NH-30 पर दर्दनाक हादसा: कांकेर में आमने-सामने टक्कर, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कांकेर। जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नेशनल हाईवे-30 पर दो कारों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नाथिया नवागांव के पास की है।

शादी से लौट रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक परिवार उड़कुडा गांव का निवासी था। सभी लोग चीवरांज में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार की सामने से आ रही दूसरी कार से जबरदस्त भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर ही मौत

हादसा इतना भयावह था कि कार सवार 3 महिलाओं, 2 पुरुषों और एक मासूम बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं दूसरी कार में सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस, घायलों का इलाज जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पहचान और जांच में जुटी पुलिस

मिली जानकारी अनुसार हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है, जबकि 3 घायल हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायलों के बयान के बाद हादसे के कारणों का भी पता लगाया जाएगा। शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।