ब्रेकिंग: पति ने पत्नी और दो बच्चों को मारा, खुदकुशी की कोशिश में घायल…..

✍️ भागीरथी यादव

 

 

रायपुर। राजधानी रायपुर के डुमरतराई स्थित साहू पारा में देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। चरित्र पर शंका को लेकर हुए विवाद के बाद एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में पत्नी समेत दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर जान देने का प्रयास किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

मामला माना थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, बालोद निवासी भुनेश्वर साहू डुमरतराई के साहू पारा में किराए के मकान में रह रहा था। देर रात किसी बात को लेकर उसका पत्नी खिलेश्वरी साहू से विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने अपने दो बच्चों आशीष साहू (10) और ज्ञान साहू (8) पर भी चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मारकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर उपचार के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद पत्नी और दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा भेज दिया है। घटनास्थल को सील कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद के वास्तविक कारणों सहित वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।