✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को सिहावा पुलिस ने गरियाबंद जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 92/2023 दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी राकेश उर्फ बैराग्य मरकाम (26), निवासी भालूपानी, थाना शोभा, जिला गरियाबंद के विरुद्ध अपराध दर्ज होने के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। फरारी के चलते पुलिस ने न्यायालय में फरारी चालान प्रस्तुत किया था, जिसके बाद 13 सितंबर 2023 को न्यायालय द्वारा आरोपी के खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया।
स्थायी वारंटियों की तलाश के दौरान सिहावा पुलिस लगातार आरोपी के संभावित ठिकानों पर नजर रख रही थी। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गरियाबंद जिले में मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम तत्काल गरियाबंद रवाना हुई और योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से प्राप्त जेल वारंट के आधार पर उसे जिला जेल धमतरी दाखिल कराया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 92/2023 के तहत धारा 363, 366, 376(2)(द) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत प्रकरण दर्ज है। कार्रवाई में थाना प्रभारी सिहावा निरीक्षक चक्रधर बाघ, सउनि दुलाल नाथ, आरक्षक हरीश कावड़े और वाहन चालक आरक्षक हेमलाल ध्रुव का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों एवं स्थायी वारंटियों की धरपकड़ का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
