✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम दर्राभाठा में घर का ताला तोड़कर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त को सनत कुमार रात्रे काम पर गए थे, जबकि उनकी पत्नी घर में ताला लगाकर खेत गई थीं। दोपहर करीब 11.45 बजे घर लौटने पर दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर आलमारी से सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपये नकद गायब थे।
शिकायत के बाद जांच में संदेह के आधार पर दिनेश सोनवानी (31), निवासी दर्राभाठा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया और जेवर अपनी सहयोगी सनिता कौसले (37), निवासी बिलासपुर के पास छिपाने की जानकारी दी।
आरोपियों की निशानदेही पर 7.66 ग्राम सोने के जेवर और 361 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
