सुशील जयसवाल
कोरबा/रानीअटारी, 25 सितंबर। खदान प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में आकाशीय बिजली से होने वाली जनहानि और मवेशियों की मौत की घटनाओं को देखते हुए गांवों में तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) लगाने की मांग उठी है। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 10 (पसान) की सदस्य शांतिबाई मरावी ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) मद से तड़ित चालक स्थापित कराने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 10 के अंतर्गत SECL की रानीअटारी और विजय वेस्ट खदानें संचालित हैं। इन खदानों से प्रभावित बीजाडांड़, पुटीपखना, सिरी, अडसरा, कुकरीबहरा, जलके, सिरकी, तनेरा, सरमा और कोरबी सहित कई वनांचल गांवों में बारिश और मौसम परिवर्तन के दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहता है।
क्षेत्र में बिजली गिरने की घटनाओं से ग्रामीणों के साथ मवेशियों के प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक प्रभावित गांव में तड़ित चालक लगाए जाने की आवश्यकता बताई गई है।
जिला पंचायत सदस्य ने कलेक्टर से जनहित को ध्यान में रखते हुए DMF मद से तड़ित चालकों की स्थापना के लिए जल्द स्वीकृति प्रदान करने और आवश्यक कार्रवाई शुरू कराने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि समय रहते सुरक्षा उपाय किए जाने से आकाशीय बिजली से होने वाली संभावित जन-धन की क्षति को कम किया जा सकता है।
