कफ सिरप के साथ दो गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। नशीले पदार्थों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 520 नग प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कफ सिरप, एक कार और तीन मोबाइल फोन समेत करीब 1.04 लाख रुपये का माल जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार 7 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कार क्रमांक CG 04 QD 9753 से प्रतिबंधित कफ सिरप ले जाया जा रहा है। सूचना पर टीम ने बिरकोना रोड स्थित गैस गोदाम के पास घेराबंदी कर कार को रोका। तलाशी के दौरान डिक्की से 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 85.02 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 1,04,780 रुपये बताई गई है।

मामले में मिथुन बघेल (28) निवासी ग्राम भुंडा और अमन कुमार चौबे (26) निवासी गनियारी बाजारपारा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक कफ सिरप बिक्री के लिए उपलब्ध कराने वाले राजा भोई और नीरज पटेल फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।