दक्षिण सूडान में भीषण बाढ़ से तबाही, 8.9 लाख से अधिक लोग प्रभावित

✍️ भागीरथी यादव जुबा (एजेंसी)। दक्षिण सूडान में भारी बारिश और नील नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण भयंकर बाढ़ आई है। अब तक करीब 8.9 लाख लोग प्रभावित हुए हैं — यह संख्या तीन हफ्ते पहले की तुलना में दोगुनी है।     —   जोंगलेई और यूनिटी राज्य सबसे अधिक प्रभावित   संयुक्त राष्ट्र महासचिव के उप-प्रवक्ता फरहान हक ने बताया कि देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है और नील नदी का पानी आसपास के इलाकों में भर चुका है। बाढ़ का सबसे ज़्यादा असर जोंगलेई और यूनिटी राज्यों में देखा जा रहा है, जहाँ हज़ारों लोग ऊँचे स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं।     — जीवन अस्त-व्यस्त, राहत कार्य में कठिनाई   फरहान हक ने बताया कि बाढ़ ने लोगों के जीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है।   हज़ारों घरों में पानी भर गया है।   फसलें नष्ट हो गई हैं।   स्कूल, अस्पताल और सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि राहत कार्य कठिन हो गए हैं क्योंकि कई जगहों पर वाहन और ट्रक नहीं पहुँच पा रहे हैं।     —   संयुक्त राष्ट्र और एजेंसियाँ लगातार मदद में जुटीं   संयुक्त राष्ट्र और अन्य राहत संस्थाएँ प्रभावित लोगों को लगातार मदद पहुँचा रही हैं। उन्हें खाद्य सामग्री, दवाइयाँ, नकद सहायता, तंबू, स्वच्छ पानी और शौचालय की सुविधाएँ दी जा रही हैं। इसके अलावा, सैंडबैग और अन्य सामग्री बाढ़ रोकने के लिए वितरित की जा रही है।     —   आने वाले दिनों में और बारिश की आशंका   मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। इससे बाढ़ का खतरा अभी भी बरकरार है और स्थिति और बिगड़ सकती है।     —   राहत योजना को फंड की कमी से झटका   समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, 13 अक्टूबर तक संयुक्त राष्ट्र की 2025 सहायता योजना का लक्ष्य 54 लाख लोगों तक मदद पहुँचाना है। इस योजना के लिए 1.7 अरब डॉलर की आवश्यकता है, लेकिन अभी तक पर्याप्त धनराशि नहीं मिली है, जिससे राहत कार्यों में देरी हो रही है।     —   19 मौतें, 6.39 लाख लोग गंभीर रूप से प्रभावित   अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है और 6,39,225 लोग गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। देश के 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और 121 अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्र पानी में डूब चुके हैं।     —   हर साल बढ़ रहा बाढ़ का खतरा   दक्षिण सूडान की भौगोलिक स्थिति बाढ़ के प्रति संवेदनशील है। देश का अधिकांश हिस्सा नीची और समतल भूमि पर बसा है। विक्टोरिया झील के जलस्तर में बढ़ोतरी से नदियों में पानी का स्तर भी बढ़ जाता है, जिससे हर साल बाढ़ की घटनाएँ तेज़ी से बढ़ रही हैं।     —   भुखमरी और आजीविका पर संकट   इस बाढ़ से खेती, पशुपालन और घरों को भारी नुकसान पहुँचा है। खाने-पीने की चीज़ों की कमी से भुखमरी का खतरा भी बढ़ गया है, जबकि लाखों लोग अब भी राहत शिविरों में फँसे हुए हैं।    

एलायंस एयर ने शुरू की ऐतिहासिक पहल ‘फेयर से फुर्सत’, अब हवाई किराए का नहीं रहेगा तनाव

✍️ भागीरथी यादव नई दिल्ली। नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने भारत की सरकारी स्वामित्व वाली क्षेत्रीय एयरलाइन एलायंस एयर की ऐतिहासिक पहल ‘फेयर से फुर्सत’ का शुभारंभ किया। इस योजना का उद्देश्य यात्रियों को उतार-चढ़ाव वाले हवाई किरायों से राहत दिलाना और देश में हवाई यात्रा को और आसान बनाना है।   इस पहल के तहत एलायंस एयर निश्चित किराये पर हवाई सुविधा प्रदान करेगी, जो बुकिंग की तिथि पर विचार किए बिना — यहाँ तक कि प्रस्थान के दिन भी स्थिर रहेगा। योजना को 13 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2025 तक चुनिंदा मार्गों पर प्रायोगिक रूप से लागू किया जाएगा, ताकि यात्रियों की प्रतिक्रिया और परिचालन व्यवहार्यता का मूल्यांकन किया जा सके।   केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू ने कहा, “‘फेयर से फुर्सत’ योजना उड़ान योजना के मूल सिद्धांतों के अनुरूप है। आज एलायंस एयर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विमानन को लोकतांत्रिक बनाने और इसे मध्यम व निम्न-मध्यम वर्ग के लिए किफायती बनाने के दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रहा है।” उन्होंने कहा कि यह प्रणाली हवाई किरायों की अनिश्चितता और तनाव को खत्म करेगी तथा यात्रियों को अंतिम समय की बुकिंग पर भी किफायती दरों की गारंटी देगी।   मंत्री ने आगे कहा कि मंत्रालय विमानन क्षेत्र को और अधिक जन-केंद्रित बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। “प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर, हमने हवाई अड्डों पर ₹10 में चाय, ₹20 में कॉफी और ₹20 में नाश्ता उपलब्ध कराने वाले उड़ान यात्री कैफ़े शुरू किए हैं। अब हम एक कदम और आगे बढ़कर यात्रियों की सबसे बड़ी चिंता — हवाई किराए — का समाधान कर रहे हैं,” उन्होंने जोड़ा।   क्षेत्रीय संपर्क पर बल देते हुए मंत्री ने एलायंस एयर को सरकार की ‘उड़ान योजना’ की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा, “एलायंस एयर ने ‘एक मार्ग, एक किराया’ की अवधारणा के साथ साहसिक कदम उठाया है। यह वास्तव में ‘नए भारत की उड़ान’ है, जो मुनाफे से आगे बढ़कर सार्वजनिक सेवा पर केंद्रित है।”   भारत का विमानन बाजार अब तक गतिशील मूल्य निर्धारण प्रणाली पर आधारित रहा है, जिसमें टिकट की कीमतें मांग, मौसम और प्रतिस्पर्धा के अनुसार बदलती रहती हैं। इससे अंतिम समय पर टिकट बुक करने वाले यात्रियों को अक्सर अधिक किराया देना पड़ता है। ‘फेयर से फुर्सत’ योजना इसी समस्या का समाधान प्रस्तुत करती है, जिससे मूल्य निर्धारण में पारदर्शिता और स्थिरता आएगी।   विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल से छोटे शहरों और पहली बार उड़ान भरने वालों को प्रोत्साहन मिलेगा। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विज़न को सशक्त बनाएगा, जिसके तहत हर भारतीय को “उड़े देश का आम नागरिक” के संकल्प के अनुरूप हवाई यात्रा का अवसर मिल सके।  

कोरबी (रोदे): संजय सुरीला स्टार नाइट शो में झूम उठे दर्शक, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पंडाल!

सुशील जायसवाल की रिपोर्ट   कोरबी चोटिया। पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत रोदे में रविवार, 12 अक्टूबर की रात्रि को गांधी स्टेडियम में आयोजित “संजय सुरीला एंड ग्रुप सरगुजा, छत्तीसगढ़ स्टार नाइट शो” ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया और हर गीत पर झूमते नजर आए।   कार्यक्रम से पहले महाकाल नवयुवक दशहरा उत्सव समिति, रोदे द्वारा भव्य रावण दहन का आयोजन किया गया। आतिशबाजी के बीच रावण दहन के पश्चात मुख्य मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. पवन कुमार सिंह (अध्यक्ष, जिला पंचायत कोरबा) एवं क्षेत्रीय विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम थे। मुख्य अतिथियों ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि “दशहरा बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक पर्व है, जो हमें सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।” इस अवसर पर विधायक मरकाम ने समिति को लिफाफा बंद सहयोग राशि भेंट की।   🎤 मंच पर राजनीति और दर्शकों की नाराजगी   सांस्कृतिक कार्यक्रम से पहले स्वागत और भाषण का दौर लंबा खिंच गया, जिससे मंच कुछ समय के लिए राजनैतिक रंग ले बैठा। दर्शकों ने नाराजगी जताई और कहा कि कार्यक्रम का माहौल बिगड़ गया। इसी कारण संजय सुरीला एंड ग्रुप का प्रदर्शन लगभग दो घंटे देरी से शुरू हो पाया। 🌟 संजय सुरीला के गीतों पर झूम उठा जनसमूह   रात्रि लगभग साढ़े ग्यारह बजे जब मंच से गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम आरंभ हुआ, तो “जय श्रीराम” के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। महिला, पुरुष और युवा वर्ग की भारी भीड़ ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का स्वागत किया। कार्यक्रम की शानदार सफलता में महाकाल नवयुवक समिति एवं समस्त ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन समिति सदस्यों द्वारा किया गया।   इस अवसर पर प्रताप सिंह मरावी (अध्यक्ष, सरपंच संघ), मुरारीलाल जायसवाल, हार सिंह कंवर (सर्पंच प्रतिनिधि रोदे), राकेश जायसवाल, प्रहलाद सिंह, एवं चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी अपने दल-बल सहित उपस्थित रहे। अंत में सरपंच श्रीमती सुशीला कंवर ने सभी अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।

बीजापुर: नेशनल पार्क क्षेत्र में आईईडी ब्लास्ट, तीन जवान घायल

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सोमवार सुबह नक्सल प्रभावित नेशनल पार्क क्षेत्र के कांडलापर्ती जंगल में आईईडी ब्लास्ट हुआ। इस विस्फोट में सुरक्षा बल के तीन जवान घायल हो गए।   सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जवान एरिया डॉमिनेशन अभियान पर निकले हुए थे, तभी भोपालपटनम थाना क्षेत्र में यह विस्फोट हुआ। घटना के बाद घायल जवानों को मौके पर प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि सभी जवानों को हाथ और पैर में चोटें आई हैं।   ब्लास्ट की सूचना मिलते ही अतिरिक्त सुरक्षा बल को घटनास्थल पर भेजा गया है। साथ ही आसपास के जंगलों में सर्च अभियान तेज कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आईईडी विस्फोट किस नक्सली संगठन द्वारा लगाया गया था।   फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और घायल जवानों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

देश की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा, मतदान 11 नवंबर को होगा

  ✍️ भागीरथी यादव   नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने सोमवार को देश की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। इन सभी सीटों पर मतदान 11 नवंबर को होगा और मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।   ओडिशा की 71-नुआपाड़ा विधानसभा सीट: इस सीट पर उपचुनाव की अधिसूचना के अनुसार नामांकन 20 अक्टूबर से दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 22 अक्टूबर को होगी और 24 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। यह सीट बीजद विधायक राजेंद्र ढोलकिया के 8 सितंबर को चेन्नई में इलाज के दौरान निधन के बाद रिक्त हुई थी।   पंजाब की 21-तरनतारन विधानसभा सीट: तरनतारन सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया 21 अक्टूबर से शुरू होगी। 22 अक्टूबर को नामांकन की जांच और 24 अक्टूबर तक नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी। मतदान 11 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। यह उपचुनाव ‘आप’ विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के कारण आवश्यक हो गया है। उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में अकाली दल के हरमीत सिंह संधू को 52,935 मतों से हराया था।   राजस्थान की 193-अंता विधानसभा सीट: अंता सीट 23 मई को विधायक कंवर लाल मीणा की अयोग्यता के बाद खाली हुई थी। निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना जारी कर बताया कि नामांकन 21 अक्टूबर तक किए जा सकेंगे, 23 अक्टूबर को जांच होगी और 27 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। यह उपचुनाव जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 150(1), 30 और 56 के तहत कराया जाएगा।   जम्मू-कश्मीर की नगरोटा और बडगाम विधानसभा सीटें: जम्मू-कश्मीर के 77-नगरोटा और 27-बडगाम विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी अधिसूचना जारी कर दी गई है। दोनों सीटों के लिए नामांकन 20 अक्टूबर से शुरू होंगे, 22 अक्टूबर को जांच होगी, 24 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे और मतदान 11 नवंबर को होगा।   इन पांचों सीटों पर उपचुनाव के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि सभी चरणों में चुनाव आचार संहिता लागू रहेगी।

कोरबा में सपना चौधरी ग्रुप का धमाकेदार म्यूज़िकल शो आज

  ✍️ भागीरथी यादव   सांस्कृतिक शाम आपके नाम – जश्न रिसॉर्ट में तैयारियां पूरी   कोरबा। शहर में बहुप्रतीक्षित “सपना चौधरी ग्रुप म्यूज़िकल इवेंट” की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यह भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आज, 12 अक्टूबर 2025 को शाम 7:30 बजे से जश्न रिसॉर्ट, कोरबा में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकार सपना चौधरी अपने ग्रुप के साथ मंच पर धमाकेदार प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय लखनलाल देवांगन (वाणिज्य एवं उद्योग सार्वजनिक उपक्रम वाणिज्य कर आबकारी श्रम मंत्री ) होंगे, साथ ही श्रीमति संजू देवी राजपूत महापौर नगर पालिका निगम कोरबा एवं श्री विकास महतो पूर्व मंत्री भारतीय जनता पार्टी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को एक मनोरंजक और सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करना है। आयोजन समिति ने बताया कि मंच, साउंड, लाइटिंग और सुरक्षा व्यवस्था की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।   कार्यक्रम के आयोजक विकास सिंह  ने बताया कि कोरबा के नागरिकों के लिए यह शाम यादगार बनने वाली है। पास वितरण शहर के विभिन्न केंद्रों पर जारी है और दर्शकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।  

रानी अटारी विजय वेस्ट कोयला खदान में ठेका मजदूरों की मांगों पर बनी सहमति, प्रबंधन ने दिया लिखित आश्वासन

छह घंटे तक चला आंदोलन, सरपंच संघ अध्यक्ष प्रताप सिंह मरावी के नेतृत्व में जुटे सैकड़ों मजदूर ✍️ सुशील जायसवाल की रिपोर्ट   रानी अटारी (कोरबी चोटिया)। रानी अटारी विजय वेस्ट कोयला खदान में कार्यरत ठेका मजदूरों के लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार उनकी मांगों पर प्रबंधन को झुकना पड़ा। शनिवार, 11 अक्टूबर को मजदूरों ने अपने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर खदान के मुख्य द्वार को बंद कर उत्पादन और परिवहन कार्य पूरी तरह ठप्प कर दिया। यह आंदोलन करीब छह घंटे तक चला, जिसके बाद एसईसीएल प्रबंधन और ठेका कंपनी जेएमएस प्राइवेट लिमिटेड ने मजदूरों की सभी वाजिब मांगों पर लिखित आश्वासन दिया। आंदोलन का नेतृत्व सरपंच संघ अध्यक्ष प्रताप सिंह मरावी ने किया, जिनके साथ क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, सरपंच, पूर्व जनपद सदस्य और ग्रामीण भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि मजदूरों के हितों को लेकर पिछले कई महीनों से प्रशासन और प्रबंधन को अवगत कराया जा रहा था, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने के कारण मजदूरों को आंदोलन का सहारा लेना पड़ा। 🔹 बैठक के बाद बनी सहमति — प्रमुख बिंदु   आंदोलन के बाद हुई बैठक में प्रबंधन और मजदूर प्रतिनिधियों के बीच कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए:   वेतन भुगतान: जेएमएस कंपनी के अधीन सभी ठेका मजदूरों को निर्धारित दर से वेतन सीधे बैंक खातों में दिया जाएगा।   सुरक्षा व्यवस्था: खदान में माइन्स एक्ट व रेगुलेशन के तहत सभी सुरक्षा प्रावधानों का पालन अनिवार्य रहेगा।   बीटीसी प्रशिक्षण: बिना बीटीसी प्रशिक्षण के किसी मजदूर से कार्य नहीं कराया जाएगा।   सुरक्षा किट वितरण: सभी मजदूरों को गमबूट, हेलमेट, ग्लव्स व सेफ्टी किट दी जाएगी।   सुविधाएं: मजदूरों को गुड़, साबुन, गमछा जैसी मूलभूत सुविधाएं भी ठेकेदार द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी।   भू-धसान मुआवजा: पशु हानि के मामलों में 15 दिनों के भीतर सत्यापन कर मुआवजा दिया जाएगा।   पेयजल व्यवस्था: प्रभावित क्षेत्र विशेषकर केंदई ग्राम में एसईसीएल द्वारा पेयजल की व्यवस्था की जाएगी।   कैंटीन व्यवस्था: कैंटीन कर्मियों के वेतन व अन्य मुद्दों पर जेएमएस कंपनी शीघ्र कार्रवाई करेगी।   साइन बोर्ड: वेतन दर संबंधी साइन बोर्ड तत्काल लगाया जाएगा।   स्वास्थ्य सुविधा: खदान परिसर में 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा सुनिश्चित की जाएगी।   🔹 आंदोलन के बाद संतोष   आंदोलन के समाप्त होने के बाद जनपद सदस्य संतोष मरावी एवं मजदूरों ने प्रबंधन द्वारा दिए गए आश्वासन पर संतोष जताया, लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि यदि वादे पूरे नहीं हुए, तो वे पुनः आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।   सरपंच संघ अध्यक्ष प्रताप सिंह मरावी ने कहा —   > “मजदूरों के हक की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी, चाहे इसके लिए हमें किसी भी स्तर तक जाना पड़े।”       बैठक के अंत में उप क्षेत्रीय प्रबंधक जे.एम. साहू (एसईसीएल) और तहसीलदार वीरेंद्र कुमार श्याम (पसान) की मौजूदगी में मजदूरों की मांगों पर सहमति बनी और लिखित आश्वासन पत्र सरपंच संघ अध्यक्ष प्रताप सिंह मरावी व अन्य जनप्रतिनिधियों को सौंपा गया।   📍 रानी अटारी विजय वेस्ट कोयला खदान परिसर अब सामान्य स्थिति में लौट आया है, लेकिन मजदूरों ने साफ कहा है कि वादे पूरे न होने पर संघर्ष फिर शुरू होगा।  

नुनेरा में वार्षिक रक्तदान शिविर संपन्न — 50 यूनिट रक्तदान, ग्रामवासियों और ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ का सराहनीय योगदान

पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट   नुनेरा (पाली)। मानवता की सेवा के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए नुनेरा ग्राम में इस वर्ष भी वार्षिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर आर्ट ऑफ लिविंग और ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हुआ, जिसमें मारुति क्लीन कोल एंड पावर लिमिटेड, बंधाखार का विशेष सहयोग रहा।   शनिवार को आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 50 यूनिट रक्तदान किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि ग्रामवासियों का उत्साह और युवाओं की सक्रिय भागीदारी हर वर्ष इस शिविर को नई ऊँचाइयाँ प्रदान कर रही है।   शिविर में चिकित्सा दल द्वारा रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें प्रमाणपत्र एवं सम्मान प्रदान किए गए। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि —   > “रक्तदान महादान है, और यह शिविर समाज सेवा व मानवता के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”       इस अवसर पर ग्राम के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और मारुति क्लीन कोल एंड पावर लिमिटेड के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन और सामूहिक संकल्प के साथ किया गया कि आने वाले वर्षों में और अधिक लोग रक्तदान से जुड़ेंगे।  

नुनेरा में बिना लाइसेंस संचालित जय मां पैथोलैब और कलेक्शन सेंटर सील, खंड चिकित्सा अधिकारी की टीम की कार्रवाई

पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की खास रिपोर्ट   नुनेरा (पाली)। ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) के नेतृत्व में टीम ने नुनेरा आमचौक स्थित जय मां पैथोलैब और कलेक्शन सेंटर पर छापा मारा। जांच के दौरान केंद्र में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिनमें सबसे प्रमुख — बिना वैध लाइसेंस के संचालन थी।   जांच टीम ने पाया कि पैथोलैब न तो पंजीकृत थी, न ही वहां कोई मान्यता प्राप्त तकनीकी स्टाफ कार्यरत था। ग्रामीणों ने पहले भी शिकायत की थी कि यह केंद्र जांच और उपचार के नाम पर अवैध रूप से धन वसूल रहा था, साथ ही मरीजों को निजी अस्पतालों में कमीशन के लिए रेफर किया जा रहा था। जब खंड चिकित्सा अधिकारी ने संचालक से दस्तावेज मांगे, तो उसने दीपका में संचालित अपनी अन्य संस्था का लाइसेंस दिखाया, परंतु नुनेरा स्थित इस लैब के लिए कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड चिकित्सा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से जय मां पैथोलैब और कलेक्शन सेंटर को बंद करने के आदेश दिए। आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई हेतु रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।   ग्रामीणों ने विभाग की इस तत्पर कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अवैध केंद्रों पर रोक लगाना आवश्यक है, ताकि ग्रामीण अंचल की जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो सके।  

कोरबा: अयोध्यापुरी जेलगांव में ‘विराट दशहरा उत्सव’ का भव्य आयोजन

  ✍️ भागीरथी यादव   कोरबा जिले के अयोध्यापुरी जेलगांव में इस वर्ष भी दशहरा उत्सव हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। ग्रामवासियों ने इस भव्य आयोजन की तैयारियाँ पूरी कर ली हैं और सभी आगंतुकों का स्वागत सादर किया गया है।   इस वर्ष का उत्सव 11 अक्टूबर 2025, शनिवार को आयोजित किया गया। मुख्य आकर्षण रात्रि 9 बजे होने वाला रावण दहन होगा। इसके पश्चात आकर्षक झांकियों के साथ शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। रात्रि 10 बजे जसगीत कार्यक्रम के माध्यम से उत्सव की सांस्कृतिक धारा और भी जीवंत होगी।   उत्सव स्थल विशेष रूप से जय बूढ़ा देव के पास अयोध्यापुरी जेलगांव दरी में तय किया गया है। आयोजकों ने साफ-सफाई और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा है, ताकि ग्रामीण और आगंतुक सुरक्षित और आनंदपूर्वक कार्यक्रम का हिस्सा बन सकें।   ग्रामवासियों की ओर से सभी लोगों को इस उत्सव में भाग लेने और कार्यक्रम की गरिमामय उपस्थिति देने का सप्रेम आमंत्रण दिया गया है।   ‘विराट दशहरा उत्सव’ ने अयोध्यापुरी जेलगांव को एक बार फिर सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों का केंद्र बना दिया है और ग्रामीण समाज में उत्सव की भावना को बढ़ावा दिया है।

अन्य खबरे

दीपका-पाली मार्ग पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचला, मौके पर मौत
छेड़छाड़ के आरोपी को सीपत पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा गया जेल
कटघोरा क्षेत्र में बिना नंबर के ट्रैक्टरों पर सख्ती, ड्राइवरों के लाइसेंस जांच के निर्देश
ब्रेकिंग न्यूज अज्ञात हमलावर के वार से 80 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल, गांव में दहशत
बारिश और ओलों से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत — जंगल की आग पर भी काबू
सकरी पुलिस ने हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार, मामूली विवाद बना मौत की वजह