
जांजगीर–चांपा। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जुआ फड़ पर छापा मारते हुए 5 जुआरियों को मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 18 हजार 170 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जप्त की है। सभी आरोपी सार्वजनिक स्थान पर पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते पाए गए। गिरफ्तार किए गए जुआरियों में सरोज थवाईत, भरत राठौर, रामनारायण राठौर, राजकुमार सूर्यवंशी और विशाल सिंह शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय (आईपीएस) के निर्देशन में की गई। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर ग्राम गौद नाला के पास घेराबंदी कर दबिश दी गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम की सतर्कता से सभी को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। वहीं, पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।






