
बीजापुर। जिले के एनएच-63 पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे से हड़कंप मच गया। गदामल्ली चौक नयापारा मिंगाचल के पास रायपुर पासिंग नंबर का एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते ट्रेलर में भीषण आग लग गई और पूरा वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि ट्रेलर हैदराबाद की ओर जा रहा था। घटना के बाद काफी देर तक चालक का कोई सुराग नहीं मिल सका, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया या उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही नैमेड थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
