
✍️ भागीरथी यादव
बालोद। जिले में शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात व्यक्ति की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। घटना रात करीब 11 से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही लगभग 1 बजे बालोद कोतवाली थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल बालोद की मर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया।
थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि रेलवे से देर रात ट्रेन से कटने की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या जैसा प्रतीित हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक मालगाड़ी से टकराया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
यह घटना भैंसबोड़ स्टेशन और रानीतराई के बीच रेलखंड पर हुई। हादसे के बाद आसपास के गांवों के कोटवारों को सूचना देकर मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि जैसे ही परिजनों की जानकारी मिलेगी, पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।





