नवागढ़ थाना घेराव: आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप, सतनामी समाज का उग्र प्रदर्शन
नवागढ़ क्षेत्र में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित सतनामी समाज के पदाधिकारियों, ग्रामीणों और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में नवागढ़ थाना पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना से जुड़े स्पष्ट सबूत और पीड़ितों के बयान मौजूद होने के बावजूद आरोपियों को जानबूझकर संरक्षण दिया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष लगातार पीड़ित युवकों और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहा है। इन धमकियों के चलते पीड़ित परिवार भय और दहशत के साये में जीने को मजबूर है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता। सतनामी समाज और भीम आर्मी ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। थाना परिसर में भारी भीड़ और बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शिकायत की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
मड़ई मेले में चाकूबाज़ी से सनसनी, युवक की हत्या
✍️ भागीरथी यादव तिल्दा क्षेत्र के भुरसूदा गांव में मेला बना खूनखराबे का गवाह, नाबालिग आरोपी संदिग्ध रायपुर से लगे तिल्दा इलाके में मड़ई मेला कार्यक्रम के दौरान एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। यह दिल दहला देने वाली घटना खरोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत भुरसूदा में 23 जनवरी की शाम हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेला चलने के दौरान अज्ञात लोग चाकू लेकर मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद एक युवक पर अचानक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक युवक तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भुरसूदा का निवासी बताया जा रहा है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी औपचारिक पहचान नहीं हो पाई है। घटना के पीछे की वजह भी अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि हमले में शामिल आरोपी नाबालिग हो सकते हैं। इधर, इसी दौरान ग्राम पंचायत रैखेड़ा में चल रहे गौरेला बर्मन नाइट कार्यक्रम में भी तनाव की स्थिति बन गई, जहां कुछ नाबालिगों द्वारा गांव के ही एक पंच पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना है। दोनों ही घटनाओं की जानकारी संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस को दी गई है। पुलिस जांच में जुटी, स्थिति अब भी अस्पष्ट पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों को गंभीरता से लिया गया है। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है। घटनाओं के आपसी संबंध और हमले की असली वजह जानने के लिए जांच की जा रही है। मड़ई जैसे पारंपरिक और सांस्कृतिक आयोजन में इस तरह की हिंसक वारदात ने प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
भिलाई में औद्योगिक हादसा: सिसकोल प्लांट में क्रेन ऑपरेटर की दर्दनाक मौत
✍️ भागीरथी यादव हथखोज औद्योगिक क्षेत्र में काम के दौरान भारी लोहे की प्लेट गिरने से गई जान भिलाई | भिलाई-3 थाना क्षेत्र भिलाई के हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिसकोल कंपनी के प्लांट में शनिवार सुबह एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। ओवरहेड क्रेन से भारी लोहे की प्लेट ट्रांसफर करने के दौरान संतुलन बिगड़ने से प्लेट सीधे क्रेन ऑपरेटर पर गिर पड़ी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस हादसे से प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान लेखूराम कौशल (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कंपनी में क्रेन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि लेखूराम रोज की तरह सुबह अपनी ड्यूटी पर था और ओवरहेड क्रेन के माध्यम से भारी लोहे की प्लेट एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्रेन को लेखूराम स्वयं ऑपरेट कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ा और क्रेन से लोड की गई लोहे की प्लेट फिसलकर सीधे उसके ऊपर आ गिरी। प्लेट का वजन अत्यधिक होने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई शुरू की। साथ ही, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए प्लांट में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। इस हादसे के बाद औद्योगिक क्षेत्र में कार्यस्थल सुरक्षा और सावधानियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी देखा जा रहा है कि कहीं सुरक्षा मानकों में लापरवाही तो नहीं बरती गई। दुर्घटना से मृतक के परिजनों में शोक की लहर है, वहीं कंपनी प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है।
नशे के खिलाफ मनेंद्रगढ़ पुलिस का सख्त संदेश, थाना प्रभारी दीपेश सैनी ने युवाओं को दिखाई सही राह
✍️ भागीरथी यादव कार्रवाई के साथ समझाइश, नशामुक्त समाज की ओर बड़ा कदम एमसीबी | मनेंद्रगढ़ जिले में बढ़ते नशे के जाल को तोड़ने के लिए पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के निर्देश पर मनेंद्रगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ व्यापक और निर्णायक अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान का उद्देश्य केवल अवैध गांजा, नशीले इंजेक्शन और टैबलेट जैसे मादक पदार्थों पर रोक लगाना नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में फंसे युवाओं को सही दिशा दिखाकर उनका भविष्य संवारना भी है। सिटी कोतवाली प्रभारी दीपेश सैनी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस की भूमिका केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा और संभावनाओं को नष्ट कर देता है, इसलिए पुलिस युवाओं को इस दलदल से बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने आम नागरिकों से भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। बीती रात सिटी कोतवाली पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चिन्हित नशे के अड्डों पर दबिश दी। इस दौरान मौके पर नशीले पदार्थों का सेवन करते पाए गए युवाओं को पकड़ा गया। पुलिस ने सख्त लहजे में समझाइश देते हुए उन्हें उठक-बैठक कराई, नशे से दूर रहने की चेतावनी दी और भविष्य में दोबारा इस तरह की गतिविधियों में शामिल न होने का संकल्प दिलाकर छोड़ा। अभियान के तहत दर्जनों नशेड़ियों की पहचान की गई है, जिन पर आगे भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर उनके परिजनों को भी काउंसलिंग के लिए बुलाया जाएगा। मनेंद्रगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी युवा नशीले पदार्थों का सेवन करते नजर आएं या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले, तो तत्काल सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ को सूचित करें, ताकि समय रहते उन्हें नशे के अंधकार से बाहर निकाला जा सके। पुलिस का साफ संदेश है— “कार्रवाई के साथ समझाइश, और समाज के सहयोग से ही नशामुक्त मनेंद्रगढ़ संभव है।”
डी. वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेंद्रगढ़ में पराक्रम दिवस और वसंत पंचमी का प्रेरणादायी उत्सव
✍️ भागीरथी यादव देशभक्ति, ज्ञान और संस्कारों की त्रिवेणी में सराबोर हुआ विद्यालय परिसर एमसीबी | मनेंद्रगढ़ मनेंद्रगढ़ शहर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में पराक्रम दिवस और वसंत पंचमी का आयोजन अत्यंत गरिमामय, भावपूर्ण एवं उत्साह से परिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति की गूंज और ज्ञान की साधना से आलोकित नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं भारत माता के वीर सपूत नेताजी सुभाष चंद्र बोस के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। पराक्रम दिवस पर कक्षा छठवीं की छात्रा तनीषा ने नेताजी के अद्वितीय व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, त्याग, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की जीवंत मिसाल है। उन्होंने नेताजी के प्रसिद्ध उद्घोष “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा” को केवल नारा नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए सर्वस्व अर्पण करने का संकल्प बताया। वसंत पंचमी के पावन अवसर पर कक्षा सातवीं की छात्रा अक्षरा ने माँ सरस्वती के चरणों में संस्कृत श्लोकों का सस्वर वाचन किया, जिसका भावार्थ शिक्षिका त्रिवेणी पैकरा ने सरल हिंदी में प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा चौथी के छात्रों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए वसंत पंचमी को ज्ञान, सृजन और नवचेतना का उत्सव बताया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणा और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वसंत पंचमी केवल ऋतु परिवर्तन का पर्व नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार और विवेक की साधना का अवसर है। साथ ही नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन से साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा लेने का आह्वान किया। संस्था की निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ज्ञान और पराक्रम का समन्वय ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से माँ सरस्वती से सद्बुद्धि और नेताजी से निडरता, आत्मविश्वास एवं देशप्रेम की प्रेरणा ग्रहण करने का संदेश दिया। विशेष प्रातः सभा के समापन पश्चात विद्यार्थियों के बीच प्रसाद वितरण किया गया। माँ सरस्वती की कृपा और नेताजी के आदर्शों को आत्मसात करने के संकल्प के साथ यह भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ।
कोरबा में आदिवासी अस्मिता की लड़ाई तेज़, रांगटा कोल माइंस के खिलाफ 14वें दिन भी अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी
सुशील जायसवाल कोरबा | पोड़ी उपरोड़ा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड में प्रस्तावित रांगटा कोल माइंस प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ आदिवासी समुदाय का जनआंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। बीजाडांड़ में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोगपा) के नेतृत्व में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन आज 14वें दिन में प्रवेश कर चुका है, और इसका दायरा लगातार फैलता जा रहा है। अब यह आंदोलन केवल बीजाडांड़ तक सीमित नहीं रहा। रामपुर, लोकडाढ़ा, सुखहर्रा, लेंग, सासिन सहित आसपास के कई गांवों में भी विरोध की चिंगारी भड़क चुकी है। बड़ी संख्या में आदिवासी ग्रामीण अपने हक और अस्तित्व की रक्षा के लिए सड़कों पर उतर आए हैं, जिससे प्रशासनिक अमला भी सतर्क हो गया है। आंदोलनकारियों का साफ कहना है कि जिस क्षेत्र में कोल माइंस प्रस्तावित है, वह पूरी तरह आदिवासी बहुल क्षेत्र है। खनन परियोजना को मंजूरी मिलने की स्थिति में सैकड़ों आदिवासी परिवारों के विस्थापित होने, उनकी खेती योग्य जमीन, जंगल, जलस्रोत और पारंपरिक जीवनशैली के समाप्त होने का खतरा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरा खनन प्रस्ताव ग्रामसभा की सहमति के बिना और आदिवासी समाज को विश्वास में लिए बिना आगे बढ़ाया गया है, जो पेसा कानून, वन अधिकार अधिनियम और संविधान के मूल प्रावधानों का खुला उल्लंघन है। धरना स्थल पर रोजाना नारेबाजी, जनसभाएं और रणनीतिक बैठकों का सिलसिला जारी है। आंदोलनकारियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन और जंगल नहीं छोड़ेंगे। यदि प्रशासन और सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाई, तो आंदोलन को और व्यापक व उग्र रूप दिया जाएगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल लगातार निगरानी बनाए हुए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान या वार्ता का रास्ता नहीं निकल पाया है। यह आंदोलन अब केवल एक खनन परियोजना के विरोध तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह आदिवासी अधिकार, जल-जंगल-जमीन और संवैधानिक सम्मान की लड़ाई बन चुका है।
रायपुर में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन को मिलेगी रफ्तार, खुलेंगे 5 नए मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय
✍️ भागीरथी यादव भीड़ से राहत, समय की बचत और ग्रामीणों को सीधा फायदा — जिला प्रशासन की बड़ी पहल रायपुर राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ रही प्रॉपर्टी खरीद-फरोख्त के दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने पंजीयन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। आम नागरिकों को बेहतर सुविधा देने और रजिस्ट्री कार्यालयों में बढ़ती भीड़ को कम करने के उद्देश्य से रायपुर जिले में 5 नए मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय खोले जाने का निर्णय लिया गया है। शहर के साथ गांवों को भी मिलेगा लाभ नई योजना के तहत रायपुर नगर निगम क्षेत्र में 3 नए रजिस्ट्री कार्यालय, जबकि धरसींवा और बिरगांव नगर निगम क्षेत्र में 1-1 कार्यालय स्थापित किए जाएंगे। इससे शहरी आबादी के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी रजिस्ट्री की सुविधा उनके नजदीक ही उपलब्ध हो सकेगी। धरसींवा-बिरगांव के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत अब तक धरसींवा और बिरगांव के नागरिकों को रजिस्ट्री कराने के लिए रायपुर कलेक्टोरेट कार्यालय तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। भारी भीड़ और घंटों के इंतजार से लोग परेशान रहते थे। नए कार्यालय खुलने से अब स्थानीय स्तर पर ही रजिस्ट्री संभव होगी, जिससे समय, पैसा और परेशानी — तीनों की बचत होगी। कमल विहार, सड्डू और टाटीबंध में खुलेंगे नए केंद्र नगर निगम क्षेत्र में कमल विहार, सड्डू और टाटीबंध को नए मॉडल रजिस्ट्री कार्यालयों के लिए चयनित किया गया है। ये इलाके वर्तमान कलेक्टोरेट रजिस्ट्री कार्यालय से लगभग 7 से 8 किलोमीटर दूर स्थित हैं। यहां कार्यालय खुलने से कलेक्टोरेट परिसर में भीड़ में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है। शासकीय भवन प्राथमिकता में, जरूरत पड़ी तो किराए पर भी पंजीयन विभाग ने नए कार्यालयों के लिए भवनों की तलाश शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार पहले चरण में शासकीय भवनों को प्राथमिकता दी जाएगी, लेकिन यदि आवश्यकता पड़ी तो किराए के भवनों में भी रजिस्ट्री कार्यालय संचालित किए जाएंगे। बजट स्वीकृति के बाद तेज हुई तैयारी रायपुर जिला पंजीयक विनोज कोचे ने बताया कि बजट में प्रावधान होने के बाद अब विभाग ने स्थान चिन्हांकन और भवन चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। सभी 5 नए मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय जल्द ही आम जनता के लिए शुरू कर दिए जाएंगे।
सरगुजा में सट्टा साम्राज्य का पर्दाफाश: महाराष्ट्र से गिरफ्तार हुआ कुख्यात सटोरिया आयुष उर्फ दीप सिन्हा
सरगुजा। सरगुजा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। अवैध सट्टा कारोबार के कुख्यात सरगना आयुष उर्फ दीप सिन्हा को पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर सरगुजा लाया है। आरोपी बीते एक साल से फरार था और लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर तथा सीएसपी राहुल बंसल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर पुणे के नेहरू वार्ड, शिव मंदिर रोड में दबिश देकर 32 वर्षीय आरोपी को धर दबोचा। पैनल चलाकर खिलाता था सट्टा, कई फर्जी खाते खुलवाने की कबूलनामा दो दिन की ट्रांजिट रिमांड के दौरान की गई पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। आयुष उर्फ दीप सिन्हा ने ऑनलाइन पैनल के जरिए सट्टा खिलाने, अपने नाम व अन्य लोगों के नाम से कई बैंक खाते खुलवाकर उन्हें सट्टे के लेन-देन में उपयोग करने की बात स्वीकार की है। बंद घर का ताला टूटा, लाखों कैश और जेवर बरामद सरगुजा पुलिस ने आरोपी की अवैध कमाई की जांच तेज कर दी है। आरोपी के बंद पड़े घर का ताला तोड़कर तलाशी ली गई, जहां से पुलिस ने— ₹6 लाख 45 हजार नगद सोने-चांदी के आभूषण 7 एटीएम कार्ड 1 बैंक पासबुक जमीन से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपी की अन्य अघोषित संपत्तियों की भी पुष्टि हुई है, जिसकी जानकारी राजस्व विभाग से जुटाई जा रही है। आने वाले समय में कुर्की की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। पूरे नेटवर्क का खुलासा, 20 से ज्यादा नाम उजागर रिमांड के दौरान आरोपी ने अपने सट्टा गिरोह से जुड़े कई लोगों के नाम उजागर किए हैं। इनमें सुधीर गुप्ता, राहुल अग्रवाल, सोम गुप्ता, अम्मी गिरी, सौरभ यादव, साहिल गुप्ता, अमन करारिया, श्रीकांत अग्रवाल, राहुल कुमार सोनी, अर्जुन गुप्ता, ऋतिक मंदिलवार, नितिन यादव, अमित मिश्रा, ध्रुविल पटेल, मुकेश त्रिपाठी, सौरभ गुप्ता, अंकित गुप्ता, प्रतिक कश्यप, सत्यम केशरी और सूरज खटीक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें से कुछ आरोपी पहले ही गिरफ्त में हैं, जबकि शेष के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का बयान सीएसपी राहुल बंसल ने बताया कि “आरोपी से भारी मात्रा में नकद और आभूषण बरामद किए गए हैं। उसकी अन्य संपत्तियों और जिन लोगों के नाम उसने लिए हैं, उनकी गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।” सरगुजा में सट्टा कारोबार पर बड़ी चोट इस गिरफ्तारी को सरगुजा में अवैध सट्टा नेटवर्क पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस की यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि फरार अपराधी चाहे जहां छिपें, कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएंगे।
धान खरीदी में बड़ी लापरवाही पर प्रशासन का सख्त प्रहार निलंबित देखे आदेश
✍️ भागीरथी यादव पखांजूर SDM ने दो नोडल पटवारियों को किया निलंबित, मचा हड़कंप** पखांजूर | कांकेर (छ.ग.) धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए पखांजूर प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। गंभीर अनियमितताओं और कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में पखांजूर एसडीएम ने धान खरीदी केंद्रों में नोडल अधिकारी के रूप में तैनात दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारगांव और उदनपुर धान खरीदी केंद्रों में तैनात नोडल अधिकारियों ने बिना मौके पर पहुंचे, बिना भौतिक सत्यापन किए ही धान टोकन का सत्यापन कर दिया। इतना ही नहीं, समिति में मौजूद पुराने बोरों के स्टॉक की फोटो अपलोड कर नियमों का खुला उल्लंघन किया गया। ID दूसरों को सौंपने का गंभीर आरोप एसडीएम द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दोनों अधिकारियों ने अपनी सरकारी आईडी अन्य व्यक्तियों को दे दी थी, जिसके माध्यम से खरीदी से जुड़ी प्रविष्टियां कराई गईं। यह कृत्य सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 तथा धान खरीदी नीति 2025-26 का गंभीर उल्लंघन माना गया है। निलंबित अधिकारी आशीष पवार – हल्का पटवारी (ह.नं. 03, चारगांव) चारगांव धान खरीदी केंद्र के नोडल अधिकारी आकाश कश्यप – हल्का पटवारी (ह.नं. 06, केसेकोड़ी) उदनपुर धान खरीदी केंद्र के नोडल अधिकारी प्रशासन ने की वैकल्पिक व्यवस्था धान खरीदी कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन ने तत्काल वैकल्पिक नियुक्तियां की हैं— चारगांव केंद्र का अतिरिक्त प्रभार पटवारी सतीश कुमार को केसेकोड़ी केंद्र का अतिरिक्त प्रभार पटवारी अशोक कुमार दीपक को सौंपा गया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों पटवारियों का मुख्यालय तहसील कार्यालय पखांजूर (कानून-गो शाखा) निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। संदेश साफ: लापरवाही बर्दाश्त नहीं प्रशासन की इस कार्रवाई से धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी करने वालों में हड़कंप मच गया है। एसडीएम की सख्त पहल ने साफ संदेश दे दिया है कि धान खरीदी जैसे संवेदनशील कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तिल्दा-नेवरा में 15 दिवसीय रात्रीकालीन क्रिकेट स्पर्धा का भव्य समापन, महिला वर्ग में मुंगेली और पुरुष वर्ग में स्टार MJ ने मारी बाज़ी
तिल्दा-नेवरा। विकास मित्र मंडल द्वारा आयोजित रात्री कालीन महिला एवं पुरुष क्रिकेट स्पर्धा शानदार समापन के साथ संपन्न हुई। लगभग 15 दिनों तक चले इस भव्य आयोजन में कुल ₹2 लाख की नगद इनामी राशि रखी गई थी। प्रतियोगिता में 10 महिला टीमों और 12 पुरुष टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिला वर्ग : मुंगेली की टीम बनी चैंपियन महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में मुंगेली की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पंडरभट्टा की मजबूत टीम को हराकर खिताब जीता। दर्शकों ने विजेता टीम के खेल और जज्बे की खूब सराहना की। पुरुष वर्ग : स्टार MJ ने जीता खिताब पुरुष वर्ग के रोमांचक फाइनल में स्टार MJ ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ब्लैक रीपर को हराकर चैम्पियन बने। रात्रीकालीन मैचों में खिलाड़ियों के दमदार खेल ने उत्साह चरम पर पहुंचाया। पुरस्कार वितरण : मंत्री टंक राम वर्मा व सांसद प्रतिनिधि अनिल अग्रवाल की विशेष उपस्थिति समापन समारोह में मुख्य अतिथि माननीय मंत्री श्री टंक राम वर्मा तथा विशेष अतिथि सांसद प्रतिनिधि श्री अनिल अग्रवाल उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने विजेता व उपविजेता टीमों को शील्ड एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। विकास सुखवानी का विशेष योगदान विकास मित्र मंडल के संचालक विकास सुखवानी द्वारा सम्पूर्ण उपहार एवं नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। आयोजन समिति एवं खेल प्रेमियों ने उनके सहयोग और सफल आयोजन हेतु आभार व्यक्त किया। 15 दिनों तक चला यह क्रिकेट महोत्सव तिल्दा-नेवरा में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह और युवा प्रतिभाओं की ऊर्जा का बेहतरीन⇔ प्रमाण साबित हुआ।
















