
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के राहौद नगर में दिनदहाड़े एक किसान से करीब ढाई लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो अज्ञात युवक नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान पामगढ़ स्थित बैंक से धान बिक्री की रकम निकालकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे। मौका मिलते ही उन्होंने किसान के हाथ से नकदी से भरा बैग छीना और तेजी से फरार हो गए। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई।
सूचना मिलते ही राहौद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें आरोपी नजर आए हैं। फुटेज में बाइक चालक हेलमेट पहने दिखाई दे रहा है, जिससे पहचान में कठिनाई आ रही है।
पुलिस ने जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी है और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।






