
कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत हसदेव नदी स्थित सीएसईबी पावर हाउस केनाल के पास एक युवक का शव पानी में तैरता हुआ मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने शव को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, क्योंकि उसके पास से किसी प्रकार का कोई पहचान पत्र या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस ने अज्ञात शव की पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से मिलान शुरू कर दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई और कारण है।
मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
