
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। जिले के कोरकोमा क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। उपार्जन केंद्र कुदमुरा समिति कोरकोमा में पदस्थ फड़ प्रभारी राजेश कुमार सिंह (55) की बीती रात जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। राजेश कुमार सिंह मूल रूप से रजगामार के निवासी थे और आवासी सेवा समिति के सदस्य भी थे। घटना के समय उनकी पत्नी भी उनके साथ मौजूद थीं। अचानक हाथी के हमले में जहां राजेश कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं उनकी पत्नी किसी तरह बचकर निकलने में सफल रहीं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक देर रात हाथियों का झुंड इलाके में घुस आया था। इसी दौरान एक हाथी अचानक उनके पास पहुंच गया और हमला कर दिया। लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। CCTV फुटेज में हाथी की आहट, लोगों में मची अफरा-तफरी और हमले का पूरा मंजर साफ दिखाई दे रहा है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से आसपास के जंगलों में हाथियों की लगातार हलचल देखी जा रही थी।
सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। वन विभाग ने ग्रामीणों को रात के समय सतर्क रहने, अकेले बाहर न निकलने और हाथियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है। साथ ही हाथियों की निगरानी के लिए टीम भी तैनात कर दी गई है।
एक जिम्मेदार कर्मचारी की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।






