कोरबा: दीपका-मुड़ापार में छापेमारी, तीन पकड़ाए; शराब और लाहन जब्त….

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। जिले में अवैध महुआ शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने आबकारी विभाग ने छापेमारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में दीपका आबकारी वृत्त की टीम ने तीन अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर तीन लोगों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान 26.7 लीटर महुआ शराब और 45 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया।

 

विभाग के मुताबिक, पहली कार्रवाई दीपका के ज्योतिनगर में हुई, जहां सोमनाथ यादव (26) के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। वहीं, हरदीबाजार थाना क्षेत्र के मुड़ापार में जन सिंह धनवार (37) के पास से 9.2 लीटर शराब और 45 किलो महुआ लाहन मिला। इसी गांव में गणेश धनवार (23) को 8.5 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा गया।

 

तीनों मामलों में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई। पूरी कार्रवाई आबकारी उपनिरीक्षक दीपमाला लक्षवानी के नेतृत्व में हुई, जिसमें मुख्य आरक्षक दसराम सिदार और आरक्षक अभिषेक चौहान शामिल रहे।

 

अवैध बिक्री से परेशान महिलाएं भी उठा चुकी हैं आवाज

 

जिले में अवैध शराब की बिक्री को लेकर विरोध के स्वर भी उठ रहे हैं। कई महिलाएं इस समस्या की शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच चुकी हैं। उनका कहना है कि अवैध शराब के कारण परिवारों में विवाद और सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं। आबकारी विभाग का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।