पिस्टल तानकर हिस्ट्रीशीटर को दबोचा

✍️ भागीरथी यादव

 

 

ओडिशा पुलिस ने सिविल ड्रेस में घेरकर टुन्ना महाजन को पकड़ा, चोरी-डकैती और पुलिस पर फायरिंग के मामलों में थी तलाश

जगदलपुर। बस्तर के जगदलपुर स्थित नए बस स्टैंड में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ओडिशा पुलिस की टीम ने सिविल ड्रेस में पहुंचकर एक कथित हिस्ट्रीशीटर को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। शराब दुकान के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को चारों ओर से घेर लिया और पिस्टल की नोक पर उसे काबू में कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान टुन्ना महाजन के रूप में बताई गई है।

अचानक पहुंची पुलिस, चारों ओर से घेरकर दबोचा

बताया जा रहा है कि ओडिशा पुलिस को टुन्ना महाजन के जगदलपुर में मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम सादे कपड़ों में नए बस स्टैंड पहुंची। शराब दुकान के नजदीक आरोपी के नजर आते ही पुलिसकर्मियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। अचानक हुई कार्रवाई से आरोपी को संभलने या मौके से भागने का मौका नहीं मिला और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तारी की इस कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पुलिसकर्मी आरोपी को अपने कब्जे में लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा आरोपी को गोली मारने की चेतावनी दिए जाने की आवाज भी सुनाई देती है। सार्वजनिक स्थान पर पिस्टल के साथ हुई कार्रवाई को देखकर वहां मौजूद लोगों में भी कौतूहल और हड़कंप की स्थिति बन गई।

ओडिशा में कई आपराधिक मामलों में तलाश

ओडिशा पुलिस के अनुसार, टुन्ना महाजन के खिलाफ चोरी और डकैती सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर बोरिगुमा पुलिस टीम पर पांच राउंड फायरिंग करने का भी आरोप बताया जा रहा है। इसी मामले सहित अन्य प्रकरणों में पुलिस को उसकी तलाश थी। आरोपी के बस्तर में होने की जानकारी मिलने के बाद ओडिशा पुलिस ने जगदलपुर पहुंचकर कार्रवाई की।

बस्तर के मंदिरों में चोरी की वारदातों से भी जुड़ रहे तार

जांच के दौरान आरोपी का कनेक्शन बस्तर क्षेत्र में हुई कुछ चोरी की घटनाओं से भी जोड़े जाने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, गिरोला मंदिर समेत अन्य मंदिरों में हुई चोरी के मामलों में भी उसकी कथित भूमिका की जांच की जा रही है। हालांकि इन मामलों में उसकी संलिप्तता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

कंट्री मेड पिस्टल और सोना मिलने का दावा

ओडिशा पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से एक कंट्री मेड पिस्टल और चोरी का सोना बरामद किए जाने की जानकारी दी है। बरामद सामग्री कहां से हासिल की गई और इसका किन मामलों से संबंध है, इसे लेकर पुलिस पूछताछ और जांच कर रही है।

फिलहाल ओडिशा पुलिस आरोपी टुन्ना महाजन को अपने साथ ले गई है। अब ओडिशा में दर्ज आपराधिक मामलों के साथ ही बस्तर क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों में उसकी कथित भूमिका को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।