
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा/बागों। जिले में बढ़ते सड़क हादसों के मद्देनज़र नेशनल हाईवे-130 पर ट्रैफिक पुलिस ने निगरानी और प्रवर्तन को तेज कर दिया है। कटघोरा से अंबिकापुर तक के मार्ग पर अलग-अलग चिन्हित बिंदुओं पर स्पीड मॉनिटरिंग उपकरण (स्पीडोमीटर/स्पीड गन) तैनात कर वाहनों की रफ्तार पर पैनी नजर रखी जा रही है। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है।
शुक्रवार को पाली-बांगो रोड पर विशेष अभियान के तहत ट्रैफिक टीम मुस्तैद रही। इस मार्ग पर चौबीसों घंटे हल्के और भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। खासकर सुबह के समय तेज रफ्तार में वाहन चलाने की प्रवृत्ति के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। हालिया सड़क घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्णय लिया है।
ट्रैफिक जवान आधुनिक स्पीड मॉनिटरिंग उपकरणों के माध्यम से यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि वाहन तय गति सीमा के भीतर चलें। नियम उल्लंघन की स्थिति में मशीन स्वतः वाहन की गति रिकॉर्ड करती है, जिसके आधार पर संबंधित वाहन स्वामी के पते पर ई-चालान भेजा जाता है। इस प्रक्रिया से पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नीतीश ठाकुर के निर्देश पर ट्रैफिक विभाग का फील्ड स्टाफ लगातार हाईवे पर निगरानी और प्रवर्तन में जुटा हुआ है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, सीट बेल्ट और हेलमेट जैसे सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से अनुपालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
पुलिस का कहना है कि यह अभियान दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भी चलाया जा रहा है, जिससे हाईवे पर सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।






