
सुशील जायसवाल
पसान, कोरबा।
हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 2 अप्रैल, गुरुवार को पसान स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर, बजरंग चौक में धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ विशेष पूजा-पाठ एवं भंडारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मां दुर्गा उत्सव समिति, हिंदू धर्म रक्षण संगठन, सर्व हिंदू समाज एवं हनुमान भक्तों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।
कार्यक्रम के तहत भगवान हनुमान की विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत दोपहर 12 बजे खीर, पूड़ी एवं बूंदी का प्रसाद वितरण किया गया। इसके साथ ही भव्य भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर हनुमान जी की आकर्षक झांकी सजाई गई तथा बैंड-बाजे की धुन पर नगर में शोभायात्रा निकाली गई। भक्ति संगीत की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया, वहीं अंत में सामूहिक आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम की सफलता में संगठन के सभी सदस्यों, ग्रामवासियों, मातृशक्ति मानस मंडली एवं भक्ति संगीत प्रस्तुत करने वाले कलाकारों का विशेष सराहनीय योगदान रहा।
