
Loksadan। बीजापुर – भोपालपटनम नगर इन दिनों चोरी की वारदातों से जूझ रहा है। लगातार हो रही घटनाओं ने लोगों की नींद हराम कर दी है। इस पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री बिलाल खान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पुलिस की कार्यशैली पर तीखे सवाल खड़े किए हैं।
बिलाल खान का कहना है कि बीते कुछ वर्षों से चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। अब तो हालात ऐसे हैं कि घरों और दुकानों के बाद स्कूल जैसे शिक्षा के पवित्र स्थल भी सुरक्षित नहीं बचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस चोरी रोकने में नाकाम साबित हो रही है और कार्रवाई केवल दिखावे तक सिमटी है।
उन्होंने कहा कि चोरी की खबर सामने आते ही पुलिस कुछ दिन चौकन्नी दिखाई देती है, लेकिन वास्तविक अपराधियों तक पहुंचने के बजाय निर्दोष युवाओं को पकड़कर थाने ले जाया जाता है, जिससे उनके परिवार बेवजह अपमान और तनाव झेलते हैं।
भाजपा युवा मोर्चा नेता ने सवाल उठाया कि आखिर नगर में बढ़ रही भैंस चोरी, घरों से नगदी गायब होने, दुकानों में सेंधमारी और स्कूलों से कंप्यूटर चोरी जैसी घटनाओं पर पुलिस मूकदर्शक क्यों बनी हुई है। नगरवासियों का भरोसा पुलिस पर है, लेकिन यही भरोसा बार-बार टूट रहा है।
बिलाल खान ने चेतावनी देते हुए कहा कि नगर की जनता की सुरक्षा को लेकर वे जल्द ही प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा से भेंट करेंगे और समाधान की दिशा में ठोस पहल की मांग करेंगे।






