कोरबा: तेज बारिश और हवा ने बिगाड़ी बिजली व्यवस्था, 100 गांव 24 घंटे से अंधेरे में….

सुशील जयसवाल

 

कोरबी-चोटिया। क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश और हवाओं के चलते बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। 33 केवी बिझरा-जटगा मार्ग पर राजग्वालिन जंगल के पास पेड़ गिरने से 33 केवी विद्युत लाइन के खंभे में लगे इंसुलेटर, डिस्क, एक्सटेंशन फिटिंग और वी-क्रॉस आर्म टूट गए। वहीं बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से अधिक समय से विद्युत आपूर्ति प्रभावित है।

बिजली लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण जटगा सब स्टेशन से निकलने वाले सभी फीडरों के साथ ही कोरबी सब स्टेशन से संचालित सभी फीडर प्रभावित हुए हैं। इसके चलते क्षेत्र के करीब 100 गांवों में अंधेरा छाया हुआ है। लगातार बिजली बंद रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

बारिश और तेज हवाओं के बीच बिजली गुल होने से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, मोबाइल चार्जिंग, घरेलू कामकाज सहित अन्य आवश्यक सेवाएं प्रभावित हुई हैं। वहीं विद्यार्थियों और छोटे व्यवसायियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

 

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से क्षतिग्रस्त 33 केवी लाइन की जल्द से जल्द मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। लगातार खराब मौसम के बीच विद्युत विभाग के सामने लाइन को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करना चुनौती बना हुआ है। अब ग्रामीणों की नजर विद्युत विभाग की मरम्मत टीम पर है कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था कब तक सामान्य हो पाती है।