की सराहना होगी। संबंधों में मजबूती और भावनात्मक स्थिरता आएगी। लकी रंग: नीला लकी नंबर: 1, 3, 8 — ♓ मीन (Pisces) अपने विश्वासों पर टिके रहें। अंतर्ज्ञान सही दिशा दिखाएगा। वित्तीय मामलों में सावधानी बरतें। सम्मान और प्रतिष्ठा में वृद्धि संभव है। लकी रंग: हल्का पीला लकी नंबर: 1, 3, 9 —
कार के बोनट पर केक काटना पड़ा भारी, चौकीदार संग्राम गुप्ता निलंबित
मनेंद्रगढ़/खड़गवां: सड़क पर कार के बोनट पर केक काटने और पटाखे फोड़ने का वीडियो वायरल होने के बाद शासकीय माध्यमिक विद्यालय खड़गवां के चौकीदार संग्राम गुप्ता को जिला शिक्षा अधिकारी आर. पी. मिरे ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 27 अक्टूबर 2025 की रात की है। बताया गया कि संग्राम गुप्ता ने कुछ युवकों के साथ आबादी क्षेत्र की सड़क पर जन्मदिन समारोह मनाते हुए कार के बोनट पर केक काटा और पटाखे फोड़े। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए। जांच के दौरान विद्यालय प्राचार्य ने वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान चौकीदार संग्राम गुप्ता के रूप में की। जांच रिपोर्ट में पाया गया कि उनका यह आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 03, प्रदूषण संबंधी कानूनों, तथा माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा 13 अक्टूबर 2025 को जारी आदेश का उल्लंघन है। उच्च न्यायालय ने सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासनहीन और प्रदूषणकारी गतिविधियों से परहेज करने के निर्देश दिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी आर. पी. मिरे ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 09 के तहत संग्राम गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनेंद्रगढ़ कार्यालय निर्धारित किया गया है, जहां उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।















