चैतमा धान उपार्जन केंद्र का कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने किया निरीक्षण, किसानों की समस्याओं पर जताई गंभीर चिंता

ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट   कोरबा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी रायपुर के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण कोरबा के अध्यक्ष मनोज चौहान ने धान उपार्जन केंद्रों के सघन निरीक्षण अभियान के तहत मंगलवार को चैतमा (गोपालपुर) धान उपार्जन केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किसानों, हमालों और समिति प्रबंधन से चर्चा कर वास्तविक समस्याओं का जायजा लिया। पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की विशेष रिपोर्ट। निरीक्षण के दौरान किसानों ने बताया कि ऑनलाइन टोकन में लगातार तकनीकी गड़बड़ियां आ रही हैं, जिसके कारण उन्हें समय पर टोकन नहीं मिल पा रहा। वहीं ऑफलाइन प्रक्रिया में भी सर्वर समस्या के चलते किसान घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। किसानों का कहना है कि सरकार द्वारा बार-बार नियम बदलने से असमंजस की स्थिति बन रही है और उनकी मेहनत की कमाई समय पर बेचने में परेशानी बढ़ रही है। जिलाध्यक्ष मनोज चौहान ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी समस्याओं को उच्च स्तर पर उठाया जाएगा। उन्होंने धान उपार्जन केंद्र प्रभारी, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति चैतमा (पं. क्र. 3050) के प्रबंधक को निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान हमालों से भी मजदूरी और कार्य स्थितियों को लेकर चर्चा की गई। इस मौके पर डी.के. आदिले, अमूंदलाल भारीया, पराग मरावी सहित कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।   कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी किसानों के साथ खड़ी है और हर स्तर पर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करेगी।  

बस्तर रेंज में आरक्षक भर्ती 2023-24 का अंतिम परिणाम जारी, 1,592 अभ्यर्थी चयनित

  ✍️ भागीरथी यादव   छत्तीसगढ़ के बस्तर रेंज में लंबे इंतजार के बाद आरक्षक भर्ती वर्ष 2023-24 का अंतिम परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया गया। पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज द्वारा अनुमोदित चयन एवं प्रतीक्षा सूची के अनुसार सातों जिलों में कुल 1,592 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।   यह भर्ती प्रक्रिया पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा 04 अक्टूबर 2023 को जारी विज्ञापन के आधार पर शुरू हुई थी। इस बार प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए दो भर्ती समितियां गठित की गईं।   प्रथम समिति जगदलपुर में बनी, जिसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ सिन्हा ने की। यह समिति सुकमा, बीजापुर, बस्तर और दंतेवाड़ा जिले की भर्ती के लिए जिम्मेदार थी।   दूसरी समिति कोंडागांव में गठित हुई, जिसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा ने की। यह समिति नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर जिलों के अभ्यर्थियों का चयन कर रही थी। भर्ती प्रक्रिया इस प्रकार संपन्न हुई   16 नवंबर 2024 से 18 जनवरी 2025 तक दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक नाप-जोख और दक्षता परीक्षा कंगोली स्थित छसबल की 5वीं वाहिनी तथा कोंडागांव पुलिस लाइन में आयोजित हुई। पात्र अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 14 सितंबर 2025 को व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित की गई। आरक्षक (चालक) एवं आरक्षक (ट्रेड) हेतु ट्रेड टेस्ट 17 से 19 नवंबर 2025 तक संपन्न हुआ।     जिलावार चयनित अभ्यर्थियों की संख्या   नारायणपुर – 470 बीजापुर – 337 बस्तर – 334 सुकमा – 128 कांकेर – 125 कोंडागांव – 103 दंतेवाड़ा – 55   महत्वपूर्ण बात यह रही कि कुल चयनित अभ्यर्थियों में 464 महिलाएं शामिल हैं, जो बस्तर रेंज में महिला सशक्तिकरण और पुलिस बल में बढ़ती भागीदारी को दर्शाती हैं। इसके अलावा, मोटर वाहन चालक एवं विभिन्न ट्रेडों के लिए 91 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जिससे पुलिस बल की तकनीकी एवं परिचालन क्षमता और सुदृढ़ होने की उम्मीद है। आईजी सुंदरराज पट्टीलिंगम ने बताया कि यह भर्ती बस्तर में जनकेंद्रित पुलिसिंग को और मजबूत करेगी तथा क्षेत्र में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ आधार प्रदान करेगी।

रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बड़ी राहत — अब शहर के ही नामी विशेषज्ञ देंगे इलाज, स्वास्थ्य सेवाओं में नई उड़ान

  ✍️ भागीरथी यादव    रायगढ़। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुशासन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। स्व. लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध संत बाबा गुरु घासीदास जी स्मृति शासकीय चिकित्सालय, रायगढ़ में अब शहर के शीर्ष विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी नियमित सेवाएं देंगे। यह व्यवस्था दिवंगत अधिष्ठाता डॉ. विनीत जैन द्वारा किए गए प्रयासों का उल्लेखनीय परिणाम है।   स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसे रायगढ़ अंचल के मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए कहा कि शासन की मंशा यही है कि रोगियों को उनके ही जिले में उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हों, जिससे बड़े शहरों पर निर्भरता कम हो और मरीजों को त्वरित उपचार मिल सके। — न्यूरो, यूरो और नेफ्रोलॉजी—एक ही छत के नीचे विशेषज्ञों की सेवाएं   अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम. के. मिंज के अनुसार—   🔹 न्यूरोसर्जन डॉ. नितीश नायक   (मस्तिष्क/रीढ़ की हड्डी रोग विशेषज्ञ) हर मंगलवार — सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक • मस्तिष्क की गांठ, ब्रेन ट्यूमर • रीढ़ की चोट, साईटिका, लकवा • स्ट्रोक, नसों का दर्द, स्पाइन संबंधी समस्याएं • लगातार सिरदर्द, मिर्गी, चक्कर आदि का इलाज   🔹 यूरोसर्जन डॉ. के.डी. खरे   (मूत्ररोग एवं पुरुष प्रजनन रोग विशेषज्ञ) हर शुक्रवार — भूतल, सर्जरी विभाग, ओपीडी कक्ष क्रमांक–01 • किडनी स्टोन, UTI • प्रोस्टेट समस्याएं, मूत्राशय–किडनी कैंसर • बांझपन, स्तंभन दोष • मूत्र रुकावट व असंयम आदि रोगों का इलाज   🔹 नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. मीना पटेल   (किडनी / गुर्दा रोग विशेषज्ञ) हर शुक्रवार — प्रथम तल, मेडिसिन विभाग, ओपीडी कक्ष क्रमांक–01 • क्रोनिक किडनी डिजीज (CKD) • गुर्दे की विफलता, डायलिसिस • किडनी इंफेक्शन, मधुमेह/हाई बीपी से होने वाली किडनी समस्याएं — आसपास के जिलों के मरीजों को भी बड़ा फायदा   विशेषज्ञों की नियमित उपलब्धता से— • गंभीर बीमारियों का इलाज रायगढ़ में ही संभव होगा • मरीजों का समय व खर्च दोनों बचेंगे • बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी • त्वरित उपचार से गंभीर मामलों में जीवनरक्षा की संभावना बढ़ेगी — जनहित में मजबूत कदम रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ सेवाओं की शुरुआत स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम है। इससे न केवल रायगढ़ बल्कि आसपास के जिलों के हजारों मरीजों को उन्नत और विश्वसनीय चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी।

रायपुर में दोहरी मौत से सनसनी: पति ने पत्नी की हत्या कर दी, फिर ट्रेन के सामने कूदकर दी जान

  ✍️ भागीरथी यादव   रायपुर। राजधानी के चंडी नगर इलाके में सोमवार देर रात हुए घरेलू विवाद ने दो जिंदगियां खत्म कर दीं। वेल्डिंग काम करने वाला राजन गुप्ता पहले अपनी पत्नी रेखा गुप्ता का गला दबाकर हत्या कर दी, फिर कचना रेलवे फाटक पर ट्रेन के सामने कूदकर खुदकुशी कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।   सूत्रों के मुताबिक, राजन लंबे समय से बेरोजगारी और शराब की लत से परेशान था और अक्सर पत्नी से विवाद करता था। हत्या के बाद उसने सुसाइड नोट लिखकर अपनी करतूत कबूली। सूचना मिलते ही सीएसपी रमाकांत साहू और खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुँची। बाद में पुलिस ने आरोपी के घर से रेखा का शव भी बरामद किया।   फॉरेंसिक टीम ने घर और रेलवे फाटक दोनों जगहों पर जांच की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

रायपुर में 5 लाख की चोरी का खुलासा: किराएदार के घर से नगदी उड़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद

  ✍️ भागीरथी यादव रायपुर। उरकुरा क्षेत्र स्थित किराए के मकान से हुई 5 लाख रुपये की चोरी का राज आखिरकार खुल गया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी रकम बरामद कर एक बड़ी सफलता हासिल की है।   घटना खमतराई थाना क्षेत्र की है। प्रार्थी विजय कुमार सारथी (35), जो हर्षित विहार उरकुरा में किराए के मकान में रहता है, ने पुलिस को बताया कि उसने दो माह पहले अपने पैतृक मकान (जिला सक्ती) को 38 लाख रुपये में बेचा था। उसी राशि में से 5 लाख रुपये उसने 5 दिसंबर को घर में रखी टिना की पेटी में सुरक्षित रखे थे। लेकिन 8 दिसंबर की सुबह पेटी की जांच करने पर रुपये गायब मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 331(4) एवं 305(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।   वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त टीम ने जांच के दौरान इलाके में लगातार पतासाजी की। इसी दौरान अनिल कश्यप नामक युवक पर संदेह गहराया। उसे हिरासत में लेने के बाद कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी करना कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की पूरी 5,00,000 रुपये की रकम बरामद कर ली।   गिरफ्तार आरोपी अनिल कश्यप (19 वर्ष) सक्ती जिले के ग्राम अरेठीकला का निवासी है। पुलिस ने उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।   पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।    

खनिज साधन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 22 अधिकारियों का तबादला

✍️ भागीरथी यादव    रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने खनिज साधन विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 22 अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। राज्य सरकार की ओर से सोमवार को जारी इस आदेश में उप संचालक, खनिज अधिकारी, सहायक खनिज अधिकारी और खनिज निरीक्षक सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। उप सचिव श्रीकांत वर्मा द्वारा हस्ताक्षरित आदेश के अनुसार, सभी अधिकारी अब राज्य के अलग-अलग जिलों में नई पदस्थापना पर अपनी सेवाएं देंगे। माना जा रहा है कि यह फेरबदल विभाग की व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से किया गया है। सूत्रों के अनुसार, खनिज विभाग के फील्ड स्तर के कार्यों में तेजी लाने, निगरानी मजबूत करने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।   अधिकारियों को शीघ्र ही अपने-अपने नए कार्यस्थलों में योगदान देने के निर्देश जारी किए गए हैं।

डॉक्टरों के PG कोटा में कटौती के विरोध में उबाल—कोरबा में सौंपा गया ज्ञापन, 50% कोटा बहाली की मांग तेज

✍️ भागीरथी यादव    कोरबा। छत्तीसगढ़ में डॉक्टरों के पोस्ट ग्रेजुएट (PG) कोटा को 50% से घटाकर 25% किए जाने के राज्य सरकार के निर्णय के खिलाफ चिकित्सक समाज में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को कोरबा में डॉक्टरों और जनप्रतिनिधियों ने जिलाधीश एवं कार्यपालक दंडाधिकारी के माध्यम से स्वास्थ्य सचिव को ज्ञापन सौंपकर कोटा बहाली की मांग उठाई।   ज्ञापन में स्पष्ट कहा गया कि PG कोटा में कटौती प्रदेश में सेवा दे रहे डॉक्टरों के अधिकारों पर सीधा प्रहार है, विशेषकर वे डॉक्टर जो पहाड़ी, वनांचल और दुर्गम क्षेत्रों में सीमित संसाधनों के बीच निरंतर सेवाएं दे रहे हैं। महामारी के दौर में अपनी जान जोखिम में डालकर सेवा करने वाले इन चिकित्सकों के लिए यह फैसला अन्यायपूर्ण बताया गया।   ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि PG कोटा में कटौती से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर दीर्घकालिक प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, क्योंकि इससे युवा डॉक्टरों का मनोबल टूटेगा और दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं देने की प्रेरणा भी कम होगी।   प्रदर्शनकारियों ने शासन से मांग की कि डॉक्टरों का PG कोटा तत्काल प्रभाव से पुनः 50% बहाल किया जाए, ताकि उनकी भविष्य सुरक्षा, कार्य संतुष्टि और अधिकार संरक्षित रह सकें।   इस दौरान राकेश पंकज, युवा नेता पवन विश्वकर्मा, कमलेश गर्ग, महामंत्री विवेक श्रीवास, ब्लॉक अध्यक्ष रविश यादव और संगठन महामंत्री अमित सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी ने इस निर्णय को प्रदेश के चिकित्सा तंत्र के लिए हानिकारक बताते हुए सरकार से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की।  

पत्रकार की कार में सुपारी देकर आग लगाने का मामला: सरपंच ममता डडसेना और सहयोगी रिंकू यादव गिरफ्तार

  ✍️ भागीरथी यादव   बालोद। पत्रकार एवं हमर राज पार्टी के जिला अध्यक्ष देवेंद्र साहू की कार में सुपारी देकर आग लगाने की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम अंगारी की सरपंच ममता डडसेना और उसके सहयोगी श्यामू उर्फ रिंकू यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।   1 दिसंबर की रात बुढ़ापारा वार्ड-20 स्थित साहू के घर में घुसे अज्ञात लोगों ने उनकी कार CG 24 W 7166 को आग के हवाले कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने विशेष टीम गठित की, जिसने जांच के दौरान पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।   पूछताछ में खुलासा हुआ कि सरपंच ममता के पति अश्वनी डडसेना ने जेल से पूरी साजिश रची थी, जबकि ममता और रिंकू यादव ने बाहरी आरोपियों को सुपारी, पैसा और पूरा पता उपलब्ध कराया था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद 7 दिसंबर को जेल भेज दिया।    

अभनपुर में बड़ी कार्रवाई: फर्जी दस्तावेज़ों से 48 सिम बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव   अभनपुर। फर्जी दस्तावेज़ों के सहारे 48 सिम कार्ड बेचकर पुलिस से महीनों तक बचता फिर रहा आरोपी शुभम गुप्ता आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। वार्ड-7 निवासी शुभम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने के बाद से वह लगातार फरारी काट रहा था। पुलिस ने विशेष टीम बनाकर उसकी तलाश तेज की और आज उसे पकड़कर न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है, वहीं पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।

रायपुर में पारिवारिक त्रासदी: पत्नी की हत्या के बाद पति ने भी दी जान, सुसाइड नोट ने खोली दिल का दर्द

  ✍️ भागीरथी यादव रायपुर। राजधानी रायपुर में एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में एक पति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर गहरे भावनात्मक टूटन के चलते खुद भी ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। घटना स्थल से मिले सुसाइड नोट ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।   कैसे हुआ दर्दनाक हादसा ह मृतक की पहचान बिहार निवासी राजेंद्र गुप्ता के रूप में हुई है, जो रायपुर के चंडी नगर (खम्हारडीह) में किराए के मकान में रहता था और वेल्डिंग का काम करता था। पत्नी रेखा गुप्ता के साथ वह कई वर्षों से राजधानी में रह रहा था। बताया जा रहा है कि कुछ समय से दांपत्य जीवन में तनाव था, लेकिन इतना बड़ा कदम उठाए जाने की किसी को कल्पना भी नहीं थी। पहले पत्नी की हत्या, फिर रेलवे ट्रैक पर समाप्त की अपनी जिंदगी राजेंद्र ने शनिवार देर रात किसी विवाद के बाद अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद वह घर से निकल गया और सीधे लभांडी रेलवे पटरी पर पहुँचा। वहाँ उसने तेज रफ्तार ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन सीएसपी रमाकांत साहू, तेलीबांधा पुलिस और खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुँची। दोनों जगह पुलिस की मौजूदगी के बीच माहौल बेहद भारी था।   भावनाओं से भरा सुसाइड नोट मिला   राजेंद्र के पास से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें वह लिखता है—   > “मैं अपनी बीबी और बच्चों के बिना नहीं रह सकता… इसलिए मैं भी आत्महत्या कर रहा हूँ। मेरी मौत के बाद बच्चों को मेरे परिजनों के पास पहुँचा दिया जाए।”   सुसाइड नोट का यह भावनात्मक और दर्दभरा ज़िक्र मामले को और भी मार्मिक बना देता है। दो मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़ इस दंपत्ति के दो छोटे बच्चे हैं, जिन पर अचानक से अनाथ होने का दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस बच्चों को सुरक्षित रखकर परिजनों से संपर्क कर रही है। इलाके में पसरा मातम, जांच जारी घटना की जानकारी फैलते ही चंडी नगर और आसपास के इलाकों में मातम जैसा माहौल बन गया। पड़ोसी भी सदमे में हैं कि एक परिवार देखते ही देखते कैसे बिखर गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

अन्य खबरे

खेत में युवक की संदिग्ध हालत में मिली लाश, सिर पर चोट के निशान — जांच में जुटी पुलिस
छेड़छाड़ से आहत नाबालिग ने लगाई फांसी, आरोपी युवक गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
चिरमिरी के जंगलों में आगजनी, वन संपदा पर मंडराया खतरा; संसाधनों की कमी से जूझ रहा वन विभाग
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के आरोप, 3000 रुपये तक वसूली की चर्चा; होटलों के सामने गैस संकट
बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, चार दिन में 72 वाहनों पर चालान
वन सुरक्षा कार्य में लापरवाही? बिना पानी-मिश्रण के गाड़े जा रहे फेंसिंग के खंभे