✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर/कोटा। कोटा थाना क्षेत्र में चरित्र शंका को लेकर हुई युवक की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने पहले युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डाला, फिर उसकी बेरहमी से पिटाई कर सिर पर बड़े पत्थर से वार कर मौत के घाट उतार दिया था।
पुलिस के अनुसार 4 जून 2026 की शाम रेलिया जयरामनगर निवासी आलोक सिंह अपने साथी यशु पोर्ते और निखिल गोस्वामी के साथ होटल फोर सीजन के आगे कच्चे मार्ग पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों में सवार चार युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने निखिल गोस्वामी को घेर लिया। मुख्य आरोपी दीपक दास उर्फ भोला ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया, जिसके बाद सभी ने मिलकर उसकी पिटाई शुरू कर दी।
घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचने पर निखिल गोस्वामी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके सिर को बड़े पत्थर से कुचल दिया गया था और अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में थाना कोटा में धारा 103(1) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही।
लगातार प्रयासों के बाद 11 जून को पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक दास उर्फ भोला दास मानिकपुरी (26), निखिल राव उर्फ निक्कू (24), करण दास मानिकपुरी (24) तथा कुश साहू उर्फ बुतरू (26) शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चरित्र शंका के चलते हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, मनमोहन कोसले तथा एसीसीयू बिलासपुर की विशेष भूमिका रही।
कोटा पुलिस की इस कार्रवाई से हत्या जैसे गंभीर अपराध में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाने में बड़ी सफलता मिली है।
