जर्जर सड़क की मरम्मत को लेकर गोंगपा का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

सुशील जयसवाल

 

 

7 दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो 10 सितंबर को जटगा चौक पर चक्काजाम की चेतावनी

पोड़ी-उपरोड़ा/कोरबा। जटगा क्षेत्र की जर्जर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) और क्षेत्रवासियों ने सोमवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोड़ी-उपरोड़ा को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराते हुए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार जटगा से घुमानीडांड, मतीन, बेतलो, सासिन, बासिन, सेंदूरगढ़ और पूरीपखना को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क लंबे समय से बदहाल है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण मार्ग पर आवागमन बेहद कठिन हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब दो माह से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित है।

सड़क की बदहाली का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, मरीजों और दोपहिया वाहन चालकों पर पड़ रहा है। एंबुलेंस के आवागमन में भी परेशानी होने से गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में दिक्कतें आ रही हैं। वहीं, गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है।

ज्ञापन के माध्यम से गोंगपा और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ तो 10 सितंबर 2026 को जटगा चौक पर धरना-प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क की समस्या का तत्काल समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।