
अफवाहों के बीच ग्रामीणों ने कानून हाथ में लिया, पुलिस ने की सख्त अपील
सुशील जायसवाल | कोरबा-पसान
कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में इन दिनों बच्चा चोरी की अफवाहों ने भय और असमंजस का माहौल बना दिया है। इसी बीच ग्राम पंचायत पोड़ीकला के आश्रित ग्राम बरदा पखना में एक चिंताजनक घटना सामने आई, जहां अफवाह के चलते ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर बेरहमी से पीट दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार 23 मार्च को एक अधेड़ युवक गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता नजर आया। ग्रामीणों को उस पर चोरी और बच्चा चोर होने का शक हुआ। युवक के पास से कुछ संदिग्ध सामान मिलने की बात भी सामने आई, जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और देखते ही देखते भीड़ ने उसे घेर लिया।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया। बाद में स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर घायल युवक को संभाला।
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पड़ताल में सामने आया कि यह घटना 23 मार्च की ही है, जिसकी पुष्टि गांव के युवक राम प्रसाद ने भी की है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से बच्चा चोरी की अफवाहें लगातार फैल रही हैं। इन अफवाहों के कारण ग्रामीणों में सतर्कता तो बढ़ी है, लेकिन कई स्थानों पर बिना सत्यापन के ही भीड़ द्वारा इस तरह की खतरनाक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
पुलिस की अपील और जांच जारी
पसान पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
प्रशासन ने दोहराया है कि अफवाहों के आधार पर की गई ऐसी घटनाएं न केवल कानून व्यवस्था को प्रभावित करती हैं, बल्कि किसी निर्दोष व्यक्ति की जान भी खतरे में डाल सकती हैं।
