
✍️ भागीरथी यादव
एमसीबी/चिरमिरी।
जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार चलाए जा रहे शराब–जुआ–नशामुक्ति अभियान के तहत चिरमिरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना चिरमिरी क्षेत्र में सट्टा पट्टी काटते एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ते हुए पुलिस ने उसे सीधे जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान हल्दीबाड़ी निवासी हनुमान प्रसाद तिवारी (पिता स्व. विष्णुदत्त तिवारी, उम्र लगभग 59 वर्ष) को सट्टा पट्टी काटते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से 830 रुपये नकद एवं सट्टा पट्टी बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर आरोपी को जेल दाखिल कर दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय सिंह के साथ प्रधान आरक्षक अशोक एक्का, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक विश्वनाथ सिंह एवं आरक्षक मदन राजवाड़े की अहम भूमिका रही।
चिरमिरी पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से थाना क्षेत्र में अवैध जुआ, सट्टा एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के बीच खौफ का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अवैध कार्य करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।






