
✍️ भागीरथी यादव
अनूपपुर। डूमर कछार नगर निकाय में नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं सुलभ कराने के उद्देश्य से प्रति सप्ताह आयोजित की जाने वाली समीक्षा बैठक 14 फरवरी, शनिवार को परिषद सभागार में आयोजित हुई। बैठक में कुल 24 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता डॉ. सुनील कुमार चौरसिया (अध्यक्ष एवं जिला योजना समिति सदस्य) ने की। इस अवसर पर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों में पार्षद बिजेंद्र देवांगन, सरिता यादव, रवि सिंह, जीतेन्द्र चौहान, पार्वती सिंह गोंड़, राकेश दिवान तथा पार्षद प्रतिनिधि योगेश पालीवाल सहित निकाय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
नवाचार की दिशा में निकाय का कदम
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. चौरसिया ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे, इसके लिए निकाय स्तर पर कार्यप्रणाली में नवाचार किया जा रहा है। इसी क्रम में आगामी शनिवार से साप्ताहिक समीक्षा बैठक के साथ ही जनसुनवाई को भी जोड़ा जाएगा।
निर्णय के अनुसार प्रत्येक शनिवार प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आम नागरिक सीधे जनसुनवाई के माध्यम से अपनी समस्याएं निकाय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रख सकेंगे। प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जवाबदेही और पारदर्शिता पर जोर
बैठक में विभिन्न विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण कर नागरिकों को राहत प्रदान करें।
डूमर कछार निकाय द्वारा समीक्षा बैठक के साथ जनसुनवाई की पहल को प्रशासनिक पारदर्शिता और जनभागीदारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे नागरिकों की समस्याओं के समाधान में गति आने की उम्मीद है।






